नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पूरी दिल्ली में भाजपा और आम आदमी पार्टी की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के तहत पश्चिम दिल्ली के द्वारका स्थित दुर्गा पार्क में रविवार को एक जनसभा का आयोजन प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष विनय मिश्र के तत्वाधान में किया गया।

इस सभा में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह, विधानसभा में कांग्रेस के नेता हारून यूसुफ, पश्चिमी दिल्ली के पूर्व सांसद महाबल मिश्र, ओनिका महरोत्रा, अध्यक्ष प्रदेश महिला कांग्रेस, कांग्रेस के नेता संजय पुरी, धर्मपाल चंदेला, निगम पार्षद तिलोतमा चौधरी, माया देवी, भगवान यादव, पवन मिश्र ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे।

अरविंदर सिंह ने कहा अच्छे दिनों का सपना दिखा कर केंद्र में काबिज हुई भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होते ही उल्टी गिनती शुरू हो गई है क्योंकि देश की जनता से लोकसभा चुनाव से पहले जो मोदी ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं, उन सब की हवा निकल गई है। देश की जनता को अब यह एहसास होने लगा है कि नरेंद्र मोदी की करनी और कथनी में बहुत अंतर है। इसी कारण मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ गिरने लगा है और हाल ही में उपचुनाव में आए नतीजे इस बात की ओर स्पष्ट इशारा करते हैं। नरेंद्र मोदी का जादू काफूर बन के उड़ता देख भाजपा के खेमे में जबरदस्त बेचैनी और घबराहट है इसी कारण से भाजपा में दिल्ली के चुनाव किसी भी तरह टालना चाहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने की सारी संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं फिर भी भाजपा का अंसवैधानिक और गैर लोकतांत्रिक तरीके से सरकार बनाने की मंशा का कांग्रेस पुरजोर विरोध कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस का जन-जागरण अभियान इसी कड़ी का एक हिस्सा है।