India Lockdown, Gathering at Bandra Railway Station: तो क्या ‘चलो घर की ओर’ कैंपेन चला कर ही मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर हजारों लोगों की भीड़ जमा की गई थी? मुंबई पुलिस ने कथित तौर से इस कैंपेन को चलाने वाले एक शख्स विनय दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विनय दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘चलो घर की ओर’ नाम से कैंपेन चलाता है। विनय के सोशल मीडिया अकाउंट से पता चला है कि वो खुद को मजदूरों का नेता भी बताता है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों को उसने अपने सोशल मीडिया के जरिए घर लौटने के लिए उकासाया जिसकी वजह से बांद्रा स्टेशन पर इतनी भीड़ इकठ्ठा हो गई।
मुंबई पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या विनय दुबे के ही फेसबुक और ट्वीटर अकाउंट से अफवाह फैलने के बाद मजदूर स्टेशन पर घर जाने के लिए जमा हुए थे? यहां आपको बता दें कि ज्यादातार प्रवासी बिहार, बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के थे।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें कथित तौर से विनय दुबे कह रहा है कि ’14 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म होने के बाद मैं अपील करता हूं राज्य सरकार से की वो बिहार, यूपी, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रवासियों के घर जाने की व्यवस्था करे।
वो लोग यहां मुश्किल हालत में हैं और अगर वो कोरोना वायरस से नहीं मरे तो भूख से मर जाएंगे। हम 14-15 अप्रैल तक इंतजार करेंगे और अगर सरकार कुछ नहीं करती है तो मैं इन प्रवासियों के साथ पैदल ही यात्रा शुरू कर दूंगा।’
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विनय दुबे ‘उत्तर भारतीय महा पंचायत’ नाम से एक गैर सरकारी संस्था चलाता है। पुलिस ने मंगलवार (14 अप्रैल, 2020) की देर रात नवी मुंबई से विनय दुबे को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में करीब 1000 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया है। दुबे के खिलाफ आईपीसी की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270, 505(2) और एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बता दें कि मंगलवार को मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। ये सभी मजदूर घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। मजदूरों को उम्मीद थी कि लॉकडाउन खत्म हो जाएगा।
प्रशासन के द्वारा कई बार समझाने पर भी जब मजदूर वहां से नहीं हटे तब पुलिस को यहां लाठीचार्ज करना पड़ा था। आपको बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए देशभर में लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया गया है।
कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इन लिंक्स पर क्लिक करें | गृह मंत्रालय ने जारी की डिटेल गाइडलाइंस | क्या पालतू कुत्ता-बिल्ली से भी फैल सकता है कोरोना वायरस? | घर बैठे इस तरह बनाएं फेस मास्क | इन वेबसाइट और ऐप्स से पाएं कोरोना वायरस के सटीक आंकड़ों की जानकारी, दुनिया और भारत के हर राज्य की मिलेगी डिटेल । क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?