इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) पर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले तीन खिलाड़ी, 10 ग्राउंड्समैन और 7 इवेंट मैनेजर कोविड पॉजिटिव हो चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के नीतीश राणा और दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के देवदत्त पडिक्कल भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से नीतीश वापस मैदान पर लौट चुके हैं। बढ़ते संक्रमण के बावजूद बीसीसीआई ने मुंबई से मैचों को बाहर कराने से मना कर दिया है।
आरसीबी की टीम चेन्नई में है। वहां उसे टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ 9 अप्रैल को खेलना है। पडिक्कल ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 15 मैचों में 31.53 की औसत से 473 रन बनाए थे। उन्होंने इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 6 मैचों में 43.60 की औसत से कर्नाटक के लिए 218 रन बनाए थे। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी के 7 मुकाबलों में 147.40 की औसत से 737 रन ठोके थे। कोविड पॉजिटिव होने के कारण उनका पहले मुकाबले में खेलना संदिग्ध है।
शनिवार को अकेले महाराष्ट्र में 9 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने द संडे एक्सप्रेस को पुष्टि की कि 10 मैचों को मुंबई से ट्रांसफर करने में देरी हो चुकी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अब मेजाबनी वापस नहीं ले सकते। यदि हम मैचों को दूसरे स्थान पर ट्रांसफर करते हैं, तो सबसे पहले पूरे बायो-बबल का निर्माण करना होगा। साथ ही टीमों को एक शहर से दूसरे शहर में जाना होगा। हमारे पास समय नहीं है। इसलिए मैच मुंबई में खेले जाएंगे।’’
बोर्ड के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘यदि लॉकडाउन होता है तो टीमें बायो-बबल में हैं और वैसे भी दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं है। इसलिए हमें अब भी मुंबई में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आईपीएल मैचों के आयोजन की उम्मीद है। लेकिन यदि स्थिति नियंत्रण से बाहर चली आ जाती है तो हैदराबाद और इंदौर को स्टैंड बाई रखा गया है। अगर लॉकडाउन होता है, तो मैचों का आयोजन और भी आसान हो जाएगा क्योंकि मैदान के बाहर और अन्य जगहों पर दर्शकों पर नियंत्रण लगा होगा।’’
मुंबई में अभी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियन्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की टीमें हैं लेकिन इनमें कोई भी टीम वानखेड़े नहीं गई। अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स ब्रेबोर्न स्टेडियम और बांद्रा कुर्ला काम्पलेक्स मैदान पर अभ्यास कर रही हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने चेन्नई रवाना होने से पहले नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम में अभ्यास किया था।’’

