चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चौथी बार चैंपियन बनने की तैयारी में जुटी हुई है। टीम का पहला मैच 19 सितंबर को चार बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस से होगा। पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले धोनी एक साल से पेशेवर क्रिेकेट नहीं खेले हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी को देखकर ऐसा नहीं लगता कि वे लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। धोनी ने अभ्यास के दौरान एक ऐसा छक्का लगाया कि गेंद स्टेडियम के बाहर जाकर गिरी। इसका वीडियो चेन्नई सुपरकिंग्स ने शेयर किया है।

धोनी के इस शॉट को देखकर उनके साथी मुरली विजय भी हैरान हो गए। उनके मुंह से सबसे पहले यह निकल गया कि बॉल गुम हो गई है। मुरली विजय ने शॉट के बारे में कहा, ‘‘यह पावरफुल शॉट था। यह शानदार टाइमिंग रही है। बैट की स्पीड और स्विंग दोनों ही बेहद ही उम्दा हैं।’’ धोनी इससे पहले भी नेट्स पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते नजर आए हैं। उन्होंने पीयूष चावला की गेंद पर लंबे-लंबे शॉट्स लगाए थे। धोनी ने भारत के लिए 350 वनडे, 90 टेस्ट, 98 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 10,773 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50 से ज्यादा रहा। टेस्ट मैचों में धोनी ने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं।

धोनी से पहले रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें हिटमैन ने 95 मिनट लंबा छक्का लगाया था। मुंबई इंडियंस ने अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडल से रोहित शर्मा का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में रोहित नेट में प्रैक्टिस करते हुए एक ऐसा शानदार छक्का जड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं कि गेंद चलती हुई बस की छत पर जाकर गिरती है। कोरोना के कारण रोहित और धोनी लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। दोनों की बल्लेबाजी को देखकर ऐसा माना जा रहा है कि वे फॉर्म में लौट आए हैं।

रोहित ने 95 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। यह छक्का स्टेडियम को पार करते हुए आबू धाबी में चल रही एक बस की छत पर जाकर गिरा। मुंबई इंडियंस ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था- बल्लेबाज छक्के जड़ते हैं, लीजेंड्स स्टेडियम के बाहर पहुंचाते हैं। हिटमैन सिक्स जड़ते हैं, स्टेडियम के पार पहुंचाते हैं और चलती बस पर जड़ते हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस 2013, 2015, 2017 और 2019 में चैंपियन बन चुकी है। पिछले से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।