Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha News: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। कल से रामभक्त अयोध्या में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे भारत में जश्न का माहौल है। अयोध्या में सरयू घाट पर हजारों दिए जलाए गए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी नई दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास पर दीप प्रज्जवलित किए हैं। रामभक्तों ने भी अपने-अपने घरों पर ‘राम ज्योति’ प्रज्जवलित की है। इससे पहले अयोध्या में हुए राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी, आरएसएस चीफ मोहन भागवत, सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। पीएम नरेंद्र मोदी राम लला के लिए छत्र लेकर पहुंचे थे। उन्होंने अनुष्ठान के बाद राम लला को छत्र अर्पित किया और दंडवत प्रणाम किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के साथ की। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राम लला टेंट में नहीं, अब भव्य मंदिर में रहेंगे। आज हमें सदियों के उस धैर्य की धरोहर मिली है, आज हमें राम का मंदिर मिला है। PM मोदी ने कहा, “हमारे राम लला अब टेंट में नहीं रहेंगे, वे अब दिव्य मंदिर में रहेंगे। मेरा पक्का विश्वास है कि जो घटित हुआ है उसकी अनुभूति देश और दुनिया के कोने-कोने में रामभक्तों को हो रही होगी। यह क्षण अलौकिक है।” रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ी पूरी कवरेज यहां पढ़ें

Live Updates

अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए पढ़ें jansatta.com का ब्लॉग।

08:12 (IST) 22 Jan 2024
Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर में पूजा अनुष्ठान

प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले राम मंदिर में पूजा अनुष्ठानों की झलकियां।

08:00 (IST) 22 Jan 2024
Ayodhya Ram Mandir Live: चारमीनार में भक्तों ने राम भजन गाया

तेलंगाना: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर हैदराबाद के श्री भाग्य लक्ष्मी मंदिर, चारमीनार में भक्तों ने राम भजन गाया।

07:49 (IST) 22 Jan 2024
Ayodhya Ram Mandir Live: अयोध्या के लिए निकले फिल्मी सितारे

अमिताभ बच्चन, चिरंजीवी, राम चरण समेत कई फिल्मी हस्तियां अयोध्या के लिए निकल चुकी हैं।

07:43 (IST) 22 Jan 2024
Ayodhya Ram Mandir Live: ओरछा में श्री राम राजा मंदिर में 5,100 मिट्टी के दीपक जलाए गए

ओरछा में श्री राम राजा मंदिर में 5,100 मिट्टी के दीपक जलाए गए।

07:37 (IST) 22 Jan 2024
Ram Mandir Live: अमेरिका में टाइम्स स्क्वायर पर लड्डू बांटे गए

आज राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन है। अयोध्या के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर टाइम्स स्क्वायर पर ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर के सदस्यों द्वारा लड्डू बांटे गए।

20:31 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: लोगों को जय श्री राम के नारे लगाने का अधिकार

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर राम भक्तों को जय श्री राम का नारा लगाने का पूरा अधिकार है। राहुल गांधी को अपना आपा नहीं खोना चाहिए और उन्हें जय श्री राम के नारे से एलर्जी नहीं होनी चाहिए। वह ऐसा नहीं कर सकते।”

18:46 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: पूरी अयोध्या रोशन है- बीजेपी सांसद रवि किशन

बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। शहर रोशन है। मैं पूरे भारत को, पूरी दुनिया को कहना चाहता हूं कल नहीं लेकिन उसके बाद यहां जरूर आए। यहां जीवित मोक्ष का माहौल है। यह पूरा शहर ऊर्जा से भरा हुआ है। यह बहुत सुंदर है कि भगवान राम ने लाखों लोगों को रोजगार दिया और इस स्थान को भव्य बनाया।”

18:40 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: झारखंड में भी रहेगी छुट्टी

झारखंड सरकार ने भी आधे दिन की छुट्टी का आदेश जारी किया है। इसके पहले बीजेपी शासित राज्यों और दिल्ली में भी छुट्टी का ऐलान किया गया है। साथ ही केंद्र सरकार ने भी आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।

