सेहत को लेकर लोगों में न सिर्फ जिज्ञासा बढ़ रही है बल्कि लोग इस कारण अपने खानपान और जीवनशैली में जरूरी परिवर्तन भी कर रहे हैं। इसमें सबसे अहम है कि सुबह के नाश्ते में क्या लेना सेहत के लिहाज से सबसे अच्छा होता है। स्वास्थ्य विज्ञान भी यह मानता है कि हमारी अच्छी सेहत में सुबह के जलपान की बड़ी भूमिका है। अलबत्ता इस बारे में आगे विचार करने से पहले हमें कुछ जरूरी बात समझनी होगी। इसमें सबसे जरूरी यह समझना है कि सुबह के स्वास्थ्यवर्धक जलपान में कैलोरी बहुत कम होने की जरूरत नहीं होती।

नाश्ते की अहमियत
वास्तव में आपका सुबह का नाश्ता आपके दोपहर के भोजन से अधिक पेट भरने वाला होना चाहिए और आपके रात के खाने की तुलना में अधिक कैलोरी वाला होना चाहिए। नाश्ते में निश्चित तौर पर मोटापे (फैट) वाले पोषक तत्व की कमी होनी चाहिए लेकिन इसका यह कतई मतलब नहीं है कि फैट वाले भोजन से पूरी तरह परहेज करें। दोपहर के भोजन के समय तक आपके शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलती रहनी चाहिए। जाहिर है कि शरीर को इस तरह की ऊर्जा जलपान में एक कप चाय और बिस्किट भर लेने से तो कभी नहीं मिल सकती।

सेहतमंद आगाज
वास्तव में अपेक्षित और स्वस्थ नाश्ता आपको अपने दिनभर की दिनचर्या को शुरुआती तौर पर पोषकीय शुरुआत देने वाला होना चाहिए। जो लोग सुबह अच्छा नाश्ता करने के बाद काम पर जाते हैं, वे दफ्तर में भी कई घंटे तक ऊर्जा से भरे रहते हैं। इस बारे में आहार विशेषज्ञ से बात करें तो वे आपको सुबह के नाश्ते में ‘कांप्लेक्स कार्ब’ और कई सारी अनाज से युक्तचीजें खाने की सलाह देंगे। कांप्लेक्स कार्ब्स में प्रचुर मात्रा में फाइबर होते हैं। इससे यह ब्लड शुगर की मात्रा को सही करने में काफी मदद मिलती है। लिहाजा, अनाजयुक्त रोटी और कुकीज के साथ मूसली या सेवई अच्छा नाश्ता हो सकता है।

सुबह के नाश्ते में आप दलिया या ओट्स को शामिल कर सकते हैं। पर्याप्त कार्ब्स लेने से जल्द भूख नहीं लगती और लंबे समय तक शरीर को ऊर्जा मिलती रहती है। यदि आप सुबह व्यायाम करते हैं, तो नाश्ते के दौरान कार्ब्स खासतौर पर महत्वपूर्ण हैं। ब्रेड, बिस्किट और बंस (पाव) सहित सभी रूपों में प्रसंस्कृत खाने की चीजों से बचना चाहिए।

फल, दूध और अंडा
नाश्ते को अपेक्षित पोषण से भरे होने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप इसमें मौसमी फलों को अनिवार्य रूप से शामिल करें। फलों से आपको जरूरी विटामिन के अलावा एंटी-आक्सीडेंट, माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स आदि मिलते हैं, जो कि आपके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को सही रखते हैं।

फलों में पाया जाने वाला प्राकृतिक शर्करा आपकी ऊर्जा को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे आपको सुबह की भाग-दौड़ करने के लिए काफी स्फूर्ति का अहसास होता है। आमतौर पर केला, आम, अनार, पपीता और अंगूर को सुबह के जलपान में शामिल करने की सलाह दी जाती है। नाश्ते में फलों का नियमित सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद है।

यदि आपको दिनभर के लिए ऊर्जा चाहिए तो इसके लिए आप अपने जलपान में दो उबले अंडे या फिर आमलेट शामिल कर सकते हैं। कुछ लोग सोचते हैं कि दूध सिर्फ बच्चों के लिए जरूरी या उपयोगी होता है तो यह धारणा गलत है। दूध को जलपान में जरूर शामिल करना चाहिए। इससे आपके शरीर को कई तरह के पोषक तत्व एक साथ मिल जाते हैं।

हमेशा रखें याद
‘मैदा और ज्यादा तेल का सेवन शरीर के लिए कभी अच्छा नहीं होता। इसलिए सुबह के नाश्ते में टोस्ट और पराठों से दूर रहें।’ आजकल शहरों में बर्गर को नाश्ते में शामिल करने का चलन तेजी से बढ़ा है। इससे पहले नाश्ते के रूप में बर्गर का उपयोग पश्चिमी देशों में काफी प्रचलित रहा है। वहां जिस तरह से मोटापा बढ़ा है, वह इसी नाश्ते का असर है। अगर मोटापे के संकट में आप नहीं फंसना चाहते हैं तो बर्गर से जरूर तौबा कर लें।

‘कई बार लोग नाश्ता भी रात को ही बनाकर फ्रिज में रख देते हैं और सुबह उठकर उसको गरम करके खाते हैं। ऐसा करना शरीर के लिए नुकसानदेह है। यहां तक कि फ्रिज में रखे फलों को भी कम से कम एक घंटे पहले बाहर निकालकर रख दें, तब इन्हें खाएं।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)