सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटा दिया। सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने सफदरंजग अस्पताल में भर्ती करवाया है। जंतर मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन का आज 21वांं दिन था।
सफदरजंग अस्पताल का कहना है कि सोनम वांगचुक लंबे समय तक उपवास और डिहाइड्रेशन की वजह से वे कमजोर हो गए हैं। उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनके शरीर के पैरामीटर्स को सामान्य करने के लिए लगातार निगरानी और इलाज की जरूरत है। इस बीच अन्ना हजारे ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वो सोनम वांगचुक से बात करे।
अभिजीत दीपके ने शुरू किया अनशन
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की पत्नी ने क्या कहा? । कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत? । अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही
Sonam Wangchuk Live Updates: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटा दिया है।
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बांबा ने कहा, "वे आज सुबह 7:30 बजे से हमारे अस्पताल में भर्ती हैं। वे अभी भी उपवास पर हैं। उनके जरूरी पैरामीटर जैसे ब्लड प्रेशर, पल्स रेट और ऑक्सीजन सैचुरेशन स्थिर हैं। वे पूरी तरह होश में हैं और उन्हें सब पता है। लेकिन उनमें डिहाइड्रेशन के लक्षण जरूर दिख रहे हैं। उन्हें इलाज की जरूरत है। लेकिन हमारी काउंसलिंग के बावजूद, वे इलाज कराने से मना कर रहे हैं। वे न तो ओरल रिहाइड्रेशन फ़्लूइड, न ही इलेक्ट्रोलाइट सॉल्यूशन और न ही IV थेरेपी ले रहे हैं। हाई कोर्ट के आदेशों को ध्यान में रखते हुए, एम्स में इमरजेंसी मेडिसिन के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अक्षय कुमार भी हमारी टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने मरीज की जांच की है और उनकी मेडिकल हिस्ट्री ली है। उन्होंने अपनी एक्सपर्ट राय दी है जो हमारी राय से मेल खाती है। हम सोनम वांगचुक पर लगातार नजर रख रहे हैं। हम उन्हें लगातार हमसे फ़्लूइड थेरेपी या ORS लेने के लिए भी समझा रहे हैं। लेकिन वे इसे नहीं ले रहे हैं।"
हम लगातार उन पर नजर रखे हुए हैं- AIIMS दिल्ली के डॉक्टर
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत पर AIIMS दिल्ली में इमरजेंसी मेडिसिन के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अक्षय कुमार ने कहा, "मैंने सोनम वांगचुक को देखा और उनकी जांच की। उनके सभी जरूरी पैरामीटर - जैसे ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन और पल्स रेट - नॉर्मल हैं। वे पूरी तरह होश में हैं और ठीक से बात कर पा रहे हैं। हम लगातार उन पर नजर रखे हुए हैं। हम उनसे बात करने की भी कोशिश कर रहे हैं ताकि वे IV फ़्लूइड और IV इलेक्ट्रोलाइट्स लें। हम उनके लिए जो भी सबसे अच्छा हो सकता है, वह कर रहे हैं और पूरी कोशिश कर रहे हैं कि वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।"
सोनम वांगचुक से बात करे केंद्र सरकार- अन्ना हजारे
दिल्ली के रामलीला मैदान और जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर चुके सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वो सोनम वांगचुक से बात करे।
दिल्ली पुलिस ने हमें सोनम वांगचुक से मिलने नहीं दिया- सीपीआई एम सांसद
CPI(M) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा, "इस देश में एक तरह से मार्शल लॉ जैसा माहौल है। अस्पतालों पर दिल्ली पुलिस का कब्ज़ा हो गया है। अगर आप अंदर जाएँगे, तो देखेंगे कि सफदरजंग अस्पताल में दिल्ली पुलिस हर तरफ फैली हुई है। हमने डायरेक्टर से बात की थी, जिन्होंने हमें सोनम वांगचुक से मिलने की इजाजत इस शर्त पर दी थी कि हम न तो फिल्मिंग करेंगे और न ही किसी और को अपने साथ ले जाएँगे। हम सबने नेक नीयती से इसे मान लिया था। लेकिन डायरेक्टर की इजाजत के बावजूद, दिल्ली पुलिस ने हमें सोनम वांगचुक से मिलने नहीं दिया।"
