भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले एक साल से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। इसके बावजूद माही लगातार चर्चा में बने रहते हैं। अफगानिस्तान के ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने धोनी को सबसे महान खिलाड़ी बताया है। उन्होंने कहा है कि भारत के पूर्व कप्तान एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका दरवाजा सबके लिए सातों दिन 24 घंटे खुला रहता है। नबी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं। वहीं, धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान हैं।

धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप, आईसीसी वर्ल्ड कप (वनडे) और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। वे इन तीनों खिताब को जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं। धोनी को क्रिकेट जगत में सबसे कूल और शांत खिलाड़ी माना जाता है। वे 2007 से 2016 तक टीम इंडिया के कप्तान रहे। धोनी के रहते हुए विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों को करियर ठीक हुआ।

एक इंटरव्यू में नबी ने कहा, ‘‘मेरे ऊपर भी धोनी का काफी प्रभाव है। वे एक महान इंसान हैं। धोनी के एक बेस्ट क्रिकेटर हैं। उनके कमरे के दरवाजे सभी के लिए 24 घंटे सातों दिन खुले हैं। जहां वह लोगों के साथ चाय पीते हैं और उनसे बातचीत करते हैं। मैं उनसे 2-3 बार मिला हूं और वह वास्तव में एक अच्छे इंसान हैं।’’ नबी के अलावा अफगानिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद शाहजाद और करिश्माई स्पिनर राशिद खान भी धोनी की तारीफ कर चुके हैं।

राशिद आईपीएल में हैदराबाद की टीम के लिए ही नबी के साथ खेलते हैं। दोनों खिलाड़ी आईपीएल में कई बार धोनी के खिलाफ खेल चुके हैं। माना जा रहा था कि धोनी आईपीएल 2020 से पेशेवर क्रिकेट में वापसी करेंगे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण हुए लॉकडाउन ने उनके इंतजार को और लंबा कर दिया। आईपीएल को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस साल के अंत में टूर्नामेंट के आयोजन की संभावना जताई जा रही है।