दिल्ली में वायु प्रदूषण (Air Pollution) खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण GRAP का चौथा चरण भी लागू हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में प्रदूषण के कारण मंगलवार सुबह कई इलाकों में घनी धुंध देखने को मिली, हालांकि सोमवार की तुलना में इसमें मामूली सुधार देखा गया। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 378 था, जो ‘अत्यंत खराब’ की श्रेणी में आता है। शहर में जहरीले धुएं की मोटी परत छाई हुई है। वहीं, दिल्ली एयर पोर्ट पर सोमवार को खराब विजिबिलिटी के कारण विभिन्न एयरलाइंस की 228 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और पांच उड़ानों को दूसरे गंतव्य पर भेजना पड़ा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एअर इंडिया ने सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लगभग 40 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी। एक अधिकारी ने कहा कि हवाई अड्डे पर कुल 228 उड़ानें जिनमें 131 प्रस्थान और 97 आगमन शामिल हैं रद्द हुई हैं और पांच उड़ानों के गंतव्य बदले जाने की सूचना मिली है।
प्रदूषण में मजदूरों की परेशानी
प्रदूषण के चलते कुछ निजी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम पर भेज दिया है। हालांकि रोजमर्रा का काम करने वाले मजदूर, रेहड़ी पटरी वाले दुकानदारों के पास घर से बाहर काम करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी में उन्हें क्या परेशानी हो रही? पढ़ें पूरी खबर
दिल्ली में प्रदूषण पर क्या बोलीं जया बच्चन
दिल्ली में प्रदूषण पर समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कहा कि हम पिछले 20 सालों से सरकार को यही कहते आ रहे हैं लेकिन आज तक कोई काम नहीं हुआ है। हर दूसरे दिन अखबारों में कोई न कोई संदेश छपता रहता है।
दिल्ली का AQI
दिल्ली में मंगलवार को भी 40 निगरानी केंद्रों में से 11 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, जहांगीरपुरी, मुंडका और वजीरपुर में सबसे अधिक 426 एक्यूआई दर्ज किया गया।
दिल्ली का तापमान
दिल्ली- एनसीआर की वायु गुणवत्ता में मंगलवार सुबह मामूली सुधार देखा गया लेकिन एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहा। दिल्ली में धुंध छाए रहने के कारण विजिबिलिटी घट गई और सुबह तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी में एक्यूआई 377 रहा जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले दो दिन स्थिति और भी खराब रही तथा कई स्थानों पर एक्यूआई 400 से ऊपर पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
Delhi Weather LIVE Updates: स्टेडियम में “AQI, AQI” के नारे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार देर शाम जैसे ही फुटबॉल सुपरस्टार लियोनल मेसी के साथ मंच साझा करने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में पहुंची तो स्टेडियम में “AQI, AQI” के नारे गूंजने लगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
दिल्ली के मौसम में बदलाव
दिल्ली में 16 दिसंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. प्रदूषण के साथ-साथ घने कोहरे ने भी एनसीआर को अपनी गिरफ्त में ले लिया है.
दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी बेहद कम
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है। शहर में जहरीले धुएं की घनी चादर छाई रही, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। इंडिया गेट पर AQI 380 दर्ज किया गया जबकि सराय काले खान में लगभग 359 दर्ज किया गया। वहीं, गाजीपुर और आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक लगभग 410 दर्ज किया गया।
गाजियाबाद के वसुंधरा में कितना AQI?
गाजियाबाद के वसुंधरा में AQI 294 है। इस स्तर को स्वास्थ्य के लिए बहुत खराब माना जाता है।
राजधानी में आज मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय ज़्यादातर जगहों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा रहेगा। दिन के समय सतह पर हवा की गति 15-25 किमी प्रति घंटा रहेगी।
Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली के AQI में मामूली सुधार
मंगलवार को भी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 378 था, जो इसे 'अत्यंत खराब' श्रेणी में रखता है। सोमवार की तुलना में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया, जब शाम करीब 4 बजे एक्यूआई 427 तक पहुंच गया था और इसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया था।
Delhi Weather LIVE Updates: गाजीपुर का एक्यूआई 'गंभीर
गाजीपुर क्षेत्र में जहरीली धुंध की मोटी परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 410 है, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है।
Delhi Weather Today LIVE Updates: दिल्ली में जहरीली धुंध की मोटी परत छाई
दिल्ली में जहरीली धुंध की मोटी परत छाई हुई है; राष्ट्रीय राजधानी में GRAP 4 लागू किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, अक्षरधाम क्षेत्र के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 410 है, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है।
Delhi Air Pollution LIVE Updates: सांसदों का विरोध प्रदर्शन
सोमवार को कई सांसद संसद भवन साइकिल और मास्क पहनकर आए। उन्होंने वायु प्रदूषण और AQI के गंभीर श्रेणी में पहुंचने पर विरोध किया।
Air Pollution LIVE Updates: प्रदूषण पर घिरी बीजेपी सरकार
रिपोर्ट्स के अनुसार अभी प्रदूषण से राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं विपक्ष प्रदूषण को लेकर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर है।
Delhi Air Pollution LIVE Updates: दिल्ली में नर्सरी से पांचवी तक छात्रों की फिजिकल कक्षाओं पर रोक
दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण दिल्ली सरकार ने छोटे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नर्सरी से कक्षा पांचवी तक के सभी छात्रों की फिजिकल कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। यह निर्णय सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
Delhi Air Pollution LIVE Updates: कई स्टेशनों पर AQI 400 के पार
दिल्ली में प्रदूषण के कारण सोमवार सुबह कई इलाकों में घनी धुंध देखने को मिली और कई स्टेशनों पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। स्वास्थ्य के लिहाज से भी यह बेहद खतरनाक माना जाता है।
Delhi Air Pollution LIVE Updates: दिल्ली में GRAP का चौथा चरण लागू
दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण लोगों का बुरा हाल है। दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण GRAP का चौथा चरण भी लागू हो गया है। इसके बाद दिल्ली में अब कक्षा 9 से 11वीं तक के छात्रों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई की व्यवस्था लागू की जा रही है।
