राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव इन दिनों बिहार की राजनीति के केंद्र बिंदु बने हुए हैं। महज 26 साल की उम्र में उप-मुख्यमंत्री बनने वाले तेजस्वी अब बिहार के अगले सीएम बन सकते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी राजद बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। वे राजनीति से पहले क्रिकेट थे। 9 नवंबर 1989 को पटना में जन्में तेजस्वी फर्स्ट क्लास, लिस्ट ए और टी20 मैच खेल चुके थे। एक इंटरव्यू में बताया था कि विराट कोहली भी उनकी कप्तानी में खेल चुके हैं।
तेजस्वी यादव ने पिछले साल इंडिया टुडे के न्यूज डायरेक्टर राहुल कंवल को दिए इंटरव्यू में खुलासा करते हुए कहा था कि विराट कोहली उनकी कप्तानी में खेल चुके हैं। वे दिल्ली अंडर-15 और अंडर-17 के कप्तान थे। उन्होंने टीम को 35 साल के बाद चैंपियन बनाया था। तेजस्वी ने क्रिकेट खेलने के सवाल पर कहा था, ‘‘बचपन में रोड पर जो कोई भी मिल जाता था, उसके साथ खेलने लगता था। पार्टी के सदस्यों के साथ भी खेलने लगता था। आज कल क्रिकेट खेलने का मौका ज्यादा नहीं मिलता है, लेकिन शौक अभी भी है। मैं मध्यक्रम में खेलना पसंद करता था। सेकंड डाउन खेलना अच्छा लगता था।’’
तेजस्वी ने आगे बताया था, ‘‘मुझे फिनिशर बनना पसंद था। स्ट्राइक रेट मेरा ठीक रहता था। विराट कोहली एक क्लासिक बल्लेबाज हैं। मैं उनके साथ खेल चुका हूं। हमने क्रिकेट खेलना साथ में शुरू किया था। वो मेरी कप्तानी में खेल चुके हैं। दिल्ली अंडर-15 और अंडर-17 में वो मेरे साथ थे। तब दिल्ली 35 साल बाद चैंपियन बनी थी। मैंने बचपन में घर के काफी शीशे तोड़े हैं। मुझे प्रोफेशनल क्रिकेटर बनना था। शुरू से ही मेरी यह चाहत थी। मैं देश का प्रतिनिधित्व करना चाहता था।’’
क्रिकेट छोड़ने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा था, ‘‘मेरे दोनों एंकल में समस्या हो चुकी थी और पिताजी के साथ अन्याय हो रहा था। इसलिए मुझे उनके साथ खड़ा रहना था। मौजूदा समय में सभी नए खिलाड़ी अच्छे हैं। विराट कोहली बेहतरीन खेल रहे हैं। क्रिकेट देखने का भी अब तो मौका कम मिलता है। शाम कभी कोई टीवी पर मैच चला रहा हो तो देख लेता हूं। मैं अभी भी क्रिकेट को मिस करता हूं।’’ तेजस्वी आईपीएल का भी हिस्सा रह चुके हैं। वह 2008, 2009, 2011 और 2012 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) का हिस्सा रहे थे। हालांकि, उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला।