Maharashtra Minister Nitesh Rane Controversy Comment: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे (Nitesh Rane) ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने कहा कि EVM का मतलब ‘हर वोट मुल्ला के खिलाफ’ है। नितेश राणे ने कहा कि हां हम ईवीएम एमएलए हैं लेकिन ईवीएम का मतलब हर वोट, मुल्ला के खिलाफ है। बता दें, नितेश राणे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे हैं।

‘विपक्ष EVM के नाम पर चिल्ला रहा है’

महाराष्ट्र के मत्स्य पालन और बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने कहा कि महाराष्ट्र में सभी विपक्षी दल EVM के नाम पर चिल्ला रहे हैं। सांगली में हिंदू गर्जना सभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे ईवीएम को दोष दे रहे हैं। वे इस तथ्य को पचा नहीं पा रहे हैं कि हिंदू समुदाय ने एकजुट होकर मतदान किया है।

विवादित बयान देते रहे हैं नितेश राणे

कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने केरल को “मिनी पाकिस्तान” बताकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि सभी आतंकवादियों ने गांधी परिवार को वोट दिया है। आलोचना के बाद राणे ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी थी और कहा था कि उन्होंने केवल केरल में हिंदुओं के धर्म परिवर्तन और लव जिहाद के मुद्दे उठाए थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे राणे ने यह बाद पुणे जिले में एक रैली में की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि केरल छोटा पाकिस्तान है और इसीलिए राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा वहां से चुने जाते हैं। सभी आतंकवादी उन्हें वोट देते हैं। यह सच है, आप पूछ सकते हैं। वे आतंकवादियों को अपने साथ लेकर सांसद बने हैं।

राणे की इस टिप्पणी को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा था कि इस तरह की बयानबाजी उनके राज्य के खिलाफ संघ परिवार द्वारा चलाए जा रहे घृणा अभियान को दर्शाती है। उन्होंने एक्स पर लिखा था कि महाराष्ट्र के मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे द्वारा केरल को ‘मिनी पाकिस्तान’ करार देने वाली अपमानजनक टिप्पणी अत्यंत दुर्भावनापूर्ण एवं निंदनीय है। इस तरह की बयानबाजी धर्मनिरपेक्षता एवं सांप्रदायिक सद्भाव के गढ़ केरल के खिलाफ संघ परिवार द्वारा चलाए जा रहे घृणा अभियान को दर्शाती है। उन्होंने कहा था कि हम केरल पर इस घृणित हमले की कड़ी निंदा करते हैं, और सभी लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ताकतों से संघ परिवार के घृणित प्रचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान करते हैं।

विपक्ष ने नितेश राणे की आलोचना की

राणे की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने भाजपा से सवाल किया कि क्या उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई अधिकार है। लोंधे ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की शपथ लेने के बाद मंत्री बने नितेश राणे केरल को ‘भारत का पाकिस्तान’ कहते हैं और कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को वोट देने वालों को ‘आतंकवादी’ कहते हैं। क्या ऐसे व्यक्ति को कैबिनेट में रहना चाहिए? भाजपा, जो हर चीज से ऊपर राष्ट्र को प्राथमिकता देने का दावा करती है, उसे स्पष्ट स्पष्टीकरण देना चाहिए।

‘इंसान हूं, भगवान नहीं, गलतियां मुझसे भी होती हैं’, जानिए पहले पॉडकास्ट में पीएम मोदी ने क्या कुछ कहा

बाद में एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम नितेश राणे से और क्या उम्मीद कर सकते हैं। उन्हें इसके लिए चुना गया है। मैं नरेंद्र मोदी जी और देवेंद्र फडणवीस से एक सवाल पूछना चाहता हूं, जो व्यक्ति मंत्री है वह अपने ही देश के राज्य को ‘पाकिस्तान’ कहता है और वहां के लोग जिन्होंने वोट दिया, उन्हें आतंकवादी कहते हैं। क्या ऐसे व्यक्ति को मंत्री पद पर रहने का कोई अधिकार है?

हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कंकावली सीट से जीतने वाले राणे को नए मंत्रिमंडल में मत्स्य पालन और बंदरगाहों का विभाग दिया गया है। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने फडणवीस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें नफरत फैलाने के लिए राणे के लिए अलग विभाग बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि उनकी टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

आजमी ने पीटीआई से कहा कि एक मंत्री होने के नाते उन्हें ऐसी बातें कहना शोभा नहीं देता। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। केरल एक धर्मनिरपेक्ष राज्य है। राज्य के लोगों ने भाजपा को खारिज कर दिया है और इसलिए वे निराश हैं।

यह भी पढ़ें-

‘जहां नहाते शंकराचार्य, वहीं नहाएंगे दलित और पिछड़े’, महाकुंभ में VIP घाट के विरोध में क्या-क्या बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

महाकुंभ में 9 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, सीएम योगी ने ‘मां की रसोई’ का किया उद्घाटन; जानिए थाली में क्या-क्या शामिल