दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और सर्द हवाओं के बीच बारिश ने दस्तक देकर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। पिछले दो दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई जिलों में हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी घना कोहरा देखने को मिला।
Aaj Ki Taaja Khabar | Delhi Elections 2025 । Kal Mausam Kaisa Rahega
मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को सुबह और देर शाम को लखनऊ और राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा। दोपहर बाद मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलेगी। भरतपुर, दौसा सहित राजस्थान के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई।
Bihar News Today | UP News Today
आज का मौसम LIVE: हिमाचल प्रदेश के ऊना और हमीरपुर में भीषण शीतलहर की स्थिति देखी गई जबकि बर्थिन और कांगड़ा में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि बिलासपुर में पाला और भुंतर, सुंदरनगर व कांगड़ा के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई।
आज का मौसम LIVE: हिमाचल प्रदेश के आदिवासी और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों में लोग शीतलहर के प्रकोप की गिरफ्त में दिखाई दिये। मौसम विभाग के मुताबिक, बिलासपुर, सुंदरनगर और मंडी में घना कोहरा छाया रहा।
आज का मौसम LIVE: दिल्ली में कल आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हवा की गति 06 किमी प्रति घंटे से कम रहने के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा से मुख्य सतही हवा चलने की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर देर रात के समय धुंध/घना कोहरा छाने की संभावना है, सुबह के समय अलग-अलग स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद हवा की गति धीरे-धीरे बढ़ेगी और दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 06-08 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी। शाम और रात के समय यह गति घटकर उत्तर-पश्चिम दिशा से 04 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी। शाम/रात में धुंध/हल्का कोहरा छाने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, उत्तराखंड में 18 जनवरी तक, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 18 और 19 जनवरी को, पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 जनवरी को, हिमाचल प्रदेश में 20 जनवरी तक रात/सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: राजस्थान में आगामी 2-3 दिन कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके साथ ही 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में घना कोहरा छाया रहा। पूर्वी राजस्थान में कहीं कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान सिरोही में 3.8 डिग्री, सीकर में 4.0 डिग्री, पिलानी में 6.4 डिग्री, जालोर में 6.8 डिग्री, अजमेर में 6.9 डिग्री, जैसलमेर में 7.0 डिग्री और जयपुर में 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
आज का मौसम LIVE: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और शुक्रवार को अनेक इलाकों में सुबह घने कोहरे के साथ हुई। राज्य में कई जगह न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तक बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कई जगह 'शीत दिवस' यानी कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहा। आज बीकानेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में घना कोहरा छाया रहा।
बिहार में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ठंड के इस मौसम ने बिहार के लोगों को एक तरह से हलकान करके रख दिया है। पटना समेत कई जिलों में मकर संक्रांति को अचानक से खत्म होती ठंड वापस लौट आई। उसके बाद से ही अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री से ऊपर जाने का नाम नहीं ले रहा है। पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिकतम तापमान सिवान के जीरादेई में दर्ज किया गया जो 22.1 डिग्री सेल्सियस था। पटना समेत बिहार के ज्यादातर इलाकों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर कोहरा रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। ऐसी ठंड के पीछे की वजह पश्चिमी विक्षोभ है। आईएमडी पटना के मुताबिक 18 जनवरी से न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री और नीचे जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 18 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान लगाया है। जिसके चलते 21 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है। इस बीच, शुक्रवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुधरकर खराब हो गया। शुक्रवार सुबह 9 बजे एक्यूआई 294 (खराब) रहा, जबकि गुरुवार को शाम 4 बजे औसत एक्यूआई 302 (बहुत खराब) था। बुधवार को इसी समय एक्यूआई 386 (बहुत खराब) था।
हरियाणा में शुक्रवार को हिसार, भिवानी, रोहतक, करनाल, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम आदि जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, युमनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी में येलो अलर्ट रहेगा। 18 जनवरी को भी वर्षा के आसार हैं।
मध्य प्रदेश में 19 जनवरी से एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। अगले एक से दो दिन तक मध्य प्रदेश के कई जिलों के तापमान में बदलाव होगा। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, रीवा और उज्जैन संभाग के जिलों में बारिश और कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप और उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। 18 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