सोनम वांगचुक का सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट
सफदरजंग अस्पताल की ओर से एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी दी गई। पत्र में कहा गया कि दिल्ली पुलिस उन्हें 18 जुलाई को सुबह 7:40 बजे VMMC और सफदरजंग अस्पताल ले आई, जहाँ उन्हें भर्ती किया गया। उन्हें 20 दिनों तक ठोस भोजन न करने (उपवास) और सामान्य कमजोरी की स्थिति में भर्ती कराया गया था। उन्हें बेहोश होने की कोई समस्या नहीं रही है। भर्ती होने के समय, वे होश में थे और उनकी पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन सैचुरेशन स्थिर थे। उनमें डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के लक्षण दिखे। ब्लड गैस एनालिसिस से पता चला कि उन्हें 'कम्पन्सेटेड एसिडोसिस' है, सीरम पोटैशियम का स्तर कम है और ब्लड शुगर 78 mg/dl है। दोबारा जांच में भी सीरम पोटैशियम का स्तर वैसा ही पाया गया। भर्ती होने के समय यूरिनरी कीटोन 1+ थे, जो दोपहर 1:00 बजे तक बढ़कर 3+ हो गए। हालांकि उन्हें इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड देने की सलाह दी गई थी, लेकिन मरीज ने किसी भी तरह के इंट्रावेनस फ्लूइड, ओरल रिहाइड्रेशन फ्लूइड या कोई अन्य दवा लेने से इनकार कर दिया है। उनकी सेहत के लिए सबसे बेहतर इलाज के मकसद से लगातार उनकी निगरानी और काउंसलिंग की जा रही है।
सोनम वांगचुक सर कोई आम व्यक्ति नहीं हैं- अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के पिता ने कहा, "उनका विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था और सोनम वांगचुक सर कोई आम व्यक्ति नहीं हैं; वे एक जाने-माने वैज्ञानिक हैं और लोगों पर उनका काफी प्रभाव है। मेरा बेटा, अभिजीत दिपके, भी उनके साथ काम कर रहा था। उनका विरोध पूरी तरह से लोकतांत्रिक तरीके से और शांतिपूर्ण ढंग से किया जा रहा था। अब तक वहां ऐसी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी जिससे कानून-व्यवस्था की कोई समस्या या कोई परेशानी पैदा हो सकती थी।"
हर बच्चे को शिक्षा और बराबरी का मौका मिलना चाहिए- मनु भाकर
एग्जाम पेपर लीक होने के आरोपों को लेकर विरोध कर रहे छात्रों पर प्रतिक्रिया देते हुए, ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा और बराबरी का मौका मिलना चाहिए।
ओलंपियन मनु भाकर का कहना है कि यह उन मुद्दों के लिए आवाज उठाने के बारे में है जो सच में मायने रखते हैं -- जैसे शिक्षा, पर्यावरण, सुरक्षा और जवाबदेही।
देश के युवाओं में बगावत भड़क चुकी है- नाना पटोले
कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने कहा- एक कहावत है कि जब भी पीएम मोदी डरते हैं, तो वे पुलिस बल का इस्तेमाल करते हैं। कल दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को बदल दिया गया और नए कमिश्नर का पहला काम सोनम वांगचुक को विरोध स्थल से जबरदस्ती हटाना था।
उन्होंने कहा कि अगर सोनम वांगचुक को सच में अस्पताल ले जाने की जरूरत थी, तो उनके साथ बदसलूकी क्यों की गई और उन्हें स्ट्रेचर क्यों नहीं दिया गया? देश भर के युवा मोदी सरकार का विरोध कर रहे हैं। इससे वे डर गए और उन्होंने सोनम वांगचुक और अभिजीत दिपके को जंतर-मंतर से दूर करने का कदम उठाया। देश के युवाओं में बगावत की आग भड़क चुकी है और वे अब मोदी सरकार को हटाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
CJP ने अभी तक नहीं ली संसद मार्च की इजाजत- दिल्ली पुलिस
न्यूज एजेंसी ANI ने दिल्ली पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने अभी तक संसद मार्च की इजाजत नहीं ली है।
Sonam Wangchuk News LIVE: अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही
अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंकी है। स्याही फेंकने वाली महिला को प्रदर्शनकारियों ने पकड़ लिया है।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
देखिए वीडियो
Sonam Wangchuk News LIVE: दूसरी लैब में टेस्ट करवाने चाहते हैं- गीतांजलि
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने कहा कि अभी कोई इलाज नहीं चल रहा है। सिर्फ निगरानी और टेस्ट हो रहे हैं, और हम असल में किसी बाहरी लैब से टेस्ट करवाने वाले हैं। क्योंकि वे हमारी मांगी गई रिपोर्ट नहीं दे रहे हैं, और वे जो आंकड़े बता रहे हैं - जैसे पोटैशियम का लेवल 2.9 तक पहुंचना - वे सही नहीं लग रहे। कल यह 4.3 था, तो आज यह इतना बदल नहीं सकता था। हम कोई भी दवा देने से पहले किसी दूसरी लैब से इसकी पुष्टि करना चाहते हैं।
Sonam Wangchuk News LIVE: पुलिस का एक्शन हाई कोर्ट के मुताबिक नहीं- गीतांजलि
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने मीडिया से कहा कि हाई कोर्ट के आदेश में कभी भी अस्पताल में भर्ती करने के लिए नहीं कहा गया था। उसमें बस यह कहा गया था कि किसी व्यक्ति की सेहत सबसे जरूरी है और समय-समय पर उसकी निगरानी होनी चाहिए; अस्पताल में भर्ती करने का आदेश नहीं दिया गया था। इसलिए, यह हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक नहीं है।
Sonam Wangchuk News LIVE: सोनम वांगचुक का अनशन जारी है- पत्नी गीतांजलि
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने बताया कि वह अभी भी उपवास पर हैं, उपवास जारी है क्योंकि वह कोई चीनी नहीं ले रहे हैं। वह सिर्फ नमक वाला पानी पी रहे हैं जो वह पहले भी पी रहे थे...
जंतर मंतर पर जो हुआ, वह संविधान पर काला धब्बा- खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा-
111 दिन तक मां गंगा को बचाने के लिए आमरण अनशन पर बैठे प्रो॰ जी डी अग्रवाल हों या हरियाणा की ओलिंपिक रेसलर हों,
हमारे 750 अन्नदाता किसान हों, दलित-आदिवासी हों, या फ़िर पेपर लीक की बलि चढ़े 25 बच्चे और उनके परिजन,
इस तानाशाह सरकार ने किसी को नहीं बख़्शा…
इनकी नज़र में कोई भी अगर आवाज़ उठाता है तो वह "Anti-National" है, "परजीवी" है !
जंतर-मंतर पर आज जो हुआ वह लोकतंत्र और संविधान के ऊपर एक और काला धब्बा है।
कोटा और देहरादून से "छात्रों की गूँज" का आगाज़ हो चुका है…दिल्ली की दहलीज़ तक ज़रूर पहुँचेगी
अमेरिका के मानवाधिकार संगठनों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में एकजुटता दिखाई
अमेरिका स्थित मानवाधिकार संगठनों के कार्यकर्ता राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में नयी दिल्ली में भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के प्रति एकजुटता जताने के लिए इकट्ठा हुए।
'हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स' और 'आजादी प्रोजेक्ट' के कार्यकर्ता शुक्रवार शाम वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के निकट महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए। उन्होंने अपने हाथों में वांगचुक के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां ली हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
Sonam Wangchuk News LIVE: जब-जब किसी ने इतना अहंकार किया है, उस आदमी का नाश हुआ है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो जारी कर कहा- आज सुबह जब मैं उठा, तो मुझे पता चला कि सोनम वांगचुक को बहुत गलत तरीके से हटाया गया है। उनकी भूख हड़ताल को तोड़ने की कोशिशें की गईं। गांधीजी ने भी लंबे समय तक उपवास किए थे, लेकिन अंग्रेजों ने भी उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं किया था।
