टी20 विश्व कप (T20 World Cup) के लिए टीम इंडिया (Team India) का ऐलान हो चुका है। टीम में मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) के नहीं चुने जाने पर कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं। ऐसे लोगों की दलील है कि शमी का इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2022 में प्रदर्शन बहुत शानदार रहा है। उनकी टीम गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब भी जीता।
वहीं, सुनील गावस्कर का कहना है कि अब जब टीम चुन ली गई है तो हमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के फैसले का सम्मान करना चाहिए और टीम तथा उसके खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि यह देश की टीम है। अगर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप की टीम इंडिया में सबसे ज्यादा खिलाड़ी एक बार भी चैंपियन नहीं बनी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के हैं।
चयनकर्ताओं ने दोनों टीमों के 3-3 खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप टीम में जगह दी है। इसमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विराट कोहली, दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल शामिल हैं, जबकि मुंबई इंडियंस से रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह हैं। रविंद्र जडेजा चोटिल होने के कारण टीम में नहीं चुने गए हैं। वह आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा थे।
शुरुआती कुछ मुकाबलों में उन्होंने टीम की अगुआई भी की, लेकिन बाद में महेंद्र सिंह धोनी को फिर से कमान सौंप दी। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स चार बार की आईपीएल चैंपियन है, लेकिन टी20 विश्व कप टीम में उसका कोई भी खिलाड़ी नहीं है। दीपक चाहर के चुने जाने की उम्मीद थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें भी स्टैंड बाय ही रखा है।
इसी तरह शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान श्रेयस अय्यर समेत कोई भी प्लेयर टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने में असफल रहा है। श्रेयस अय्यर को भी स्टैंड बाय ही रखा गया है। खास यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स जहां 4 बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स भी 2 बार आईपीएल चैंपियन बन चुकी है।
टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई टीम इंडिया इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान/मुंबई इंडियंस), केएल राहुल (उप कप्तान/लखनऊ सुपरजॉयंट्स), विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), सूर्यकुमार यादव (मुंबई इंडियंस), दीपक हुड्डा (लखनऊ सुपरजॉयंट्स), ऋषभ पंत (विकेटकीपर/दिल्ली कैपिटल्स), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर/रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), हार्दिक पंड्या (गुजरात टाइटंस), रविचंद्रन अश्विन (राजस्थान रॉयल्स), युजवेंद्र चहल (राजस्थान रॉयल्स), अक्षर पटेल (दिल्ली कैपिटल्स), जसप्रीत बुमराह (मुंबई इंडियंस), भुवनेश्वर कुमार (सनराइजर्स हैदराबाद), हर्षल पटेल(रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), अर्शदीप सिंह (पंजाब किंग्स)। स्टैंड बाय खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर (कोलकाता नाइट राइडर्स), रवि बिश्नोई (लखनऊ सुपरजॉयंट्स), मोहम्मद शमी (गुजरात टाइटंस), दीपक चाहर (चेन्नई सुपर किंग्स)।