राजस्थान के 29 जिलों में घने कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है। टोंक, दौसा, अलवर, बारां, जयपुर, धौलपुर, बूंदी, भरतपुर आदि जिलों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी पूरे प्रदेश में कोहरे का अलर्ट है, जिसमें बाड़मेर, जोधपुर, जालोर और पाली को छोड़कर पूरा प्रदेश आज कोहरे के आगोश में रहने वाला है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए करौली जिला कलेक्टर ने कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। अलवर में जिला प्रशासन ने पहली से लेकर 5वीं क्लास तक के बच्चों की छुट्टियां दो दिन और बढ़ा दी हैं। वहीं, 6वीं क्लास से लेकर 12वीं क्लास के बच्चों की कक्षाएं 10 बजे से 2 बजे तक चल रही हैं।
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आईएमडी ने 18 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान लगाया है, जिसके चलते 21 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा देखने को मिला है। पालम एयरपोर्ट के अलावा आबादी वाली कॉलोनियों में भी इसका असर नजर आया। आलम यह रहा कि आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह 3 से साढ़े 7 बजे तक दृश्यता शून्य रही। वहीं, रात डेढ़ बजे से सुबह साढ़े 7 बजे तक सफदरजंग पर दृश्यता का स्तर सिर्फ 200 मीटर दर्ज किया गया। वहीं, कोहरे के चलते रेल, सड़क और हवाई यातायात भी बड़े स्तर पर हुआ प्रभावित हुआ।
प्रयागराज में सर्द हवाओं से शहर से संगम तक लोग ठिठुरते रहे। अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में गिरावट के कारण गलन अधिक बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह और शाम को भीषण सर्दी जारी रहेगी। घना कोहरा होने के कारण दृश्यता भी कम है। आईएमडी के अनुसार शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने के आसार है। साथ ही दिनभर में बारिश नहीं रही तो सुबह की ही तरह घना कोहरा छाया रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में अब कोहरा ही कोहरा देखा जा रहा है। सुबह-सुबह कोहरे ने वाहनों की रफ्तार भी धीमी कर दी। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कई दिनों तक कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 18-19 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया रह सकता है। वहीं कोहरे के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 21 और 22 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है।
पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। कश्मीर से पुंछ इलाके में ताजा बर्फबारी हुई है। मंडी सेक्टर में भी भारी बर्फबारी देखने को मिली है।
दिल्ली में घने कोहरे की वजह से ट्रेन और गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 27 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
https://Twitter.com/ANI/status/1880081758949106158
दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। नोएडा, गाजियाबाद में विजिबिलिटी काफी कम देखने को मिली। इससे असर ट्रेन और फ्लाइट पर भी देखने को मिला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आज का मौसम LIVE: IMD के अनुसार, 17-20 जनवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में; 17-19 जनवरी के दौरान पश्चिमी राजस्थान में; 18 जनवरी तक उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा में; 18-20 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में; 19 जनवरी तक मध्य प्रदेश में।
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के अनुसार, 17 तारीख को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कई हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है; 17 तारीख को उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के अनुसार, 18-20 जनवरी के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर तथा 19 और 20 जनवरी को केरल और माहे में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि 18 और 19 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तथा 19 जनवरी को केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 16 जनवरी को निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी से तथा दूसरा 22 जनवरी 2025 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इनके प्रभाव से 18-22 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा/बर्फबारी की संभावना है तथा 21 और 22 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में छिटपुट वर्षा की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: IMD के अनुमान के अनुसार, 16 जनवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में छिटपुट वर्षा/बर्फबारी की संभावना है; 16 और 17 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में और 16 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: पंजाब में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था और पटियाला में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पठानकोट में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज का मौसम LIVE: हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी है। गुरुवार को राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि, हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरसा में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 10.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 10 डिग्री, हिसार में 9.7 डिग्री और भिवानी में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फरीदाबाद और गुरुग्राम में बारिश हुई
यूपी के आगरा में गुरुवार की सुबह काफी तेज कोहरा छाया रहा। इसकी वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। सुबह 9 बजे तक तो डेढ़ सौ मीटर तक भी बहुत कम दिखाई पड़ रहा था। कोहरे की वजह से गलन भी काफी तेज रही।