टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम उनके नेतृत्व में यूएई पहुंच चुकी है। उससे पहले टीम के खिलाड़ियों ने अपने होम ग्राउंड चेपक स्टेडियम पर अभ्यास किया। इस दौरान धोनी, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू और पीयूष चावला सहित टीम के कई खिलाड़ी मौजूद थे। धोनी ने अभ्यास में लंबे-लंबे शॉट्स लगाए। उन्होंने आश्चर्यजनक रूप से गेंदबाजी का भी अभ्यास किया।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को शुक्रवार यानी 21 अगस्त को शेयर किया। इसे अब तक 4 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। धोनी वीडियो में सबसे पहले गेंदबाजी करते नजर आए। इसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाज दीपक चाहर की गेंद पर कई शॉट लगाए। फिर आखिरी में माही ने लंबे शॉट्स का अभ्यास किया। इसी दौरान धोनी ने एक लंबा छक्का मारा तो उनके साथी खिलाड़ी रैना ने सीटी बजा दी। रैना ने भी धोनी के बाद संन्यास का ऐलान किया था। वे घरेलू और आईपीएल मैचों में खेलते दिखाई देंगे।
धोनी पिछली बार मार्च में चेन्नई में अभ्यास करते हुए नजर आए थे। तब भी वे लंबे-लंबे छक्के लगाने के कारण सुर्खियों में थे। उसके बाद कोरोनावायरस के कारण आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। माना जाता है कि अगर तय समय पर आईपीएल होता तो धोनी अभी संन्यास नहीं लेते। वे टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आ सकते थे। टी20 वर्ल्ड कप को भी कोरोनावायरस के कारण टाल दिया गया है। इससे धोनी की वापसी का इंतजार लंबा हो जाता। उन्होंने संन्यास लेना ही उचित समझा।
चेन्नई की टीम शुक्रवार को ही आईपीएल के 13वें सीजन के लिए यूएई रवाना हुई है। टीम के भारतीय खिलाड़ी धोनी के नेतृत्व में यूएई पहुंच गए। वहीं, विदेशी खिलाड़ी सीधे यूएई ही पहुंचेंगे। चेन्नई के अलावा मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम भी रवाना हो चुकी है। आईपीएल का 13वां सीजन यूएई में 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच खेला जाएगा।


