इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां सीजन कोरोनावायरस के कारण अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस साल के अंत में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) खाली स्टेडियम में टूर्नामेंट का आयोजन कर सकता है। आईपीएल भले न हो लेकिन वह चर्चा में हमेशा रहता है। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने अपनी ऑल टाइम IPL-11 चुनी है। इसमें उन्होंने तीन बार खिताब जीतने वाले महेंद्र सिंह धोनी को टीम का कप्तान बनाया है।
टीम में पहले ओपनर के तौर पर सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर को चुना है। उनका स्ट्राइक रेट 142.4 का रहा है। आकाश ने कहा कि क्रिस गेल की तुलना वॉर्नर में ज्यादा निरंतरता है। वे आक्रामक भी हैं। दूसरे ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा को चुना है। रोहित ने आईपीएल में 4898 रन बनाए हैं। वे अपनी कप्तानी में भी मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा मौकों पर ओपनिंग नहीं करते हैं। आकाश ने तीसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली को चुना है। कोहली ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 5412 रन बनाए हैं।
उन्होंने चौथे नंबर पर सुरेश रैना को रखा है। रैना ने 5668 रन बनाए हैं। वे तेज और स्पिनर के खिलाफ भी बेहतर खेलते हैं। रैना एक बेहतरीन फील्डर भी हैं। आकाश ने पांचवें नंबर पर एबी डिविलियर्स को रखा है। उनका स्ट्राइक रेट 151.2 का है। आकाश ने छठे स्थान पर धोनी को रखा है। माही का स्ट्राइक रेट 137.9 का रहा है। विकेटकीपर भी होंगे। धोनी कप्तान बनाने को लेकर आकाश ने कहा, ‘‘रोहित और धोनी में हमेशा 50-50 रहेगा कि किसे कप्तान बनाएं, लेकिन अगर आप देखेंगे कि धोनी को पिछले कुछ समय में कैसी टीम मिली है तो आप उन्हें ही चुनेंगे। उनके पास 12 में से 11 सीजन का अनुभव है।’’
नंबर 7 पर आकाश ने आंद्रे रसेल को नहीं चुना। उन्होंने ऑफ स्पिनर के तौर हरभजन सिंह को रखा। रविचंद्रन अश्विन के ऊपर उनको तरजीह दी है। नंबर आठ पर सुनील नरेन, नंबर नौ पर भुवनेश्वर कुमार, नंबर 10 पर जसप्रीत बुमराह और नंबर 11 पर लसिथ मलिंगा को रखा है। आकाश ने कोरोनावायरस को देखते हुए दो रिप्लेसमेंट भी रखे हैं। उन्होंने 12वें नंबर पर दो बार कोलकाता को खिताब दिलाने वाले कप्तान गौतम गंभीर और 13वें नंबर पर आंद्रे रसेल को चुना है।