भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज (17 जनवरी 2021) को मैच का तीसरा दिन है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 369 रन बनाए थे। भारतीय टीम पहली पारी में 336 रनों पर सिमट गई। दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। उसकी बढ़त अब 54 रनों की हो गई है।

स्टंप घोषित होने तक डेविड वॉर्नर 20 और मार्कस हैरिस एक रन बनाकर नाबाद थे। इससे पहले वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर ने मैच में भारत की वापसी कराई। पहली पारी में दोनों ने सातवें विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 62 रनों की पारी खेली। दोनों ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 9वीं बार पारी में 5 विकेट लिए। मैच के चौथे दिन अब भारतीय टीम कम से कम रनों पर ऑस्ट्रेलिया को ऑलआउट कर छोटा लक्ष्य हासिल करना चाहेगी। इससे मैच जीतने का अवसर बढ़ जाएगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सिडनी टेस्ट की तरह यहां भी मैच ड्रॉ हो सकता है।

कैफ को हेजल ने बताया था इंग्लैंड का बल्लेबाज, सुनकर फर्श पर गिर गए थे युवराज

तीसरे दिन चेतेश्वर पुजारा 25 रन, अजिंक्य रहाणे 37 रन, मयंक अग्रवाल 38 और ऋषभ पंत 23 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले दूसरे दिन स्टम्प्स की घोषणा के समय पहली पारी में टीम इंडिया का स्कोर 2 विकेट पर 62 रन था।

शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर का धमाका, अजहरुद्दीन को भी छोड़ा पीछे

[ie_ipl_scorecard match_id=48443]

Live Blog

13:14 (IST)17 Jan 2021
चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को जल्द आउट करना चाहेगा भारत

दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। उसकी बढ़त अब 54 रनों की हो गई है। मैच के चौथे दिन अब भारतीय टीम कम से कम रनों पर ऑस्ट्रेलिया को ऑलआउट कर छोटा लक्ष्य हासिल करना चाहेगी। इससे मैच जीतने का अवसर बढ़ जाएगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सिडनी टेस्ट की तरह यहां भी मैच ड्रॉ हो सकता है। 

13:02 (IST)17 Jan 2021
ऑस्ट्रेलिया की आक्रमक शुरुआत

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक शुरुआत की है। इस सीरीज में फ्लॉप रहे डेविड वॉर्नर विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक तीन चौके लगा दिए हैं। वे 17 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। मार्कस हैरिस एक रन बनाकर खेल रहे हैं।

12:38 (IST)17 Jan 2021
भारत की पारी सिमटी

भारतीय टीम पहली पारी में 336 रनों पर सिमट गई। कंगारू टीम को 33 रनों की लीड मिली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 62 रनों की पारी खेली। दोनों ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 9वीं बार पारी में 5 विकेट लिए।

12:24 (IST)17 Jan 2021
भारत को लगा दोहरा झटका

शार्दुल के आउट होने के बाद भारत को दोहरा झटका लगा। पहले नवदीप सैनी और फिर वॉशिंगटन सुंदर आउट हो गए। नवदीप सैनी 5 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर स्मिथ को कैच थमा बैठे। शार्दुल और वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की। सुंदर ने स्टार्क की गेंद पर सिंगल लेकर अर्धशतक पूरा किया। सुंदर 62 रन बनाकर आउट हुए। मिशेल स्टार्क की गेंद कैमरन ग्रीन ने उनका कैच लिया।

11:45 (IST)17 Jan 2021
भारत का सातवां विकेट गिरा

शार्दुल ठाकुर 67 रन बनाकर आउट हो गए। 115 गेंद की पारी में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। पैट कमिंस ने शार्दुल को बोल्ड कर दिया। शार्दुल ने नाथन लियोन की गेंद पर छक्का लगाकर पहला अर्धशतक पूरा किया। उनके आउट होने के बाद नवदीप सैनी क्रीज पर उतरे हैं।

11:15 (IST)17 Jan 2021
शार्दुल और सुंदर ने की शतकीय साझेदारी

शार्दुल ने नाथन लियोन की गेंद पर छक्का लगाकर पहला अर्धशतक पूरा किया। शार्दुल और सुंदर ने सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। सुंदर ने स्टार्क की गेंद पर सिंगल लेकर अर्धशतक पूरा किया। शार्दुल 56 और सुंदर 50 रन बनाकर खेल रहे हैं।

