टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को गुस्सा करते कम ही लोगों ने देखा है। उन्हें सबसे शांत खिलाड़ियों में शामिल किया जाता है। पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने खुलासा किया है कि है एक बार द्रविड़ के गुस्से का शिकार भारत को दो वर्ल्ड कप दिलाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हो गए थे। दरअसल, द्रविड़ हाल ही में एक विज्ञापन में नजर आए हैं, जिसमें वो सड़क पर गुस्से में दिखाई दे रहे हैं। इसी पर सहवाग ने एक इंटरव्यू में अपनी प्रतिक्रिया दी।

सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा से कहा, ‘‘मैंने राहुल द्रविड़ को गुस्से में देखा है। जब हम पाकिस्तान में थे और धोनी नए-नए आए थे। धोनी ने एक शॉट खेला और प्वाइंट पर पकड़े गए। इस पर द्रविड़ धोनी से बहुत नाराज थे। उन्होंने कहा था कि क्या इस तरह से तुम खेलते हो? तुम्हें खेल खत्म करना चाहिए। मैं भी हाफ गया था क्योंकि इतनी अंग्रेजी उन्होंने फटाफट बोल दी। मुझे आधी बात समझ में नहीं आई।’’

सहवाग ने इसके आगे कहा, ‘‘जब एमएस धोनी अगली बार बल्लेबाजी करने आए, तो मैं देख रहा था कि वह ज्यादा शॉट नहीं मार रहा था। मैंने जाकर उससे पूछा कि क्या गलत था। उसने कहा कि वह कप्तान से दोबारा गालियां नहीं खाना चाहते हैं। धोनी ने कहा कि मैं शांति मैच खत्म करूंगा और वापस जाऊंगा।’’ आशीष ने कहा कि दुनिया का ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है जिसे गुस्सा नहीं आता। कुछ खिलाड़ी दिखाते ज्यादा हैं लेकिन धोनी कंट्रोल ज्यादा करते हैं।

आशीष ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि धोनी को गुस्सा नहीं आता है। वे कभी-कभी पास आकर सुनाते हैं। मैदान पर सभी मैच जीतने की कोशिश करते हैं। वे गुस्सा करते हैं लेकिन दिखाते नहीं हैं। वह ज्यादा मजाक नहीं करते हैं। युवराज सिंह और हरभजन सिंह की तरह वे ज्यादा मजाक नहीं करते हैं। अपने कमरे में वो वीडियो, लूडो और कैरम खेलते रहते हैं।’’ आशीष टीम इंडिया के अलावा चेन्नई सुपरकिंग्स में भी धोनी के साथ खेल चुके हैं।