राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में जबर्दस्त शीतलहरी चल रही है। इसकी वजह से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बुधवार को पूरे दिन आकाश में बदली छाए रहने से धूप नहीं निकली। कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए धूप आई भी तो ठंडी हवाओं के चलते वह बेअसर रही। गुरुवार को दिन में कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से तापमान गिर गया है और ठंड में तेजी आ गई है। कश्मीर घाटी में बर्फबारी के आसार हैं। कश्मीर क्षेत्र में दो बार पश्चिमी विक्षोभ का लगातार प्रभाव पड़ने की संभावना है। घाटी में ठिठुरन बढ़ गई है।

IMD के अनुसार, 2 दिसंबर को यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और एमपी में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया है। आने वाले 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Live Updates

देश की राष्ट्रीय राजधानी से लेकर जम्मू-कश्मीर के मौसम तक की जानकारी के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ...

14:59 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: एमपी के कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे चला गया है। इस दौरान सबसे कम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 2 दिसंबर को भोपाल, रायसेन, रीवा, नौगांव, सीधी, नर्मदापुरम, जबलपुर, सतना, गुना, शिवपुरी, बालाघाट, सिवनी, उमरिया और उज्जैन जैसे जिलों के लिए कोल्ड डे रहा।

14:52 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: यूपी के कई शहरों में तापमान गिरा

उत्तर प्रदेश में शीतलहर चल रही है। अगले हफ्ते कुछ शहरों में बूंदाबांदी से ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को सीतापुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर जैसे जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

14:50 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: झारखंड के कई जिलों में तापमान 8 डिग्री तक गिरा

झारखंड के विभिन्न जिलों में तापमान में तेजी से गिरावट आई है। रांची सहित कई जिलों का तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंच गया है। कुछ जिलों में तापमान 8 डिग्री तक गिर गया है।

12:16 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया, न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर दिन के दौरान ठंड और कुछ इलाकों पर घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

10:15 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: पंजाब के 12 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पंजाब के 12 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। नया पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मौसम के फिर बदलने की संभावना है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उसमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, एसएएस नगर व फतेहगढ़ साहिब जिले शामिल हैं।

08:19 (IST) 2 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: कुंभ मेले से पहले प्रयागराज में गिरेगा तापमान - IMD

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि कुंभ मेले की शुरुआत से पहले नौ जनवरी के बाद प्रयागराज में तापमान के सामान्य से नीचे जाने की संभावना है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विभाग कुंभ मेले के लिए विशेष मौसम अपडेट उपलब्ध कराएगा। इस मेले का 14 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजन होगा। उन्होंने कहा, “हम विस्तृत जानकारी एकत्र कर रहे हैं और सटीक पूर्वानुमान के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कुंभ मेले के मौसम संबंधी अपडेट के लिए एक समर्पित वेबपेज भी विकसित किया जा रहा है।”

16:32 (IST) 1 Jan 2025
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लोग ठंड का सितम झेल रहे हैं। राज्य में 2 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने की बात कही जा रही है। 5 और 6 जनवरी को प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के कई क्षेत्रों में कोहरा है। कुल्लू और लाहौल में कई सड़कें बंद हैं और वाहनों की आवाजाही बहाल नहीं हो पाई है।

10:15 (IST) 1 Jan 2025
Aaj Ka Mausam LIVE: यूपी के तापमान में भी गिरावट

उत्तर प्रदेश के कम से कम 50 जिलों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। यूपी में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

09:34 (IST) 1 Jan 2025
हरियाणा-पंजाब में कड़ाके की ठंड और कोहरा

हरियाणा और पंजाब में भी लोग इन दिनों ठंड का कहर झेल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। हिसार में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और सिरसा में क्रमशः 6.7 और 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में आने वाले कुछ दिनों में शीतलहर चलने की भी संभावना है।

08:53 (IST) 1 Jan 2025
बिहार में तेज होगा ठंड का कहर

बिहार में मौसम विभाग ने हाड़ कंपाने वाली ठंड को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले दो-तीन दिनों में पूरे बिहार में शीतलहर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 5 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बिहार के अधिकांश जिलों में दिन के समय भी ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा लेकिन दिन में धूप खिल सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड का और कहर देखने को मिलेगा।

08:46 (IST) 1 Jan 2025
लखनऊ में छाए हुए हैं बादल, धूप निकलने की उम्मीद नहीं

लखनऊ में नए साल की पहली सुबह पर काफी ठंड रही। शहर में बादल छाए हैं और बर्फीली हवाएं चल रही हैं। दिन में धूप निकलने की उम्मीद नहीं है इसलिए सर्दी का असर बना रहेगा। रात में न्यूनतम तापमान 6 और सुबह 7 बजे का तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ठंड के कारण लोग आग और हीटर का सहारा लेकर खुद को गर्म रखने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान अब 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।