भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस नेता उदित राज एक न्यूज़ डिबेट के दौरान एक दूसरे से उलझते हुए दिखाई दिए। इस डिबेट के दौरान उदित राज ने बीजेपी प्रवक्ता से कहा कि आप पीएम मैटेरियल हैं… आपको प्रधानमंत्री बनना चाहिए। जिस पर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी अमेरिका का राष्ट्रपति बनने जा रहा हूं।

न्यूज़ 18 चैनल के ‘आर – पार’ शो के दौरान पंजाब में मचे सियासी घमासान पर चर्चा करते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कैसे राहुल गांधी को डिफेंड कर पाएंगे? यहां कपिल सिब्बल एक अलग मोर्चा खोले हुए हैं….उधर संदीप दीक्षित अलग मोर्चा खोले हुए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने तीसरा मोर्चा खोला हुआ है। अब इस पर आप उदित राज को कहेंगे कि कांग्रेस को बचाइए। वह कैसे बचाएंगे?

उन्होंने राहुल और सोनिया पर तंज कसते हुए कहा कि वह दोनों तो खुद छुट्टी मनाने शिमला चले गए थे बेचारे उदित राज को यहां छोड़ गए हैं। उनकी बात पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि आप अपनी चिंता करिए। यह हमारा मामला है। उदित राज की बात पर संबित पात्रा ने चुटकी लेते हुए कहा, हम आपके लिए अच्छा ही कह रहे हैं।

कांग्रेस नेता उदित राज ने संबित पर निशाना साधते हुए कहा कि आपको तो मोदी जी ने वहां पर हरा दिया। आप कटक से चुनाव हार गए। उदित राज की बात पर संबित ने कहा, कटक से हम चुनाव लड़े ही नहीं थे। हम पूरी से चुनाव लड़े थे। उदित राज ने कहा इतने काबिल आप हैं लेकिन ऐसे लोगों को राज्यसभा भेज दिया जाता है और संबित पात्रा को कहा जाता है.. बेकारी करिए… मजदूरी करिए।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आप को कह दिया जाता है कि जाकर टीवी पर केवल चिल्लाईये.. आप जैसे योग्य आदमी को मंत्री बनना चाहिए, आपको वित्त मंत्री बनना चाहिए, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री बनना चाहिए। मैं तो कहता हूं कि आप प्रधानमंत्री मटेरियल हैं आपको प्रधानमंत्री बनना चाहिए।

संबित पात्रा ने कहा, अभी आप रोकिए… अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे। मैं आज रात में 9 बजे वहां का राष्ट्रपति बनने जा रहा हूं.. यह सब बात आप छोड़िए। अभी पोटश बन जाता हूं…। उदित राज ने उनकी बात पर चुटकी लेते हुए कहा कि आप अपने आप को इतना हल्का मत लीजिए। संबित पात्रा ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि आज ही में अमेरिका का राष्ट्रपति बनूंगा।