टीम इंडिया के उपकप्तान रोहित शर्मा गुरुवार यानी 30 अप्रैल को 33 साल के गए। इस मौके पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रैंचाइजी मुंबई इंडियंस ने एक वीडियो के जरिए उन्हें विश किया था। इसमें मुंबई के मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी शामिल थे। वीडियो के जरिए युवराज सिंह ने भी रोहित को विश किया। इसका रिप्लाई देते हुए मुंबई इंडियंस के कप्तान ने युवराज के बढ़ते बालों के मजे ले लिए। युवी पिछले साल मुंबई के लिए खेले थे। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
रोहित ने युवी को ट्रोल करते हुए लिखा, ‘‘आपलोगों का बहुत-बहुत शुक्रिया। लॉकडाउन ने युवी पाजी के बालों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है।’’ रोहित लॉकडाउन सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं। वे गुरुवार शाम यानी 30 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर महिला टीम की ओपनर स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ लाइव चैट पर बातचीत की थी। उस दौरान रोहित ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के मजे ले लिए थे।
thank you so much guys. @YUVSTRONG12 lockdown has seriously hit your hair the hardest https://t.co/0AOJ2TJvWo
— Rohit Sharma (@ImRo45) May 1, 2020
दरअसल, चैट के दौरान मंधाना ने खुलासा किया कि एक बार मोहम्मद शमी की गेंद खेलते हुए वे चोटिल हो गई थीं। इसके बाद उन्हें ठीक होने में 10 दिन लग गए थे। इस पर रोहित ने कहा था कि शमी नेट पर सबसे कठिन गेंदबाज हैं। रोहित ने कहा, ‘‘हमलोग नेट पर जहां अभ्यास करते हैं वह पिच हमेशा ग्रीन होती है। जब भी शमी ग्रीन पिच देखता है तो मानो एक्स्ट्रा बिरयानी खा लिया हो। बुमराह भी खेलने में कठिन है, लेकिन शुरुआती दो और तीन साल तक ही ऐसा था। शमी को मैं 2013 से खेल रहा हूं। फिलहाल शमी और बुमराह में नेट पर इस बात को लेकर कंपटीशन होती है कि कौन बल्लेबाज को ज्यादा छकाएगा और कौन हेलमेट पर ज्यादा मारेगा।’’
रोहित और युवराज भी पिछले महीने लाइव चैट पर आए थे। उस दौरान हिटमैन ने युवी से टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में पहली मुलाकात के बारे में बताया था। रोहित ने कहा था, ‘‘जब मैं टीम में गया था तब मेरे क्रिकेट क्रश युवराज सिंह थे। मैं हमेशा उनसे बात करना चाहता था। मैं हमेशा यह देखना चाहता था कि वे किस तरह तैयारी करते हैं और वे कैसे है। रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा 4 बार खिताब जीतने वाले कप्तान हैं।