17:18 (IST) 21 Jan 2024
राम मंदिर के वकील का बड़ा बयान

राम मंदिर आंदोलन के वकील रहे हरि शंकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राम मंदिर का काम पूरा हो चुका है, अब 2029 के लिए काशी-मथुरा का टारगेट रखा गया है।

16:33 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: पवन कल्याण पहुंचे लखनऊ

जन सेना प्रमुख पवन कल्याण सोमवार को आयोजित होने वाले अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले लखनऊ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “यह लोगों का लंबे समय से सपना रहा है और 500 वर्षों के बाद यह आखिरकार सच साबित हो रहा है। हम बहुत खुश हैं।”

16:12 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: गायक-संगीतकार शंकर महादेवन बोले- प्राण-प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतजार

गायक-संगीतकार शंकर महादेवन ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर कहा, “सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रही है। भारत के इतिहास की यह सबसे बड़ी घटना है और इसका हिस्सा बनकर हम बहुत धन्य और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”

15:07 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: दिल्ली में AAP के विधायक कल करेंगे भंडारा

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “दिल्ली सरकार ने पहले ही कल आधे दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी है। कई संस्थाओं द्वारा मंदिरों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। AAP और हमारे विधायक कल भंडारा, शोभा यात्रा, सुंदरकांड का आयोजन करेंगे।”

14:24 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले- राम के बिना भारत की कल्पना नहीं

विपक्ष के नेताओं द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार करने पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “यह दुर्भाग्य का विषय है…राम के निमंत्रण को तो कोई ईसाई, पादरी, मुसलमान भी नहीं ठुकरा सकता…राम भारत की आत्मा हैं…राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अपमान करना है, राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारत की अस्मिता को चुनौती देना है। राम के बिना ना भारत की कल्पना की जा सकता है, ना भारत के लोकतंत्र की…मैं सभी विपक्षी दलों से निवेदन करना चाहता हूं कि आप भाजपा से लड़ो राम से मत लड़ो, भाजपा से लड़ो सनातन से मत लड़ो, भाजपा से लड़ो भारत से मत लड़ो…।”

13:22 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: मुंबई के लालबाग गणेश उत्सव मंडल को भी मिला न्योता

मुंबई के लालबाग गणेश उत्सव मंडल को भी सोमवार को अयोध्या में होने जा रहे भव्य राम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण मिला है।

12:55 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: राम मंदिर समारोह पर साइबर अटैक का साया

अयोध्या में सोमवार को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बीच साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है और पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि साइबर ठग लोगों को मुफ्त प्रसाद वितरण, वीआईपी पास, प्रवेश पास देने के फर्जी संदेश भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर ठगों की इस सक्रियता को लेकर राज्‍य सरकार कड़े कदम उठा रही है। अयोध्या पुलिस ने हाल में ऐसे ही एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक भारतीय अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया है।

12:46 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: अभिनेत्री कंगना रनौत ने रविवार को हनुमान गढ़ी मंदिर में की पूजा-अर्चना

अयोध्या में श्रीराम मंदिर में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने पहुंची अभिनेत्री कंगना रनौत ने रविवार को हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

12:03 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: ISRO ने अंतरिक्ष से दिखाई राम मंदिर की झलक

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अंतरिक्ष से भव्य राम मंदिर की झलक दिखाई है। इसरो ने अपने स्वदेशी उपग्रहों का उपयोग करके ये तस्वीरें ली हैं। भारतीय रिमोट सेंसिंग सीरीज के सैटेलाइट के जरिये ली गई है। इन तस्वीरों में 2.7 एकड़ में फैले राम-जन्मभूमि स्थल को देखा जा सकता है। अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की ये तस्वीरें 16 दिसंबर 2023 को ली गई थीं।

11:57 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के आकार में हजारों दीये जलाए गए

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर में एक मैदान पर हिंदी के शब्दों में ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के आकार में हजारों दीये जलाए गए। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के साथ ही उनके परिवार के सदस्यों ने पूजा की और शनिवार देर रात को दीये जलाएं। यह कार्यक्रम चंदा क्लब मैदान पर आयोजित किया गया

11:46 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले राज सदन, पुराने मंदिर रोशनी से नहाए

