प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी पर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने कहा है कि जम्मू कश्मीर के लोग तीन परिवारों से थक चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह दोबारा वही व्यवस्था नहीं चाहते, जिसमें भ्रष्टाचार और नौकरियों में भेदभाव हो। वहीं हरियाणा में बीजेपी ने अपने चुनाव प्रचार को लेकर कैंपेन तेज कर दिया है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर आज कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें मुफ्त की चीजें देने को लेकर कई बड़े ऐलान किया है। वहीं आज कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि वो कांग्रेस को वापस लाएंगे और बीजेपी की हालत ये है कि वो दोहरे अंक तक पहुंच पाएगी। अगले 4-5 दिन में ऐसी स्थिति बन सकती है कि बीजेपी को हरियाणा में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। जिस तरह से बीजेपी सरकार ने जवानों, किसानों और पहलवानों के साथ व्यवहार किया है, उसे हरियाणा की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
आज की ताजा खबर LIVE: आज कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करने के बाद हरियाणा कांग्रेस पार्टी प्रमुख उदयभान ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला और कहा कि हमने 2005 और 2009 में जो घोषणापत्र जारी किए थे, उन्हें लागू किया। जनता हमारी घोषणाओं पर विश्वास करती है। उन्हें बीजेपी की घोषणाओं पर विश्वास नहीं है. वे चुनावी जुमले हैं। हमें बताया जाना चाहिए कि 2 लाख सरकारी पद क्यों खाली हैं? नियमित भर्ती क्यों नहीं हो रही है?
हरियाणा विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ''हमारी गारंटी बहुत लोकप्रिय हो रही है। उनका खूब प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लोग चाहते हैं कि कांग्रेस जीते। हरियाणा की जनता 10 साल से परेशान है, चाहे किसान हों, पहलवान हों या जवान हों। सभी ने परिवर्तन लाने का मन बना लिया है।"
हरियाणा विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ”हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि वो कांग्रेस को वापस लाएंगे और बीजेपी की हालत ये है कि वो दोहरे अंक तक पहुंच पाएगी।"
पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस वो पार्टी है, जिसने हमारी फौज से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। कांग्रेस वो पार्टी है, जो आज भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलती है। क्या आप ऐसी कांग्रेस को माफ़ कर सकते हैं? देश के लिए मर-मिटने वालों का कांग्रेस कभी सम्मान नहीं कर सकती।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''जम्मू-कश्मीर के लोग 3 परिवारों, कांग्रेस, एनसी और पीडीपी से थक चुके हैं। वे दोबारा वही व्यवस्था नहीं चाहते जिसमें भ्रष्टाचार और नौकरियों में भेदभाव हो। कश्मीर अब आतंकवाद, अलगाववाद और रक्तपात नहीं चाहता है। यहां के लोग शांति चाहते हैं, यहां के लोग अपने बच्चों के लिए बेहतर भविष्य चाहते हैं और यही कारण है कि जम्मू-कश्मीर के लोग भाजपा सरकार चाहते हैं।''
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी देते हुए शुक्रवार को कहा कि देश में हिंसा भड़काने के किसी भी प्रयास से उनका (आतंकवादियों) खात्मा हो जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों से कहना चाहता हूं कि यदि वे देश में कहीं भी आतंकवाद फैलाने की कोशिश करेंगे तो उनका खात्मा कर दिया जायेगा.. यह नया भारत है, जो आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा बल्कि उसे कुचल देगा और दफना देगा।’’ योगी ने उधमपुर जिले के रामनगर इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज भारत की आतंकवाद के प्रति कतई सहन नहीं करने (जीरो टॉलरेंस) की नीति है। यदि पाकिस्तान के समर्थन से कोई भी जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके पास न तो ओढ़ने के लिए कफन होगा और न ही दफनाने के लिए दो गज जमीन होगी।’’
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की टक्कर के बाद दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उप निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि रिंग रोड पर खेतापुरा के पास बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की टक्कर हो गयी । उन्होंने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार घासी महावर (35) और उसके छोटे भाई मुकेश (34) की मौके पर ही मौत हो गई।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति वास्तव में समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकास का पर्याय है, लेकिन वर्तमान समय में इसका मतलब केवल सत्ता की राजनीति है। गडकरी राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति में विचारों में मतभेद की समस्या नहीं, बल्कि विचारों की कमी की समस्या है। राजनीति का अर्थ है ‘समाजकरण (समाज सेवा), राष्ट्रकरण (राष्ट्र निर्माण) और विकासकरण (विकास)’। लेकिन अब राजनीति की परिभाषा बदलकर ‘सत्ताकरण (सत्ता की राजनीति)’ ही रह गई है।’’
