बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब 15 दिन से भी कम का समय रह गया है। हालांकि, एनडीए और महागठबंधन के अलावा अब भी अन्य राज्यों की पार्टियों का चुनावी मैदान में कूदना जारी है। बताया गया है कि इनमें शरद पवार की पार्टी राकांपा भी शामिल है। पहले राकांपा के राजद-कांग्रेस वाले महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की चर्चाएं थीं। हालांकि, दोनों ओर से कोई सकारात्मक चर्चा न होने के बाद अब राकांपा ने अकेले ही बिहार चुनाव लड़ने का फैसला किया है। बता दें कि राकांपा महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ सत्तासीन महाविकास अघाड़ी गठबंधन का हिस्सा है।

दूसरी तरफ चुनाव से ठीक पहले जनता दल यूनाइटेड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में 6 साल के लिए बाहर कर दिया है। पार्टी के तरफ से जारी बयान के मुताबिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने 15 नेताओं की पार्टी सदस्यता रद्द कर दी है।

निष्कासित किए गए नेताओं में डुमरॉंव से विधायक ददन सिंह यादव, पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान, भगवान सिंह, रणविजय सिंह, सुमित कुमार सिंह, कंचन कुमारी गुप्ता, प्रमोद सिंह चंद्रवंशी, अरुण कुमार, तजम्मुल खां, अमरेश चौधरी, शिवशंकर चौधरी, सिंधु पासवान, करतार सिंह, राकेश रंजन, मुंगेरी पासवान का नाम शामिल है।

Bihar Elections 2020 LIVE

 

Live Blog

12:55 (IST)14 Oct 2020
आज कांग्रेस की सदस्यता लेंगी शरद यादव की बेटी

एक समय जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एनडीए के संयोजक रहे वरिष्ठ नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव भी बिहार से चुनाव लड़ने वाली हैं। वे कांग्रेस के टिकट पर मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। सुभाषिनी आज पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी की सदस्यता लेंगी। दिल्ली में आज ही कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है जिसमें आगे के प्रत्याशियों की लिस्ट भी फाइनल होगी।

12:02 (IST)14 Oct 2020
बिहार चुनाव: ये हैं दागी उम्मीदवार उतारने वाले टॉप 5 दल

राजद, लोजपा और रालोसपा ने अब तक 42-42 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके अलावा जदयू ने 35, जाप ने 32, भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने 21 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। दागी उम्मीदवारों की बात की जाए, तो संख्या के हिसाब से सबसे ज्यादा 29 दागी प्रत्याशी राजद ने उतारे हैं। इसके बाद भाजपा, लोजपा और जाप ने 21-21 दागियों को टिकट दिया है। दूसरी तरफ रालोसपा ने 17, जदयू ने 14 और कांग्रेस ने 12 आपराधिक छवि वाले नेताओं को मौका दिया है।

11:15 (IST)14 Oct 2020
लोजपा का नया दांव- पीएम का नाम-तस्वीर इस्तेमाल नहीं, पर पीएम शब्द के उपयोग पर रोक नहीं

बिहार चुनाव में जहां लोजपा के अलग चुनाव लड़ने की वजह से भाजपा ने उसे मोदी के नाम और तस्वीर के इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है। वहीं, लोजपा ने अब एक नई तरकीब निकाली है। कहा गया है कि पार्टी नेता चुनाव में न तो नरेंद्र मोदी का नाम लेंगे, न ही उनकी तस्वीर का प्रयोग करेंगे लेकिन प्रधानमंत्री पदनाम पर वोट मांगने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता और वे सभी ऐसा ही करेंगे। इसमें कोई कानूनी अड़चन भी नहीं है। प्रधानमंत्री शब्द के उपयोग पर रोक कैसे लगायी जा सकती है!