मैं मोदी जी से पूछना चाहता हूं: ये युवा क्या मांग रहे हैं? वे हमारे देश के बच्चे हैं। उनके साथ ऐसा बर्ताव करना सही नहीं है। वे बस एक अच्छी शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। वे पेपर लीक को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। वे एक मजबूत परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं। इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय, सरकार का पूरा ध्यान इस बात पर है कि उनके आंदोलन को कैसे विफल किया जाए, उसे कैसे बदनाम किया जाए और उसे कैसे अपमानित किया जाए।
Sonam Wangchuk News LIVE: वांगचुक को हटाने के लिए दिल्ली पुलिस का तीस सेकेंड वाला प्लान
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने अपने जवानों को सुबह तीन बजे बुलाया था। उन्हें मानसून सत्र से पहले सिक्योरिटी ड्रिल की जानकारी दी गई थी। इन सभी जवानों को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उन्हें बताया गया कि जंतर मंतर से तीस सेकेंड के अंदर सोनम वांगचुक को हटाना है। उन्हें हटाने से पहले इलाके में फोन जैमर लगाया गया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे स्टेज के चारों तरफ सफेद चादर लगाकर वांगचुक को हटा दिया गया।
Sonam Wangchuk News LIVE: अरविंद केजरीवाल बोेले- इतना अहंकार ठीक नहीं
अरविंद केजरीवाल ने X पर पोस्ट कर कहा कि इतना अहंकार ठीक नहीं है। उन्हें जबरन उठाने की बजाय, मोदी सरकार को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। कॉकरोच आंदोलन को कुचलने की बजाय, देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था सुधारो। सोनम वांगचुक के साथ ज़बरदस्ती मोदी सरकार की हार है।
दिल्ली पुलिस ने सरकारी गुंडों की तरह काम किया- सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- मैं तो उन्हें पुलिस भी नहीं कहूंगा। मैं उन्हें सरकार के गुंडे कहूंगा। वे सादे कपड़ों में आए और दावा किया कि वे डॉक्टर हैं जो सोनम वांगचुक की सेहत की जांच करने आए हैं। फिर वे जबरदस्ती अंदर घुस गए। वे इस तरह आए कि कोई कैमरा यह रिकॉर्ड न कर सके कि उन्होंने सोनम वांगचुक के साथ क्या किया, कैसे उनके साथ बुरा बर्ताव किया और कैसे उन्हें जबरदस्ती उठा ले गए।
अभिजीत दीपके ने जंतर मंतर पर सीजेपी के मंच से लोगों से अपील की कि वो देश के हर जिले में प्रदर्शन करें। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, AISA के तीन कार्यकर्ता नेहा, अमीन और मनीष की तबीयत बिगड़ गई है।
Abhijeet Dipke News LIVE: मंच पर रोते नजर आए अभिजीत दीपके
सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से हटाए जाने के बाद अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल का ऐलान किया है। इस ऐलान के कुछ देर बाद वह मंच पर फूट-फूटकर रोते नजर आए।
Sonam Wangchuk News LIVE: सोनम वांगचुक को हटाना गलत, संवाद करना चाहिए था- सचिन पायलट
राजस्थान कांग्रेस के नेता सचिन पायलट ने कहा कि यह सरकार की पूरी तरह से गलत नीति है। सोनम वांगचुक जी लगभग 20 दिनों से अनशन पर हैं; वे हमारे युवाओं के भविष्य और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे जैसे अहम मुद्दों के लिए खाना-पीना छोड़कर विरोध कर रहे हैं। फिर भी, सरकार ने न तो कोई बातचीत की, न ही कोई चर्चा शुरू की और न ही इस मामले पर कोई ध्यान दिया। अब, जब इसका असर पूरे देश में दिख रहा है और जनता का दबाव बढ़ रहा है, तो सरकार सिर्फ अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए उन्हें जबरदस्ती अस्पताल ले जा रही है। सरकार के लिए बेहतर होता कि वह बातचीत शुरू करती और उनकी मांगें मान लेती।
Sonam Wangchuk News LIVE: पूरा देश भारत में लोकतंत्र की मौत देख रहा- पुष्पेंद्र सरोज
सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि सरकार किसी को उसकी मर्जी के बिना अस्पताल कैसे ले जा सकती है? हम सभी ने सोनम वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने का अनुरोध किया था, लेकिन वह 20 जुलाई तक अनशन जारी रखने और विरोध मार्च का नेतृत्व करने पर अड़े हुए थे। उन्हें जबरदस्ती बैरिकेड्स के ऊपर से ले जाकर अस्पताल पहुंचाया गया, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। यह किस तरह का लोकतंत्र है? पूरा देश भारत में लोकतंत्र की मौत देख रहा है, और इससे आंदोलन और मजबूत ही होगा।