अयोध्या के पूर्व राजा का भव्य आवास राज सदन, विभिन्न मंदिर और यहां अन्य इमारतें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर रोशनी से जगमगा उठी हैं जिससे इस मंदिर नगरी में दिवाली उत्सव जैसा माहौल बन गया है। प्राचीन ‘अयोध्या नगरी’ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है खासतौर से राम पथ और धर्म पथ की साज-सज्जा देखने लायक है। अयोध्या की गलियों में ‘राम आएंगे’ और ‘अवध में राम आए हैं’’ जैसी गीतों की गूंज सुनायी दे रही है और मंदिर शहर की इमारतें भगवा ध्वज से पटी पड़ी हैं। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ के दिन शहर में चकाचौंध रहने की उम्मीद है क्योंकि कई मकान, मंदिर और अन्य इमारतें रोशनी से नहायी हैं। अयोध्या के शाही परिवार का घर रहा राज सदन रोशनी से जगमग है। सैकड़ों लोग, स्थानीय निवासी और दर्शक शनिवार देर रात तक इसके सुशोभित द्वार ‘लक्ष्मीद्वार’ के सामने तस्वीरें या सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़े।

11:43 (IST) 21 Jan 2024
श्री कोठंडारामास्वामी मंदिर में पीएम ने की पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के धनुषकोडी में श्री कोठंडारामास्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

10:55 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: महाराष्ट्र से आए 7500 पौधों से सजाया गया श्री राम जन्मभूमि परिसर

अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले महाराष्ट्र से लाए गए साढ़े सात हजार पौधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर में रोपे गए हैं जिससे पूरा क्षेत्र अत्यंत मनोहारी लगने लगा है। एक अधिकारी ने बताया कि 22 जनवरी को जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत लगभग आठ हजार से अधिक आगंतुक श्रीराम जन्मभूमि परिसर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे तो आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ यहां की हरियाली भी उनका मन मोह लेगी। पौधे रोपने का यह कार्य श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व उप्र वन विभाग की तरफ से किया जा रहा है।

10:52 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: असम में सोमवार को ड्राई डे का ऐलान

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने कहा, “असम में सोमवार को राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के मद्देनजर ड्राई डे रहेगा। रेस्तरां भी इस निर्देश का पालन करेंगे। कोई भी रेस्तरां दोपहर 2 बजे तक नॉन-वेज खाना नहीं परोसेगा और मांस या मछली की दुकानें शाम 4 बजे से पहले नहीं खुलेंगी।”

10:35 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का बयान

प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “यह भारतीय सभ्यता की जीत है। मैं असम के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं। कल शाम 4 बजे तक मांस, मछली की दुकानें और बाजार बंद रहेगा। कल, सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। कल राज्य में सूखा दिवस है। मैं राहुल गांधी से भी अपील करना चाहता हूं कि वे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पूरा होने के बाद कल बताद्रवा (Batadrava Satra) का दौरा करें।

10:27 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: उत्तर प्रदेश डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बयान

उत्तर प्रदेश डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “जब हम 22 जनवरी (राम मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा) का इंतजार करते हैं तो हर सेकंड एक पूरे साल जैसा लगता है। हर राम ‘भक्त’ इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा है।”

09:58 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: 10 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या

राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होने के बाद 22 जनवरी की शाम अयोध्या 10 लाख दीपों से जगमगाएगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और पौराणिक स्थलों पर ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या सरयू नदी के तटों की मिट्टी से बने दीपों से रोशन होगी।

09:41 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: फूलों से सजा कारसेवकपुरम

09:37 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: पूरे अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

अयोध्या में सोमवार को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लता मंगेशकर चौक के पास रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गये हैं।

09:32 (IST) 21 Jan 2024
Ram Mandir Live: अयोध्या में रामभक्तों को पिला रहे मुफ्त चाय और काफी

अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग जगह-जगह राम भक्तों को मुफ्त चाय, कॉफी और दूध बांट रहे हैं।

अयोध्या में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हर तरफ उत्साह का माहौल बना हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों में रविवार यानी 21 जनवरी की रात से ही सुंदर कांड और श्रीराम चरित मानस का पाठ के आयोजन किए जा रहे हैं।