10:29 (IST)14 Oct 2020
जदयू का विपक्ष पर तंज- 'मुंबई में बत्ती गुल बा, बिहार में लाइट फुल बा'

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय कुमार झा ने बिहार में हुए विकास का हवाला देते हुए ‘बिहार में का बा’ का जवाब दिया-’मुंबई में बत्ती गुल बा, बिहार में लाइट फुल बा।’ उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान की चर्चा की। वहीं, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव (संगठन) आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने राजनीति में नेताओं की साख स्थापित की। यह चुनाव बिहार को विकसित बनाने के लिए है। कोरोना से बचाव के मामले में बिहार ने अमेरिका, इंग्लैंड आदि देशों को भी पीछे छोड़ दिया।

09:53 (IST)14 Oct 2020
अल्पसंख्यकों का वोट लेने के अलावा राजद ने उनके लिए क्या किया?: नीतीश कुमार

जदयू अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद के ‘माई’ (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर सीधा हमला बोला। उन्होंने पति-पत्नी (लालू प्रसाद, राबड़ी देवी) से पूछा-’सिवाय अल्पसंख्यकों का वोट लेने के, आपने उनके लिए क्या किया?’ नीतीश ने भागलपुर दंगा का जिक्र करते हुए लालू-राबड़ी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। नीतीश ने आगे कहा- दंगा के जिन दोषियों को बचाया गया, उनको तो हमारी सरकार ने सजा दिलाई। हमने दंगा पीड़ितों को मुआवजा, पेंशन दिया। 

09:06 (IST)14 Oct 2020
चुनाव अधिकारियों ने 12 साल के बच्चे को दिया नोटिस

बिहार चुनाव में जहां चुनाव आयोग ने अधिकारियों से अपराध की घटनाओं पर नजर रखने के साथ कोरोना पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी दी है, वहीं कुछ जिलों में अधिकारी अजीबोगरीब फैसले लेने में जुटे हैं। यहां एक चौथी कक्षा के छात्र को आगामी चुनाव में परेशानी खड़ी करने वाला मानते हुए उसे नोटिस जारी किया गया है। बताया गया है कि बच्चे की उम्र महज 12 साल है।

08:27 (IST)14 Oct 2020
बिहार में 9 रैलियों में हिस्सा लेने पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी

बिहार चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही खुद रैलियों में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। बताया गया है कि पीएम 20 से ज्यादा रैलियां करेंगे। इनमें कई वर्चुअल रैलियां होंगी। हालांकि, यह भी कहा गया है कि 9 रैलियों में पीएम स्वयं प्रचार करने पहुंचेंगे। इन रैलियों में बिहार के सीएम नीतीश कुमार उनके साथ ही मौजूद रहेंगे।

07:57 (IST)14 Oct 2020
सीएम नीतीश कुमार आज से शुरू करेंगे चुनाव प्रचार

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए सीएम नीतीश कुमार बुधवार यानी 14 अक्टूबर से चुनावी सभा शुरू करेंगे। सीएम कल चार चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। ये सभाएं अमरपुर, सुल्तानगंज, तारापुर, मोकामा में होंगी। जेडीयू प्रमुख 15 अक्टूबर को भी 4 चुनावी सभा करेंगे। ये सभाएं चकाई, सूर्यगढ़ा, बरबीघा, पालीगंज में में होगी।

18:10 (IST)13 Oct 2020
नीतीश करेंगे चुनावी सभा को संबोधित

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए सीएम नीतीश कुमार बुधवार यानी 14 अक्टूबर से चुनावी सभा शुरू करेंगे। सीएम कल चार चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। ये सभाएं अमरपुर, सुल्तानगंज, तारापुर, मोकामा में होंगी। जेडीयू प्रमुख 15 अक्टूबर को भी 4 चुनावी सभा करेंगे। ये सभाएं चकाई, सूर्यगढ़ा, बरबीघा, पालीगंज में में होगी।

16:06 (IST)13 Oct 2020
जब विपक्ष की सरकार थी तब स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगाा पर ध्यान नहीं दिया, अब जुबान चला रहे: नीतीश

बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र की स्थिति खराब होने के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री एवं जदयू नेता नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि जब विपक्षी दल की सरकार थी तब इन क्षेत्रों में काम नहीं किया और अब जुबान चला रहे हैं । बिहार विधानसभा चुनाव के लिये डिजिटल माध्यम से जनता दल यूनाटेड के ‘निश्चय संवाद’ को संबोधित करते हुए कुमार ने ‘जल जीवन हरियाली’ और ‘हर घर नल से जल योजना’ सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘ पहले इन लोगों (विपक्ष) ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्या काम किया था?’’ नीतीश पिछले 15 साल से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पहले हमारे विद्यार्थी इंजीनियरिंग, मेडिकल पढ़ने के लिए बाहर जाते थे। हमने राज्य में ही पढ़ने के लिए व्यवस्था की, संस्थान शुरू किए तथा छात्रों को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से सहायता दी।’’

15:18 (IST)13 Oct 2020
बिहार में कोरोना के 1223 मामलों की पुष्टि

बिहार में कोरोना वायरस महामारी के 1223 नए मामलों की पुष्टि हुई। इनमें 272 राजधानी पटना में मिले हैं। नए मामलों के साथ सूबे में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 11674 गई है।

14:01 (IST)13 Oct 2020
नंदकिशोर यादव ने नामांकन दाखिल किया

पटनासिटी- पटनासाहिब विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार नंदकिशोर यादव ने 5 समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नंदकिशोर यादव 5 बार विधायक रह चुके हैं।

13:15 (IST)13 Oct 2020
बिहार में 15 लाख लोगों को क्वारंटाइन रखा गया: नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान बिहार में 15 लाख लोगों को क्वारंटाइन रखा गया, जिसमें प्रति व्यक्ति 5300 रुपए खर्च हुए।

12:42 (IST)13 Oct 2020
बिहार चुनाव में ताल ठोकेगी शिवसेना, संजय राउत बोले- 40 या 50 सीटों पर लड़ना तय

राज्यसभा सांसद और शिवसेना नेता संजय राउत ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शिवसेना का चालीस या पचास सीटों पर चुनाव लड़ना तय है। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी तक किसी दल से गठबंधन की बात नहीं चल रही है। बकौल राउत अगले हफ्ते मैं पटना जाउंगा, वहां की कई स्थानीय पार्टियां हमसे बात करना चाहती है। इसमें पप्पू यादव जन अधिकारी पार्टी (JAP) भी है। हालांकि अभी तक फॉर्मूला तय नहीं हुआ है।

12:05 (IST)13 Oct 2020
नीतीश कुमार बोले- हम बिहार को एक परिवार मानते हैं

लालू प्रसाद की पार्टी राजद में परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग तो पूरे बिहार को एक परिवार मानते हैं। लेकिन कुछ लोगों का क्या है पति, पत्नी, बेटा एवं बेटी यही परिवार है। नीतीश ने अंत में कहा, ''अगर आपको लगता है कि हमने काम किया है तब ही आप हमे फिर से वोट दीजिए। जनता ही तो मालिक होती है। हमने काम किया और अगर मौका मिला तो आगे भी करते रहेंगे। लोगों की सेवा करेंगे।''

11:28 (IST)13 Oct 2020
आरजेडी में 17 विधायकों को इस बार टिकट नहीं, सरकार बनने पर दिया 'एडजस्ट' करने का भरोसा

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आरजेडी ने अभी तक अपने 17 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है। पार्टी अभी तक छह विधायकों के टिकट भी काट चुकी है। इनकी मौजूदा सीटें गठबंधन में अन्य दलों को दी गई हैं। इसके अलावा 11 विधायकों को सीट जिताऊ ना मानते हुए उनकी जगह दूसरे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। हालांकि टिकट ना पाने वाले दो विधायकों के परिजनों को टिकट दिया गया है। इधर पार्टी आलाकमान ने सभी नेताओं को भरोसा दिलाया है कि वो गठबंधन को जिताने में मदद करें। राज्य में सरकार बनने के बाद सभी एडजस्ट कर लिया जाएगा।।