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारीक हमीद कर्रा ने उत्तर कश्मीर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘प्रयोगात्मक नीतियों’ की रणभूमि करार देते हुए शुक्रवार को क्षेत्र के लोगों से विधानसभा चुनावों के अंतिम चरण में सोच-समझकर मतदान करने का आग्रह किया। भाजपा की ‘प्रयोगात्मक नीतियों’ से विभाजन और अस्थिरता का खतरा होने का दावा करते हुए कर्रा ने उत्तरी कश्मीर के मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और पिछले चुनावों में भाजपा के एजेंडे को क्षेत्र के लोगों द्वारा अस्वीकार किये जाने की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, “यह जरूरी है कि उत्तरी कश्मीर इन विभाजनकारी ताकतों और मौजूदा सरकार द्वारा किए गए विकास के भ्रामक दावों के खिलाफ एकजुट हो, जिसने क्षेत्र की प्रगति में बाधा ही डाली है।” कर्रा ने एक सभा को संबोधित करते हुए इन चुनावों के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि ये अगली सदी के लिए जम्मू-कश्मीर के भविष्य को आकार देंगे। उन्होंने कहा, “पूरा क्षेत्र नेतृत्व के लिए उत्तरी कश्मीर की ओर देख रहा है।”
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: GRP ने प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से दो झोलों में रखे गये 10 कछुए बरामद कर उनकी तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जीआरपी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) अभिषेक यादव ने बताया कि रेलवे पुलिस के कर्मी बृहस्पतिवार को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिनसे पूछताछ पर उनके पास से दो झोले में से 10 कछुए बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान पदेश के अमेठी के रहने वाले गुड्डू कंजड़ एवं आकाश कंजड़ के रूप में हुई है। इन्हें गिरफ्तार कर वन दारोगा शिवदत्त और कपिलदेव को सौंप दिया गया।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने 2030 तक वस्त्र क्षेत्र में 4.5-6 करोड़ रोजगार सृजित करने के लिए खाका तैयार किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के बाजार का आकार इस समय 165 अरब डॉलर से बढ़ाकर 350 अरब डॉलर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कपड़ा मंत्रालय के 100 दिवसीय कार्यक्रम पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ''हमने जो 100 दिवसीय मसौदा तैयार किया है, उसमें आगे चलकर वस्त्र क्षेत्र में लाखों करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना शामिल है। हमने 2030 तक 4.5 करोड़ से छह करोड़ रोजगार सृजित करने के लिए मसौदा तैयार किया है।''
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया है कि वे ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रहे जोरहाट-माजुली पुल के काम में हस्तक्षेप करें ताकि पुल का निर्माण पूरा हो सके। इस पुल का निर्माण इस महीने की शुरुआत से रुका हुआ है। बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार के संज्ञान में आया है कि पांच सितंबर से निर्माण कार्य ठप पड़ा है और यह गंभीर चिंता का विषय है। यह पत्र शुक्रवार को मीडिया को उपलब्ध कराया गया। शर्मा ने कहा, "चूंकि शुष्क मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए यह अवधि ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है और इस स्तर पर किसी भी देरी से कार्य दिवसों और महत्वपूर्ण समय की भारी हानि हो सकती है तथा इससे लागत तथा समय में महत्वपूर्ण वृद्धि हो सकती है।"
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सुप्रीम कोर्ट ने वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और फसलों के अपशिष्ट को जलाने से रोकने में असफल होने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को शुक्रवार को फटकार लगाई। न्यायमूर्ति ए. एस.ओका और न्यायमूर्ति अगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि वायु गुणवत्ता समिति को और सक्रिय रूप से कार्य करने की जरूरत है। न्यायालय ने कहा कि आयोग को यह सुनिश्चित करने की कोशिश करनी चाहिए कि पराली जलाने के वैकल्पिक उपकरणों का इस्तेमाल जमीनी स्तर पर हो। शीर्ष अदालत ने इसी के साथ प्रदूषण को नियंत्रित करने और पराली जलाने से रोकने के लिए उठाए गए कदमों को लेकर आयोग को बेहतर अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने शुक्रवार को पार्टी के 13 नेताओं को ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधि’’ के आरोप में निष्कासित कर दिया, क्योंकि इन नेताओं ने राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा आधिकारिक तौर पर चुने गए उम्मीदवार के खिलाफ बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: भूपिंदर सिंह हुड्डा ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि हरियाणा के सीएम पद को लेकर कांग्रेस हाई कमान अंतिम फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि जो भी फैसला हाई कमान लेगा वह मुझे मंजूर होगा।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: योगी ने शुक्रवार को रामनगर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- डबल इंजन वाली सरकार की ताकत देखनी है तो उत्तर प्रदेश का उदाहरण देख लीजिए। 500 साल बाद अयोध्या धाम में भव्य मंदिर बना है और उसमें रामलला विराजमान हैं। जो लोग इसमें रोड़ा अटकाते थे, वे कहते थे कि अगर राम मंदिर बना तो खून की नदियां बह जाएंगी। लेकिन ये नया भारत है और अपनी सुरक्षा करना जानता है... पिछले 7.5 साल में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। सभी त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जाते हैं। और डबल इंजन वाली सरकार में विकास देखिए, उस विकास का हक जम्मू-कश्मीर को भी है...
