भारतीय क्रिकेट में इस बात की चर्चा लंबे समय से चली आ रही है कि महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा में बेहतर कप्तान कौन है। शांत और कूल होने के कारण कुछ लोग धोनी और रोहित शर्मा को एक तरह का कप्तान मानते हैं और कोहली को आक्रामक होने के कारण अलग श्रेणी में रखते हैं। भारत के विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इन तीनों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि धोनी किसी भी खिलाड़ी के अंदर से 100% निकलवाने में माहिर हैं। वहीं, रोहित योजना बनाने में सही हैं। कोहली आगे रहकर मैच खेलना पसंद करते हैं।

पार्थिव पटेल ने आकाश चोपड़ा से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि एम धोनी को हर खिलाड़ी की क्षमता और उनसे अच्छा प्रदर्शन कैसे करवाना है इस बारे में उन्हें अच्छे से पता है। हम अपना 100 प्रतिशत देने की बात करते हैं लेकिन हर खिलाड़ी का 100 प्रतिशत अलग अलग होता है। इसलिए धोनी को पता है कि खिलाड़ी की क्या काबिलियत है और उसे कैसे बाहर लाना है। वो उन्हें अपने हिसाब से खेलने देता है और उन्हें खुद को एक्सप्रेस करने का मौका देते हैं।’’

पटेल ने कहा, ‘‘रोहित योजना अच्छे से बनाता है। वो गेंदबाजों के साथ काफी बातचीत करता है। वो ये पता लगाता है कि उसे दी गई जानकारी का उपयोग कैसे करना है, और किस खिलाड़ी को किस भूमिका में उपयोग किया जा सकता है, वो उसका पता लगाने में मास्टर है। 2014 के बाद से लेकर अब तक, अगर आप उस पर नज़र डालें तो उन्होंने बहुत सुधार किया है। मैन-मैनेजमेंट में धोनी और रोहित वास्तव में अच्छे हैं।’’

कोहली के बारे में बात करते हुए पार्थिव ने कहा, ‘‘विराट की कप्तानी अलग है, उसे हमेशा सबसे आगे रहना पसंद है। उसे आगे से अगुवाई करना और आक्रामक रहना पसंद है। ये उसका स्टाइल है और उस पर जंचता है। धोनी और रोहित ड्रेसिंग रूम को शांत रखते हैं जबकि विराट ये निश्चित करते हैं सभी खिलाड़ी हर समय तैयार हैं और अपने आप को आगे बढ़ाते रहे।’’ पार्थिव आईपीएल में तीनों खिलाड़ियों की कप्तानी में खेल चुके हैं। इसके अलावा वे डेक्कन चार्जर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेले हैं।