10:53 (IST)13 Oct 2020
तेजस्वी के दस लाख नौकरी के वादे पर सीएम नीतीश का तंज

बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव द्वारा प्रदेश में अपनी सरकार बनने पर दस लाख सरकारी नौकरी देने के वादे पर कटाक्ष करते हुए कहा, ''15 साल के शासनकाल (लालू-राबड़ी शासनकाल) में क्या कैबिनेट की बैठक होती थी? आजकल लोग बेरोजगारी की बात कर रहे हैं। दुनिया में कहीं भी सरकारी सेवा में सभी को नौकरी मिलती है? यह है संभव? जनता सचेत रहे। हमलोग काम करने वाले हैं। कुछ लोग केवल जुबान चलाते हैं। न काम करने के बारे में किसी प्रकार का अनुभव है और न ही रुचि है।''

10:18 (IST)13 Oct 2020
Bihar Elections 2020: कांग्रेस में सस्पेंस, घोषित किए 21 उम्मीदवार, लेकिन 49 सीट पर नेताओं को नहीं है विस क्षेत्र की जानकारी

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आरजेडी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का समझौता होने के एक सप्ताह बाद भी स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों पार्टियों ने अभी तक उन सीटों की लिस्ट जारी नहीं की है, जहां ये अपने उम्मीदवारों को टिकट देंगी। बताया जाता है कि इससे भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ कांग्रेस नेताओं में नाराजगी बढ़ रही है। क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर

09:43 (IST)13 Oct 2020
नीतीश सरका का दावा- लोगों की आय बढ़ी, गरीबी कम हुई

अपनी सरकार द्वारा आपदा के समय में किए गए कार्यों का उल्लेख करते और प्रदेश की पिछली राजद सरकार पर प्रहार करते हुए नीतीश ने सवाल किया कि हम लोगों द्वारा किए गए कार्यों से पहले कोई आपदा को कुछ समझता था? आपदा पीडितों के लिए कभी कोई मदद की गई थी? नीतीश ने बीते 15 साल में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आज बिहार की विकास दर दोहरे आंकड़े में है। लोगों की जीवनशैली बदली है। गरीबी कम हुई है। प्रतिव्यक्ति आय बढ़ी है।

08:57 (IST)13 Oct 2020
प्रचार अभियान में बोले नीतीश कुमार- वोट की चिंता नहीं करते, सेवा ही हमारा धर्म है

बिहार में सत्ताधारी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी के चुनावी प्रचार अभियान की सोमवार शाम को शुरूआत की। इस मौके पर नीतीश ने कहा कि वह वोट की चिंता नहीं करते, सेवा ही हमारा धर्म है, सबकी सेवा करते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छह जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्र में निश्चय संवाद के जरिए अपनी पार्टी के चुनावी अभियान की शुरूआत के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य काम करना है न कि प्रचार करना। सेवा ही हमारा धर्म है।

08:44 (IST)13 Oct 2020
भोरे विधानसभा में जेडीयू प्रत्याशी का नामांकन आज

गोपालगंज में पूर्व डीजी और जेडीयू प्रत्याशी सुनील कुमार आज भोरे विधानसभा क्षेत्र संख्या 103 सुरक्षित सीट के लिए करेंगे नामांकन।

07:59 (IST)13 Oct 2020
बिहार चुनाव : भाजपा ने नौ बागी नेताओं को छह वर्ष के लिये पार्टी से निष्कासित किया

भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के आधिकारिेक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने जा रहे अपने नौ बागी नेताओं को दल विरोधी गतिविधियों के आरोप में सोमवार को छह साल के लिये पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने यह जानकारी दी। जायसवाल ने बताया, ‘‘राजग के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने जा रहे पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है और इस बारे में कार्रवाई का नोटिस जारी कर दिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि इस बारे में पार्टी की ओर से पहले ही राय व्यक्त की गई थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में नौ नेताओं को छह साल के लिये निष्कासित किया गया है, जिनमें राजेन्द्र सिंह, रामेश्वर चौरसिया, रवीन्द्र यादव, डॉ उषा विद्यार्थी, श्वेता सिंह, इन्दु कश्यप, अनिल कुमार, मृणाल शेखर और अजय प्रताप शामिल हैं।