शिवसेना (UBT) ने अपने मुखपत्र सामना में भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि लोकसभा चुनाव समय से पहले ही दिसंबर में कराया जाएगा। इसके लिए अभी से निजी छोटे विमान, हेलीकॉप्टर्स बुक करने शुरू हो गए हैं। जिस पर शिवसेना ने कहा है कि बीजेपी चंद्रयान-3 से प्रचार करे तो भी उसकी जीत नहीं होने वाली है।
सामना में लिखा है कि ऐसा प्रतीत होता है लोकसभा चुनाव समय से पहले ही, दिसंबर महीने में कराया जाएगा। ऐसा दावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया है। चुनाव के प्रचार के लिए नवंबर-दिसंबर महीने में देश भर के सभी हेलिकॉप्टर्स बुक करने की शुरुआत हो गई है। हम कहते हैं, उन्हें जो चाहे वो करने दें, अगर वे ‘चंद्रयान-3’ लाकर उस पर सवार होकर भी प्रचार करें तब भी उनकी तानाशाही की पराजय अटल है। उनकी कुंडली में खींचतान कर लाई गई सत्ता योग की हवा निकल गई है।
भाजपा और उनके समर्थकों के पास असीमित संपत्ति
संपादकीय में लिखा है कि निजी, छोटे विमान, हेलिकॉप्टर्स की बुकिंग करके अपने राजनीतिक विरोधियों को परेशानी में डालना है। चुनाव प्रचार के लिए कोई भी वेगवान संसाधन विरोधियों को न मिले इसके लिए शुरू हुआ सत्ता का यह दुरुपयोग आपत्तिजनक है।
आगे लिखा है कि भाजपा और उनके समर्थकों के पास असीमित संसाधन संपत्ति है। यह संपत्ति किस तरीके से आती है। लेख में लिखा है कि चंद्रयान-3 अभियान का कुल खर्च 650 करोड़ रुपए रहा, वहीं दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेस-वे के तीन किलोमीटर सड़क का खर्च 750 करोड़ से ऊपर जाने का खुलासा हुआ। ऐसे में पार्टी चुनाव प्रचार के लिए देश में सभी निजी विमानों, हेलिकॉप्टर्स बुक कर लें तो उसमें आश्चर्य कैसा?
मोदी-शाह 2023 में चुनाव कराएंगे
सामना में यह भी लिखा है कि बीजेपी के सांसद डी अरविंद ने कहा है कि EVM का कोई भी बटन दबाओ, वोट भाजपा के पक्ष में ही जाता है। इसका मतलब है कि सभी हेलिकॉप्टर्स के साथ लाखों ईवीएम भी भाजपा ने बुक कर रखे हैं। उसे लेकर भी उनका अलग खर्च और हिसाब होगा ही। शिवसेना ने लिखा कि आप कितना भी कुछ भी बुक कर लीजिए फिर भी भ्रष्ट ईवीएम की छाती पर पैर रखकर तानाशाही की पराजय हुए बिना नहीं रहेगी।
शिवसेना के मुखपत्र में आरोप लगाया है कि सरकारी ज्योतिषाचार्यों ने सलाह दी है कि मौजूदा लोकसभा की अवधि 2024 में खत्म होने से पहले मोदी-शाह साल 2023 में चुनाव कराएंगे। पर 2024 हो या 2023, चुनाव कभी भी कराओ, तानाशाही रूपी हिरण्यकश्यप का अंत तय है। INDIA गठबंधन ने देश को झकझोर दिया है, जनता जाग गई है और वह किसी भी झांसे में नहीं आनेवाली है।