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: एक नाबालिग लड़की के एक युवक के साथ देहरादून रेलवे स्टेशन पर घूमने की सूचना मिलते ही मौके पर दो समुदायों के लोग जमा हो गए और उनके बीच तनाव पैदा हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया जिससे एक बड़ी घटना टल गयी। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात हुई जब उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र का रहने वाला अजय सिंह और उसी क्षेत्र की रहने वाली एक दूसरे समुदाय से संबंधित 16 वर्षीय किशोरी रेलवे स्टेशन पर घूम रहे थे। उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध लगने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उनसे पूछताछ की लेकिन सही जवाब न मिलने पर वह उन्हें अपने कार्यालय ले गए। बाद में लड़की ने अपने परिवार के बारे में जानकारी दी जिसके बाद उनसे संपर्क करने पर पता चला कि वह एक दिन पहले अपने घरवालों को बिना कुछ बताए चली आई है। यह भी पता चला कि लड़की के घरवालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बदायूं थाने में लिखवाई है।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: बिहार में भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को एक छोटे पुल का एक खंभा ढह गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भागलपुर के जिलाधिकारी (डीएम) नवल किशोर चौधरी ने कहा, "पीरपैंती-बाबूपुर इलाके को बाखरपुर रोड से जोड़ने वाली सड़क पर एक छोटे पुल का एक खंभा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे थोड़ा नीचे गिर गया। पूरा पुल नहीं गिरा है... पुल पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञ क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में लगे हुए हैं।’’
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के के लिए लंबित कोष को जल्दी जारी करने की मांग की।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: अमित शाह ने हरियाणा में बीजेपी प्रत्याशियों को लिए आज रेवाड़ी में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेना का हमेशा अपमान करती है। कांग्रेस सरकारें ‘‘कट, कमीशन, भ्रष्टाचार’’ पर चलती थीं। भाजपा ने हरियाणा में समान रूप से विकास किया, पिछले 10 साल में भ्रष्टाचार समाप्त हो गया। कर्नाटक और तेलंगाना में कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदी गईं। हरियाणा में पिछली कांग्रेस सरकार में ‘दलाल’ और ‘डीलर’ रोजगार देते थे।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: इंदौर की एक मशहूर चाट-चौपाटी पर एक युवती के छोटे कपड़ों में घूमने से मचे बवाल के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 56 दुकान चाट-चौपाटी पर हाल ही में कम कपड़ों में घूमती नजर आई युवती पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: MCD स्टैंडिंग कमेटी सदस्य चुनाव पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "MCD के कानून में साफ-साफ लिखा है कि सदन की बैठक बुलाने का अधिकार केवल और केवल मेयर को है, और किसी को नहीं है। उपराज्यपाल या कमिश्नर सदन की बैठक को नहीं बुला सकते और जब सदन होगा तब मेयर उसकी अध्यक्षता करेंगे... कल को तो ये लोग लोकसभा की अध्यक्षता गृह सचिव से करवाएंगे... दूसरा, कानून में लिखा है कि जब भी सदन बुलाया जाएगा उसमें 72 घंटे का समय दिया जाएगा... कुछ न कुछ साजिश की जा रही है... मुझे पता चला है कि मेयर ने कमिश्नर को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने आज के चुनाव को गैर-कानूनी और असंवैधानिक घोषित कर दिया है..."
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: हाथरस अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया, "23 सितंबर को सहपऊ थाना क्षेत्र के डी.एल. पब्लिक स्कूल के छात्रावास में एक छात्र की हत्या कर दी गई थी। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्कूल के प्रबंधक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर कार्रवाई करेगी..."
