राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने और मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने बुधवार को शाम और रात के दौरान हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है। सुबह के समय अधिकांश क्षेत्रों में धुंध या मध्यम कोहरा जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहने की संभावना है।
Delhi Vidhan Sabha Chunav | Aaj Ki Taaja Khabar
दिल्ली की वायु गुणवत्ता अब भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बीते 24 घंटे में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 289 पर दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 83 प्रतिशत से 69 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में खराब हवा की स्थिति और हल्के कोहरे के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हरियाणा के नारनौल में आज मौसम में सुधार हुआ। सुबह से ही आसमान साफ रहा और सूरज निकला। ग्रामीण इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। नारनौल का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले काफी दिनों से पड़ रहे लगातार कोहरे ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया था।
झारखंड में मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 4 दिन के दौरान झारखंड का न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक घट जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर बढ़ रहा है। झारखंड का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया है, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है। बोकारो का न्यूनतम पारा 1 डिग्री बढ़कर 9.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी है। कश्मीर के डोडा और गुलमर्ग बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। गुलमर्ग का तापमान -1.6°C और पहलगाम का 0.6°C रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में पारा-2°C है, जबकि जम्मू शहर में 16.6°C दर्ज किया गया। इसके साथ ही गुलमर्ग और पहलगाम में भी भारी बर्फबारी हो रही है। हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं, श्रीनगर एयरपोर्ट पर 5 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बर्फबारी का अनुमान जताया है।
पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा बना हुआ है। लुधियाना और पटियाला जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 4°C से 6°C के बीच दर्ज किया गया। राज्य के 12 जिलों, जिनमें जालंधर, फरीदकोट और बठिंडा शामिल हैं, में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिसार और करनाल जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C के आसपास है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इन इलाकों में अगले 24 घंटे में हल्की बारिश की संभावना है। अंबाला, करनाल और रोहतक जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C से 7°C के बीच दर्ज किया गया। राज्य के 10 जिलों, जिनमें पानीपत, सोनीपत और हिसार शामिल हैं, में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C से 7°C के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने सागर, रीवा और शहडोल आदि जगहों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कोहरे की वजह से जबलपुर और ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर 12 ट्रेनें लेट चल रही हैं, जबकि इंदौर एयरपोर्ट पर 2 फ्लाइट्स में देरी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के उत्तरी इलाकों में शीतलहर के तेज होने की चेतावनी दी है।
बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। यहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। अगले दो से तीन दिनों तक बिहार का मौसम कुछ इसी तरह का रहने वाला है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। 21 जनवरी से तेज धूप निकलने से दिन और रात दोनों के तापमान में वृद्धि होगी। 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।
संभल में दो दिन की शीतलहर के बाद आम जनमानस को राहत मिली है। आज सुबह से तेज धूप निकलने के साथ ही मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं के बीच अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं का जनजीवन पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। शीतलहर के बाद जिंदगी फिर से सामान्य होती दिखी है। जिला प्रशासन और नगर निकाय की ओर से ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिल रही है।
पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव होगा। 21 और 22 जनवरी को यहां हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 जनवरी से मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे ठंडी हवाएं चल सकती हैं और रात का तापमान गिर सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपनी फसलों को ढककर रखें ताकि बारिश से फसलें बच सकें।
दिल्ली के बाहरी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा है। आईएमडी के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था।
अगले दो-तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में मौसम ठंडा रहेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, 22 से 23 जनवरी तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, और मौसम थोड़ा साफ हो सकता है। इसके साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रह सकती है। इसके प्रभाव से सर्दी बढ़ सकती है और बारिश के साथ तापमान में गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में तापमान दो से पांच डिग्री के बीच हो सकता है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 20 से 22 जनवरी के बीच बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जो इस क्षेत्र में सर्दी को और बढ़ा सकता है।
यूपी के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। ललितपुर, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और मथुरा समेत कई जिलों में कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम हो गई है। बिहार में भी पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और अररिया जैसे नौ जिलों में घने कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। ये कोहरा यातायात और जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।