Sonam Wangchuk News LIVE: सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज जंतर मंतर पहुंचे
सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से हटाए जाने के बाद सपा के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा - 90 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। लोग यहां उन 20 छात्रों के लिए न्याय की मांग करते हुए विरोध कर रहे हैं, जिन्होंने इस साल NEET एग्जाम के पेपर लीक होने की वजह से अपनी जान दे दी। फिर भी, कोई जवाबदेही या इस्तीफा नहीं है। इसके बजाय, सरकार ने प्रदर्शनकारियों को आतंकवादी और प्लांट किए गए एजेंट करार दिया है।
Sonam Wangchuk News LIVE: अभिजीत दीपके ने शुरू की भूख हड़ताल
सोनम वांगचुक को जंतर मंंतर से हटाए जाने के बाद अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से जंतर मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले से तय शेड्यूल के अनुसार वह 20 जुला को संसद मार्च करेंगे।
Sonam Wangchuk News LIVE: जंतर मंतर पहुंचे AISF और SFI के कार्यकर्ता
सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से हटाए जाने के बाद वाम दलों से जुड़े छात्र संगठन AISF और SFI के कार्यकर्ता जंतर मंतर पहुंच गए हैं।
Sonam Wangchuk News LIVE: कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत?
सफदरजंग अस्पताल ने बताया कि सोनम वांगचुक को जरूरी इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लंबे समय तक उपवास और डिहाइड्रेशन की वजह से वे कमजोर हो गए हैं। हालांकि अभी उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनके शरीर के पैरामीटर्स को सामान्य करने के लिए लगातार निगरानी और इलाज की जरूरत है।
मेरी मंजूरी के बिना कोई इलाज शुरू नहीं होना चाहिए- गीतांजलि अंग्मो
सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इस बात की जानकारी उनकी पत्नी गीतांजलि अंग्मो ने दी है। गीतांजलि जे आंग्मो का कहना है कि मेरी और मेरे डॉक्टर की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई दवा नहीं दी जानी चाहिए।
गीतांजलि अंग्मो ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “वह सफदरजंग अस्पताल में हैं। मैंने उन्हें मेरी मंजूरी के बिना कुछ भी देने से मना किया है। मेरी मंजूरी के बिना कोई इलाज शुरू नहीं होना चाहिए। अगर कुछ भी होता है, तो मैं सभी को जिम्मेदार ठहराऊंगी।” सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि शुक्रवार को वांगचुक ठीक लग रहे थे।
अंग्मो ने कहा, “कल वह ठीक थे। उन्हें अस्पताल लाने की कोई जरूरत नहीं थी। आर्टिकल 32 के तहत यह मेरा अधिकार है। मेरी और मेरे डॉक्टर की मंजूरी के बिना कुछ भी नहीं दिया जा सकता।”
Sonam Wangchuk Live Updates: यहां जानिए जंतर मंतर पर क्या चल रहा है?
Sonam Wangchuk Live Updates: लोकतंत्र को किस तरह बेशर्मी से जबरदस्ती तोड़ा जा रहा है- शिवसेना यूबीटी के आदित्य ठाकरे
Sonam Wangchuk Live Updates: शिवसेना यूबीटी के आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, दुनिया देख रही है कि भारत में लोकतंत्र को किस तरह बेशर्मी से जबरदस्ती तोड़ा जा रहा है। अब एक अयोग्य मंत्री के खिलाफ छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन भी बर्दाश्त नहीं किए जाते।
Sonam Wangchuk Live Updates: सोनम वांगचुक एक वीडियो के जरिए कहा था, ”मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक ज़िंदा रहूंगा ताकि मैं आप सबके साथ संसद तक मार्च कर सकूं। और अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा तो फिर मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।”
