Delhi CM Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 28 मार्च तक के लिए ईडी की रिमांड में भेज दिया है। इसका मतलब यह है कि अरविंद केजरीवाल की होली अब ईडी की कस्टडी में बीतेगी। अब ईडी अरविंद केजरीवाल को 28 मार्च को दोपहर दो बजे कोर्ट में पेश करेगी। शुक्रवार को कोर्ट में ईडी ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ तथ्य रखते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली का मुख्यमंत्री होने का लाभ उठाते हुए धन शोधन में AAP का सहयोग किया।  AAP अपराध से अर्जित आय की प्रमुख लाभार्थी है। ईडी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जानबूझकर नौ समन की अवज्ञा की। ईडी ने कहा कि जब उनका बयान पीएमएलए के तहत दर्ज किया गया तो उन्होंने सच्चाई नहीं बताई या सही तथ्य नहीं दिए। ईडी ने यहा भी कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल रिश्वत की मांग कर कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए शराब नीति तैयार करने की साजिश में शामिल थे। अरविंद केजरीवाल अपने मंत्रियों, ‘आप’ नेताओं की मिलीभगत से दिल्ली शराब घोटाले के सरगना और मुख्य षड्यंत्रकारी हैं।

Live Updates

Arvind Kejriwal Arrest: अरविंद केजरीवाल से जुड़ी बड़ी खबरों के लिए बने रहिए jansatta.com के साथ

09:59 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: केजरीवाल के समर्थन में शशि थरूर

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “मैं सुप्रीम कोर्ट से आग्रह करता हूं कि जो कुछ हुआ है उस पर स्वत: संज्ञान लिया जाए। जो हुआ है वह लोकतंत्र की भावना का उल्लंघन है। अदालत को चुनावों पर प्रभाव डालने वाली किसी भी चीज़ के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। यह मूल रूप से प्रत्येक भारतीय नागरिक के राजनीतिक अधिकारों का उल्लंघन है। सुबह 11 बजे राजभवन तक मार्च किया जाएगा।”

09:45 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बीजेपी का बयान

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “इन लोगों ने सारी शर्म खो दी है। झूठ बोलने में माहिर लोग आज बीजेपी पर सवाल उठा रहे हैं। करोड़ों का लेन-देन करने वाले लोग कह रहे हैं कि भाजपा भ्रष्ट है। मैं उनके (आप) कार्यकर्ताओं के समर्पण से आश्चर्यचकित हूं कि वे ऐसे भ्रष्ट आदमी के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।”

09:30 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: चुनाव आयोग क्या कर रहा है?- सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव सहित सभी विपक्षी नेताओं को केजरीवाल जी के प्रति दिखाए गए प्यार के लिए धन्यवाद देता हूं। केजरीवाल के साथ जो किया जा रहा है वह अन्याय है। यह एक राजनीतिक पार्टी को खत्म करने का प्रयास है। हमारे कानूनी विशेषज्ञ काम कर रहे हैं। हमारे पार्टी कार्यालय को छावनी में बदल दिया गया है। आईटीओ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया गया है। क्या आदर्श आचार संहिता लागू है? चुनाव आयोग क्या कर रहा है?”

09:27 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: बड़ी राजनीतिक साजिश है केजरीवाल की गिरफ्तारी- आतिशी

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, “यह पहली बार है कि किसी मौजूदा सीएम को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार किया है। देश के इतिहास में यह पहली बार है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बीजेपी की राजनीतिक साजिश है।”

09:24 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: शाम 6 बजे तक बंद रहेगा ITO मेट्रो स्टेशन

दिल्ली का आईटीओ मेट्रो स्टेशन शुक्रवार शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को देखते हुए मेट्रो प्रशासन ने ये फैसला लिया है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर सकते हैं।

09:12 (IST) 22 Mar 2024
Arvind Kejriwal Arrest Live: सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की गिरफ्तारी पर हो सकती है सुनवाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है और इस पर आज सुनवाई भी हो सकती है। केजरीवाल ने अर्जेंट हियरिंग की मांग की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की है। गुरुवार को अरविंद केजरीवाल अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे थे लेकिन वहां से उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद ED की टीम ने उनके घर पर रेड की और 2 घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।