इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के 13वें सीजन की शुरुआत 19 सितंबर को होगी। पहला मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। आईपीएल के शुरू होने से 12 दिन पहले सोमवार (7 सितंबर) को राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लगा। उसके स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स टीम के सभी मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। वर्ल्ड कप चैंपियन स्टोक्स फिलहाल अपने बीमार पिता के पास न्यूजीलैंड में हैं। स्टोक्स के पिता को ब्रेन कैंसर है। वे पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज को बीच में छोड़कर न्यूजीलैंड गए थे। स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भी नहीं खेल पाए।।

इस मामले की जानकारी रखने वाले फ्रैंचाइजी के एक सूत्र ने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड में क्वारेंटीन नियमों के अनुसार, स्टोक्स वहां पहुंचने के बाद 14 दिन अकेले रहे। अब वह अपने पिता से मिलेंगे और जाहिर है कि इस मुश्किल समय में वह अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताना चाहेंगे। स्टोक्स ने अभी क्वारंटीन (न्यूजीलैंड में) पूरा किया है ऐसे में यह समझा जा सकता है कि वह आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों के लिए टीम के साथ नहीं होंगे। फ्रेंचाइजी अभी उनको फोन भी नहीं करेगी क्योंकि यह अभी उनकी प्राथमिकता नहीं है। उन्हें परिवार के साथ अच्छा समय बिताने दीजिए, आईपीएल पर बाद में चर्चा हो सकती है।

राजस्थान रॉयल्स ने स्टोक्स को 12.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। ऐसा माना जा रहा है कि फ्रैंचाइजी टीम में वापस आने तक स्टोक्स का इंतजार करेगा। वह भी सिर्फ इसी शर्त पर कि वो टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में अपनी उपलब्धता की पुष्टि करते हैं या नहीं। 29 साल के स्टोक्स ने 67 टेस्ट, 95 वनडे और 26 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने इंग्लैंड को वर्ल्ड कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। एशेज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली थी। इसके अलावा हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों पारियों शतक और अर्धशतक लगाकर इंग्लैंड को मैच जिताया था।

राजस्थान से पहले कई टीमों को झटका लग चुका है। चेन्नई सुपरकिंग्स के सुरेश रैना और हरभजन सिंह अपना नाम वापस ले चुके हैं। इसके बाद मुंबई इंडियंस के लसिथ मलिंगा ने अपना नाम वापस ले लिया। दिल्ली कैपिटल्स के जेसन रॉय और क्रिस वोक्स टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने केन रिचर्डसन को खो दिया। उनकी जगह एडम जम्पा को टीम में शामिल किया। कोलकाता नाइटराइडर्स के हैरी गर्नी नहीं खेलेंगे।