कोरोनावायरस के कारण देश में 3 मई तक लॉकडाउन है। इस खतरनाक वायरस से भारत में अब तक 13 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। 400 से ज्यादा लोगों की जान गई है। कोविड19 महामारी के कारण सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया भर में खेल की प्रतियोगिताओं को रद्द या स्थगित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर (IPL) के 13वें सीजन को भी अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। ऐसे में हम आपको आईपीएल के ऐसे रिकॉर्ड के बारे में बताएंगे जिस पर शायद ही विश्वास हो।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह और टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के नाम संयुक्त रूप से एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी होगी। दरअसल, दोनों आईपीएल इतिहास के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। युवराज सिंह ने सबसे पहले यह रिकॉर्ड 2014 में बनाया था। तब उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) के खिलाफ एक ही पारी में 9 छक्के जड़ दिए थे।

युवराज ने 29 गेंद की पारी में ताबड़तोड़ 68 रन बनाए थे। इस दौरान सिर्फ एक ही चौका लगाया था। उनका स्ट्राइक रेट 234.48 का था। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 186 रन बनाए। दिल्ली की टीम 7 विकेट पर 170 रन ही बना सकी। युवराज का यह रिकॉर्ड अभी भी कायम है, लेकिन 2017 में पंत ने इसकी बराबरी जरूर कर ली। ऋषभ ने दिल्ली के लिए खेलते हुए गुजरात लायंस के खिलाफ एक ही पारी में 9 छक्के लगाए थे।

पंत ने 43 गेंद की पारी में 97 रन बनाए थे। वे शतक लगाने से चूक गए थे। पंत ने उस पारी में 6 चौके भी लगाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 225.58 का रहा था। पंत की धुआंधार पारी की बदौलत दिल्ली ने मुश्किल लक्ष्य को हासिल किया था। दरअसल, गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 208 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने 17.3 ओवर में 3 विकेट पर 214 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया था।