दिल्ली-एनसीआर में इस बार मौसम ने लोगों को चौंका दिया है। जिस जनवरी में आमतौर पर हड्डियां गला देने वाली ठंड पड़ती है, उसी महीने में इस बार गर्मी का एहसास होने लगा है। महीने की शुरुआत में जबरदस्त सर्दी थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में मौसम ने ऐसी पलटी मारी कि अब तेज धूप निकल रही है। हालत यह है कि लोगों को अपने मोटे ऊनी कपड़े उतारने पड़ रहे हैं। आमतौर पर जनवरी में दिल्ली ठंड के चरम पर होती है, जहां शीतलहर और बारिश मौसम को और सख्त बना देती है। मगर इस बार ठंड मानो बीते जमाने की बात हो गई है। दिन में चटक धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। बारिश के बावजूद ठंड वो असर नहीं दिखा पाई, जो हर साल देखा जाता था। मौसम का यह बदला मिजाज लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि कहीं सर्दी वक्त से पहले ही विदा तो नहीं हो रही?

आज की ताजा खबर | दिल्ली लाइव

बिहार में फरवरी में फिर से ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड बढ़ने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अभी दिन में अच्छी धूप निकल रही है, जिससे तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। रात का तापमान भी बढ़ा हुआ है। 31 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है, उसके बाद बदलाव हो सकता है।

Live Updates
20:47 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: मैदानी इलाकों में बारिश, तूफान की संभावना

एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली में 1-2 फरवरी के आसपास हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3-5 फरवरी तक कुछ उत्तरी मैदानी इलाकों में व्यापक बारिश, तूफान और यहां तक ​​कि ओलावृष्टि की संभावना है।

19:21 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: पहाड़ों पर बर्फबारी

पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर सक्रिय हो चुका है,पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। तमिलनाडु में भारी और केरल व लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान बढ़ने के आसार हैं।

18:39 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली का AQI मंगलवार को खराब श्रेणी में रहा

दिल्ली की वायु गुणवत्ता मंगलवार को खराब श्रेणी में दर्ज की गई, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शाम 4 बजे 276 था।

17:52 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: प्रयागराज महाकुंभ में कैसा रहेगा मौसम

इस पूरे हफ्ते प्रयागराज महाकुंभ 2025 में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालाँकि, 30 जनवरी से 1 फरवरी के बीच सुबह में हल्का कोहरा और धुंध संभव है।

17:06 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: इन राज्यों में हो सकती है बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। दक्षिण तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

15:21 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली में फिर बदलने जा रहा है मौसम का हाल

यूपी के मैदानी इलाकों में कल से पांच फरवरी तक यानी कि छह दिनों तक बारिश होगी। यूपी में तीन से पांच फरवरी के बीच बारिश होने वाली है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मेघालय में घना कोहरा देखा गया, जबकि ओडिशा, बिहार, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भी घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया। दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक से तीन फरवरी के बीच आने वाले हैं, जिसकी वजह से मौसम पर असर पड़ेगा। जम्मू कश्मीर, लद्दाख में 30 जनवरी से पांच फरवरी के बीच बारिश होगी।

14:46 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल स्पीति एरिया में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इन शहरों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं।

13:45 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: उत्तराखंड के कई शहरों में तेज पाला से बढ़ीं दिक्कतें

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह के समय तेज पाला पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून समेत मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा हो सकता है।

13:37 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तेज धूप

उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तेज धूप है। सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। पिछले दो दिनों से एकाएक ठंड में इजाफा हुआ और कंपकंपी वाली ठंड होने लगी है।

12:31 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: मध्य प्रदेश में बढ़ेगा तापमान

मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 1 से 4 फरवरी के बीच पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में कहीं-कहीं बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके बाद तापमान बढ़ सकता है।

11:25 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: बिहार में मौसम शुष्क रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बिहार में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। राज्य के उत्तरी हिस्से के जिलों में 22 से 24 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। दक्षिण बिहार के जिलों में 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। रात का न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है

10:32 (IST) 30 Jan 2025
AAJ Ki Taaja Khabar LIVE: बिहार के 15 जिलों में छाया घना कोहरा

बिहार के 15 जिलों में गुरुवार को घना कोहरा छाया है। खासतौर पर सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और पूर्णिया में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया था।

09:37 (IST) 30 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: जम्मू-कश्मीर में 31 को चिल्लेकलां का 40 दिन का सबसे ठंडा दौर खत्म होगा

जम्मू-कश्मीर में 31 जनवरी को चिल्लेकलां का 40 दिन का सबसे ठंडा दौर शुष्क मौसम के साथ समाप्त होने जा रहा है, क्योंकि इस महीने बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में जनवरी के पहले हफ्ते में अटल टनल के दोनों छोर सहित पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई थी, और शिमला रिज मैदान, संजौली, कुफरी तथा नरकंडा में भी बर्फ गिरी। लेकिन अब राज्य में तापमान बढ़ने के कारण कई स्थानों पर ग्लेशियरों पर जमी बर्फ भी पिघलने लगी है।