10:50 (IST)17 Jan 2021
अर्धशतक की ओर वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर

भारत के शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी कर ली है। दोनों बल्लेबाज संभलकर रन बना रहे हैं। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 102 रन पीछे है। सुंदर 41 और शार्दुल 45 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब हैं। इस पारी में अब तक कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका है।

10:21 (IST)17 Jan 2021
चायकाल तक भारत के 6 विकेट गिरे

चायकाल तक भारत ने 6 विकेट पर 253 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से अभी भी 116 रन पीछे है। वॉशिंगटन सुंदर 38 और शार्दुल ठाकुर 33 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की है।

09:50 (IST)17 Jan 2021
शार्दुल ठाकुर को मिला जीवनदान

भारत के शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। 82वें ओवर में शार्दुल को जीवनदान मिला। जोश हेजलवुड की गेंद पर टिम पेन ने उनका कैच छोड़ दिया। गेंद शार्दुल के बल्ले से लगकर पीछे की ओर गई, लेकिन पेन डाइव लगाने के बावजूद गेंद तक नहीं पहुंच सके।

09:24 (IST)17 Jan 2021
शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने संभाला मोर्चा

भारत के 6 विकेट गिर चुके हैं। शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दोनों शानदार तरीके से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी कर ली है। सुंदर 48 गेंद पर 24 और शार्दुल 29 गेंद पर 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। सुंदर ने अब तक 4 चौके लगाए हैं। वहीं, शार्दुल के बल्ले से एक चौका और एक छक्का निकला है।

08:58 (IST)17 Jan 2021
हेजलवुड ने पंत को भेजा पवेलियन

ऋषभ पंत को जोश हेजलवुड ने कैमरन ग्रीन के हाथों कैच कराया। पंत 29 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। पंत के आउट होने के बाद शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दोनों पहली बार टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी कर रहे हैं। शार्दुल और सुंदर ज्यादा से ज्यादा टीम इंडिया के स्कोरकार्ड में जोड़ना चाहेंगे।

08:16 (IST)17 Jan 2021
मयंक अग्रवाल लौटे पवेलियन

लंच के बाद भारत को पांचवां झटका लगा। मयंक अग्रवाल को जोश हेजलवुड ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। मयंक गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 75 गेंद पर 38 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने उनका कैच लिया। मयंक ने तीन चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर उतरे हैं।

07:16 (IST)17 Jan 2021
भारत को लगा चौथा झटका

भारत को चौथा झटका अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा। रहाणे को मिशेल स्टार्क ने मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। उन्होंने 93 गेंद की पारी में 37 रन बनाए। इस दौरान रहाणे के बल्ले से तीन चौके निकले। रहाणे एक बार फिर अच्छी शुरुआत करने के बाद बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने सीरीज में एकमात्र शतक मेलबर्न में लगाया था। उनके आउट होने के बाद ऋषभ पंत क्रीज पर उतरे हैं।

06:24 (IST)17 Jan 2021
मयंक अग्रवाल और रहाणे ने संभाला मोर्चा

भारत के तीन विकेट गिर चुके हैं। पहले सेशन में अभी भी करीब 45 मिनट का खेल बाकी है। मयंक अग्रवाल और कप्तान अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रहाणे ने 31 रन बना लिए हैं। वहीं, अग्रवाल ने 5 रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज कम से कम इस सेशन में अब विकेट गंवाना नहीं चाहेंगे।

06:02 (IST)17 Jan 2021
चेतेश्वर पुजारा आउट

तीसरे दिन भारत को पहला झटका चेतेश्वर पुजारा के रूप में लगा। वे जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 94 गेंद की पारी में 25 रन बनाए। पुजारा के बल्ले से दो चौके निकले। पुजारा के बाद मयंक अग्रवाल क्रीज पर उतरे हैं।

05:44 (IST)17 Jan 2021
रहाणे और पुजारा ने की तीसरे दिन की बेहतरीन शुरुआत

भारत के कप्तान अजिंक्य रहाणे और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने तीसरे दिन की बेहतरीन शुरुआत की है। दोनों ने दो-दो चौके लगाए हैं। पुजारा 18 और रहाणे 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने 34 रनों की साझेदारी कर ली है। पुजारा-रहाणे यहां से बड़ी साझेदारी करना चाहेंगे। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 275 रन पीछे है।