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को दोपहर एक बजे होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) स्थायी समिति सदस्य के चुनाव को ‘‘असंवैधानिक और अवैध’’ करार दिया और कहा कि चुनाव केवल पांच अक्टूबर को ही होगा। बृहस्पतिवार को पार्षदों की तलाशी को लेकर हुए व्यवधान के बाद महापौर शैली ओबेरॉय ने एमसीडी स्थायी समिति के चुनाव को पांच अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया था। बाद में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने चुनाव स्थगित करने के फैसले को पलट दिया और एमसीडी आयुक्त अश्विनी कुमार को शुक्रवार को दोपहर एक बजे चुनाव कराने का निर्देश दिया।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: मजदूरी दरों में वृद्धि के फैसले पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा, "न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के निर्णय को लेकर मैंने 29 जुलाई को संसद में ये मांग उठाई थी... 300-400 रुपये की जो दैनिक मजदूरी मिलती है उससे जीवन यापन करना आसान नहीं है। इसलिए हमने संसद में 700 रुपये न्यूनतम वेतन दिए जाने की मांग उठाई थी... सरकार ये समझती है कि ये मांग नीचे तक जा रही है और सरकार ने इसमें बदलाव किया है... सरकार ने ये अच्छा कदम उठाया है लेकिन हम तभी सरकार का धन्यवाद करवाएं जब सरकार इसे सख्ती से लागू करवा पाए... तमाम असंरचित निजी क्षेत्रों में भी इसे इसे लागू करवाया जाए। कानून अगर लागू न हो तो उसे बनाने का कोई लाभ नहीं है..."
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुश्किल से दो महीने का वक्त बचा है। लेकिन इसी बीच बीजेपी नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐसा बयान दिया है, जिससे महायुति के अंदर राजनीति गरमा सकती है। लोकसभा चुनावों के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी लोकसभा चुनावों में कमजोर प्रदर्शन के लिए अजित पवार पर ठीकरा फोड़ दिया है।फडणवीस ने कहा कि अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वोट ट्रांसफर नहीं हुए थे। इसलिए महायुति का प्रदर्शन लोकसभा चुनावों में खराब रहा। साथ ही यही भाजपा के खराब प्रर्दशन का मुख्य कारणों में से एक है। फडणवीस का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब महायुति के सहयोगियों के बीच सबकुछ ठीक न चलने की खबरें आ रही हैं। और यह तब है जब महाराष्ट्र चुनाव नवंबर में हो सकते हैं।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: गुजरात के भावनगर जिले में बाढ़ के कारण मार्ग पर फंसी एक बस से तमिलनाडु और पुडुचेरी के 27 तीर्थयात्रियों सहित 29 लोगों को रात भर चले अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी आर. के. मेहता ने बताया कि कोलियाक गांव के पास एक छोटी नदी को पार करने के लिए बने पुल पर बस बृहस्पतिवार शाम को फंस गई थी, हालांकि आठ घंटे तक चले अभियान के बाद सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: भाजपा की पंजाब इकाई ने शुक्रवार को कहा कि सुनील जाखड़ राज्य में पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं और ये अटकलें ‘बिल्कुल बेबुनियाद’ हैं कि उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है। वैसे तो 70 वर्षीय जाखड़ खुद फोनकॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं लेकिन उनके करीबी संजीव त्रिखा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि ऐसा (पद छोड़ देने जैसा) कुछ नहीं है। एक खबर में दावा किया गया था कि जाखड़ ने पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख का पद छोड़ दिया है। प्रदेश भाजपा महासचिव अनिल सरीन ने इसे ‘बिल्कुल बेबुनियाद’ और ‘झूठा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि जाखड़ पार्टी की प्रदेश इकाई की अगुवाई कर रहे हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, "मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं... भाजपा किसी भी तरह का कोई भी दस्तावेज पेश करने के लिए स्वतंत्र है और अब जबकि लोकायुक्त भी इस मामले में शामिल है तो वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं। मीडिया से बात करने के बजाय उन्हें सभी दस्तावेज जांच एजेंसी को दे देने चाहिए, न कि मीडिया में मुकदमा चलाकर मुख्यमंत्री को बिना किसी गलती के दोषी करार करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्हें यह साबित करने दें... FIR दर्ज होगी या नहीं, लोकायुक्त इस पर फैसला लेंगे, वे एक स्वतंत्र निकाय हैं। मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे या नहीं, अगला कदम क्या होगा यह पार्टी तय करेगी। भाजपा इसमें बोलने वाली कौन है?..."