महेंद्र सिंह धोनी को दुनिया का बेस्ट विकेटकीपर माना जाता है। उन्होंने इस बात को फिर से सही साबित आईपीएल के सातवें मैच में कर दिया। 39 साल के धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हवा में उड़ते हुए एक शानदार कैच लिया। इसके बाद फैंस सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करने लगे। धोनी चेन्नई के कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में टीम इस बार एक मैच जीती है और एक में हारी है।

धोनी ने दिल्ली की पारी के 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर यह कैच लिया। सैम करन की गेंद पर दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर थर्ड मैन की ओर शॉट खेलना चाह रहे थे। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पीछे की ओर गई। धोनी ने दाई ओर हवा में छलांग लगाकर शानदार कैच ले लिया। इसे देखकर श्रेयस अय्यर भी हैरान हो गए। वे 22 गेंद पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। धोनी के कैच ने उन्हें बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

धोनी के इस कैच की तस्वीर और वीडियो को शेयर कर लोग विराट कोहली को ट्रोल करने लगे हैं। दरअसल, कोहली ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ केएल राहुल का आसान कैच छोड़ दिया था। कोहली और धोनी की तस्वीर को साथ जोड़कर लोग शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- फिटनेस फ्रीक vs बुढ्ढा। वहीं, एक यूजर ने लिखा- हवा में महान खिलाड़ी। एक फैन ने लिखा- कोई पक्षी नहीं, कोई प्लेन नहीं। हवा में महेंद्र सिंह धोनी।

मैच में दिल्ली ने चेन्नई को 176 रनों का लक्ष्य दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 175 रन बनाए। ऋषभ पंत 25 गेंद पर 37 और मार्कस स्टोइनिस 5 रन बनाकर आउट हुए। टीम के लिए सबसे ज्यादा 64 रन पृथ्वी शॉ ने बनाए। धवन ने 35 और अय्यर ने 26 रनों की पारी खेली। चेन्नई के लिए पीयूष चावला ने दो और सैम करन ने एक विकेट लिया।