भारतीय टीम के धुरंधर ओपनर रोहित शर्मा को टीम का सबसे आलसी और मजाकिया क्रिकेटर माना जाता है। इसकी पुष्टि विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन जैसे सीनियर खिलाड़ी कर चुके हैं। रोहित को लेकर टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने किस्से शेयर किए हैं तो खुद हिटमैन ने कई कहानियां लोगों के सामने रखी हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि कैसे रविंद्र जडेजा के कारण उनकी और अजिंक्य रहाणे की जान जा सकती थी। इस दौरान रहाणे भी वहां मौजूद थे।

दरअसल, रोहित और रहाणे का यह इंटरव्यू वीयू इंडिया नाम के यूट्यूब चैनल पर है। इसमें दक्षिण अफ्रीका में जंगल सफारी की यादों को ताजा करते हुए रोहित और रहाणे ने जडेजा के बारे में कई खुलासे किए थे। रहाणे ने पहले कहा था, ‘‘हम चीता वॉकिंग करने गए थे। हमें लगा था कि दो-तीन चीते होंगे और हम उनके पीछे-पीछे चलेंगे। जब हम जंगल में पहुंचे तो 20-25 मीटर की दूरी पर दो चीते थे। दोनों ने उसी समय शिकार किए थे। हम 5-6 लोग वहां पहुंचे थे। मैं, रोहित, राधिका (रहाणे की पत्नी), रीतिका (रोहित की पत्नी), रविंद्र जडेजा वहां गए थे।’’

जोश हेजलवुड- छोटे शहर का हीरो; भाला फेंक में जीता था गोल्ड मेडल, ओलंपिक में ले सकते थे हिस्सा

रोहित ने रहाणे को रोकते हुए कहा, ‘‘जडेजा के साथ कहीं जाना नहीं चाहिए। वो एक नंबर का पागल आदमी है।’’ रहाणे ने आगे कहा, ‘‘हम पांचों एक साथ थे। जैसे हम पहुंचे तो चीते ने मुड़कर हमारी ओर देखा।’’ रोहित ने इसके आगे कहा, ‘‘जडेजा के कारण चीते ने हमारी ओर देखा था। वह वहां पर आवाज करके उसे बुला रहा था। फिर मैंने उसे रोकते हुए कहा था कि भाई ये क्या कर रहा है? हम लोग जंगल में हैं और उन्हें पता चला तो हमें दो मिनट में उठाकर ले जाएंगे।’’

रोहित ने आगे सुनाया, ‘‘हमारी लाइफ का बेस्ट एक्सपीरियंस था। जंगल में आपको घूमने नहीं दिया जाता है। खासकर वहां दो चीते थे। उन्होंने उसी समय शिकार किया था। उन्हें खाना खाते समय परेशान नहीं किया जाता। हम उन्हें पीछे से देख रहे थे। हमारे जडेजा जी ने वहां से आवाज करना शुरू किया। भाई साब (जडेजा) ने गुजरात में भी कुछ किस्से किए थे, जिसमें सरकार बीच में आई थी। जडेजा को वहां लेकर जाना सही आइडिया नहीं था। उसे गाड़ी में ही छोड़ देना चाहिए था। जैसे ही चीते ने मुझे देखा था तो मैं डर गया था। मैं जडेजा को मारने वाला था।’’