वीरेंद्र सहवाग 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और नंबर एक टेस्ट टीम बनने वाली भारतीय दल का हिस्सा रहे हैं। तीनों मौकों पर टीम के खिलाड़ियों ने शानदार जश्न मनाया था। इसके बावजूद सहवाग इसे बेस्ट सेलिब्रेशन नहीं मानते हैं। टीम इंडिया के साथ उनका फेवरेट सेलिब्रेशन सौरव गांगुली और अनिल कुंबले की रिटायरमेंट पार्टी थी। उस पार्टी के बारे में सहवाग ने विक्रम साठये को दिए इंटरव्यू में विस्तार से बताया था। उस दौरान कुंबले भी मौजूद थे।
वियू इंडिया यूट्यूब चैनल के शो What The Duck में विक्रम ने सहवाग और कुंबले से पूछा, ‘‘नागपुर टेस्ट के बाद बहुत पार्टी हुई थी?’’ इस पर कुंबले ने कहा था, ‘‘सेलिब्रेशन तो बनता ही था। दो खिलाड़ी रिटायर हो रहे थे। सचिन ने कोई रिकॉर्ड बनाया था। लक्ष्मण ने अपने 100 टेस्ट पूरे किए थे। हमने ऑस्ट्र्रेलिया को सीरीज में हराया था। महेंद्र सिंह धोनी आधिकारिक तौर पर टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान बने थे। इससे पहले दो टेस्ट में मेरे नहीं रहने पर उन्होंने कप्तानी की थी। बढ़िया जश्न मना था।’’
इसके बाद सहवाग ने कहा, ‘‘अनिल भाई ने कभी भी लाइफ में शराब नहीं पी थी। लेकिन उस दिन हमलोगों ने सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, कुंबले और वीवीएस लक्ष्मण को कुर्सी पर खड़े कराकर शॉट्स लगवाए थे। उसके बाद अनिल भाई और राहुल द्रविड़ ने कहा था कि अरे यार ये क्या पिला दिए।’’ इस पर विक्रम साठये ने कहा, ‘‘कुछ ही अच्छे लोग हैं देश में और आप उनको भी खराब कर रहे हैं।’’ सहवाग ने जवाब देते हुए कहा, ‘‘वो सेलिब्रेशन उसके बगैर हो ही नहीं सकता था।’’
कुंबले ने कहा, ‘‘वह यादगार रात थी। कभी नहीं भूल सकता। हमारी दोस्ती बेमिसाल थी। विदाई भाषण देना बड़ा था। मैं उसके एक टेस्ट पहले रिटायर हुआ था। उसके बाद सौरव ने संन्यास लिया।’’ सहवाग ने कहा, ‘‘एक शॉट नहीं था। चार बार ऐसे राउंड लगे थे। दो शॉट के बाद तो अनिल भाई को कुछ पता नहीं चला। हमारे पास उसके फुटेज हैं। यह मेरा बेस्ट सेलिब्रेशन था।’’ कुंबले ने कहा, ‘‘पता नहीं क्या हुआ था। उसके बाद मुझे कुछ याद नहीं रहा। हां, मैंने पहली बार पी थी। मैंने रिकॉर्डिंग देखी है।’’