09:27 (IST) 30 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: पहाड़ी इलाकों के भी तापमान में इजाफा

इस बार मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ी क्षेत्रों में भी सर्दी के मौसम में तापमान में वृद्धि देखी गई है। हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष कम बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। कई इलाकों में औसत से कम बर्फबारी होने के कारण ठंड भी कम पाई जा रही है।

08:13 (IST) 30 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में 3-4 फरवरी को बारिश की संभावना

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में 3 और 4 फरवरी के बीच बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद जरूर है, जिससे ठंड और भी बढ़ जाएगी. उत्तर भारत में दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार जताए जा रहे हैं. हालांकि, दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर लोगों को परेशान करेगा।

21:00 (IST) 29 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली-एनसीआर में GRAP 3 लागू

दिल्ली-एनसीआर में प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण प्रदूषण में वृद्धि के बीच ग्रैप के तीसरे चरण के तहत बुधवार को पाबंदियां लगाई गईं। शांत हवाओं, धुंध आदि के बीच दिल्ली में वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आई और शाम चार बजे AQI 365 पर पहुंच गया। इसे देखते हुए सीएक्यूएम को GRAP 3 के तहत पाबंदियां लगानी पड़ी। ‘ग्रैप 3’ में गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध होता है। पांचवीं कक्षा तक की कक्षाओं को हाइब्रिड मोड में संचालित करना होता है। दिल्ली और आसपास के एनसीआर जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल कारों का इस्तेमाल प्रतिबंधित होता है।

20:27 (IST) 29 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

ताजा बर्फबारी से जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में छाई बर्फ की चादर। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कुछ शहरों में तेज धूप है तो कुछ अन्य शहरों में बारिश हो रही है।

19:45 (IST) 29 Jan 2025
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: यूपी में घना कोहरा

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में 31 जनवरी तक रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

18:18 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update LIVE: फरवरी की शुरुआत में इन राज्यों में हो सकती है बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान, 29 जनवरी से 3 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश में और 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 1 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।

16:54 (IST) 29 Jan 2025
Weather LIVE Update: इन राज्यों में हो सकती है बारिश

एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है जबकि दिल्ली में 1-2 फरवरी के आसपास हल्की बारिश हो सकती है। 3-5 फरवरी तक कुछ उत्तरी मैदानी इलाकों में बारिश, तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है।

15:49 (IST) 29 Jan 2025
Weather LIVE Update: यूपी में घने कोहरे का अलर्ट

यूपी में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दिन में कड़ी घूप तो रात में ठंड अपना कहर दिखा रही है। मौसम के इस उलटफेर के बीच यूपी में घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक यूपी में 29 और 30 जनवरी को कई इलाकों में घना कोहरा दिखाई देगा। IMD का अनुमान है कि बुधवार को यूपी के बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ और देवरिया में सुबह या देर रात के समय घना कोहरा नजर आएगा।

14:42 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: हिमाचल प्रदेश में कहीं धूप तो कहीं बारिश

हिमाचल प्रदेश में कुछ शहरों में तेज धूप है तो कुछ अन्य शहरों में बारिश हो रही है। इससे वहां पर ठंड अभी कुछ दिन तक जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

14:34 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश का अनुमान

आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ जिलों में में तापमान बढ़ने की भी संभावना है।

14:14 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचा

मध्य प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान कई जिलों में 30 डिग्री से ऊपर तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक दर्ज किया गया है। इस बदलाव की स्थिति में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है।

13:41 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: बिहार में धूप निकली, लेकिन ठंड बरकरार

बिहार में धूप निकलने के बाद भी अधिक गर्मी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

12:39 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: यूपी में मौसम में लगातार हो रहा बदलाव

यूपी में 19 जनवरी के बाद से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। सर्दी के अपेक्षित समय में तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन में तेज धूप है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। ठंड का बना रहना अभी जरूरी है, लेकिन यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ तो फरवरी में भी ऐसे ही हालात रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।

09:23 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: यूपी में कल तक कोहरे की स्थिति बनी रहेगी

प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घने कोहरे का असर जारी है और 30 जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, लखनऊ सहित कई जिलों में तेज धूप निकलने से दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है। 31 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तराई के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।

08:15 (IST) 29 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो पूरे एनसीआर में सबसे ज्यादा रहेगा। न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यानी सुबह के समय दिल्ली एनसीआर के बाकी इलाकों से ज्यादा गर्म रहेगी, लेकिन रात में यहां सबसे ज्यादा ठंड महसूस होगी।