इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन की शुरुआत शनिवार (19 सितंबर) को होगी। टूर्नामेंट के पहले मैच में 3 बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से अबुधाबी में होगा। मुंबई की टीम चार बार चैंपियन बन चुकी है। पिछली बार फाइनल में उसने चेन्नई को हराया था। इस बार टूर्नामेंट का फाइनल 10 नवंबर को खेला जाएगा, लेकिन सबकी नजर पहले मुकाबले पर होगी। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 14 महीने के बाद पेशेवर क्रिकेट खेलने उतरेंगे। उन्होंने अपना पिछला मुकाबला 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

धोनी जब कल मैच में उतरेंगे तो उनके सामने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (rcb) के धुरंधर बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा। माही आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे आगे वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और डिविलियर्स हैं। डिविलियर्स ने अब तक 212 छक्के लगाए हैं। वहीं, धोनी के नाम 209 छक्के हैं। वे मुंबई के खिलाफ अगर 4 छक्के लगाने में सफल हो जाते हैं तो डिविलियर्स को पीछे छोड़ देंगे। किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलने वाले क्रिस गेल की बात करें तो उन्होंने 326 छक्के लगाए हैं। इस रिकॉर्ड को तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं है।

आईपीएल में धोनी के रिकॉर्ड की बात करें तो वे सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। माही ने चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी 10 सीजन और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स का नेतृत्व एक सीजन में किया है। इस दौरान उन्होंने कुल 174 मैचों में कप्तानी की है। वे 2017 में पुणे के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर खेले थे। उस दौरान ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ कप्तान थे। धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को तीन बार चैंपियन बनाया है।

धोनी के नाम कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अब तक 104 मैचों में टीम को जीत दिलाई है। वे 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। धोनी की जीत का प्रतिशत 60.11 है। कम से कम 50 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों में उनकी जीत का प्रतिशत सबसे ज्यादा है। धोनी ने विकेटकीपर के तौर पर 132 शिकार किए हैं। यह आईपीएल में किसी भी विकेटकीपर से ज्यादा है। स्टंपिंग में भी माही टॉप पर हैं। उन्होंने 38 बार स्टंप किया है।