भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला सिडनी में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन शुक्रवार (8 जनवरी) को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शतक लगाया। वहीं, भारत की ओर से शुभमन गिल ने अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। ओपनर रोहित शर्मा अच्छी शुरुआत करने के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके। वे 26 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस पारी में रोहित ने एक छक्का लगाया। उन्होंने इसके साथ खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वनडे में 76, टी20 में 15 और टेस्ट में 9 छक्के लगाए हैं। रोहित के वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने ही किसी एक टीम के खिलाफ इंटरनेशनल मैच में 100 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 130 छक्के लगाए हैं। रोहित और शुभमन ने पहले विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की। दोनों ने 10 साल का सूखा समाप्त किया है। दरसअल, शुभमन और रोहित ने मिलकर 27 ओवर खेले। भारत के लिए 2010 के बाद एशिया के बाहर 20 या उससे ज्यादा ओवर खेलने वाली ये पहली ओपनिंग जोड़ी बनी है।
शुभमन गिल एशिया के बाहर 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे युवा बल्लेबाज हैं। इस मामले में पहले स्थान पर टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच रवि शास्त्री हैं। शास्त्री ने 1982 में इंग्लैंड के खिलाफ 50 से ज्यादा रन बनाए थे। उस समय वे 20 साल 44 दिन के थे। उनके बाद दूसरे नंबर पर माधव आप्टे हैं। उन्होंने 1952/53 में वेस्टइंडीज में 20 साल 108 दिन की आयु में 50 से ज्यादा रन जड़े थे। उस दौरान दौरे पर माधव आप्टे ने चार 50+ रन का स्कोर बनाया था।
इस मामले में तीसरे नंबर पर पृथ्वी शॉ हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2019/20 में 20 साल 112 दिन की आयु में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। इसके लिए शुभमन गिल ने 21 साल 122 दिन लिए। भारत के लिए लंबे समय के बाद ओपनर बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय साझेदारी की। पिछली 14 पारियों का सूखा शुभमन और रोहित ने खत्म किया। इस सीरीज में इससे पहले मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ ओपनिंग कर चुके हैं। मयंक ने फिर गिल के साथ ओपनिंग की थी। खराब फॉर्म के कारण उन्हें बाहर जाना पड़ा था।