इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) की शुरुआत 31 मार्च से होना है। इससे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी तैयारी में जुटी हुई हैं। संजू सैमसन की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स (RR)की फ्रेंचाइजी जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में अभ्यास कर रही है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर प्रैक्टिस सेशन का एक मजेदार वीडियो शेयर किया है।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में रविचंद्नन अश्विन अभ्यास सत्र के बाद ड्रेसिंग रूम की ओर जाते दिख रहे हैं। प्रशंसक अश्विन का नाम लेकर चीयर करने लगते हैं। इस दौरान वे ऑफ स्पिनर के लिए हिमेश रेशमिया का पॉपलुर गाना “झलक दिखला जा” गाते हैं। फैंस जब एक बार आ जा आ जा आ जा गाते हैं तो ऑफ स्पिनर कहते हैं, ” कल आता हूं।”

अश्विन अपनी हंसी नहीं रोक पाए

इसके बाद फैंस ने कोरस में गाना शुरू कर दिया और अश्विन अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने कहा, “कमाल है यार।” आईपीएल 2023 का पहला मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद से 2 अप्रैल को खेलेगी। संजू सैमसन की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी ने पिछले साल अच्छा प्रदर्शन किया था और उपविजेता रही थी। जोस बटलर ने बल्ले और युजवेंद्र चहल ने गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों ने ऑरेंज और पर्पल कैप अपने नाम किया था।

रविचंद्रन अश्विन का आईपीएल में प्रदर्शन

रविचंद्रन अश्विन की बात करें तो उन्होंने आईपीएल 2022 में गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। 17 मैच में 141.48 स्ट्राइक रेट और 27.29 के औसत से 191 रन बनाए। इसके अलावा 17 मैच में 7.51 की इकॉनमी से 12 विकेट झटके। आईपीएल में वह 6.98 की इकॉनमी से 157 विकेट झटके हैं। वहीं 117.64 के स्ट्राइक रेचट से 647 रन बनाए हैं।