Karnataka Election Result 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद राजनीतिक दलों के कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। किसी ने इसको बीजेपी का तानाशाही की हार करार दिया, किसी सांप्रदायिका की हार बताया तो किसी भ्रष्टाचार की पराजय बताई। इसी कड़ी में उद्धव गुट के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत का भी बयान सामने आया है। संजय राउत ने कहा कि कर्नाटक ने दिखाया कि जनता तानाशाही को पराजित कर सकती है।
संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘कर्नाटक तो झांकी हैं अभी पूरा हिंदुस्तान बाकी है। कर्नाटक ने दिखाया है कि जनता तानाशाही को पराजित कर सकती है। कांग्रेस जीत गई, जिसका मतलब बजरंग बली का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ था। राउत ने कहा कि हमारे गृह मंत्री (अमित शाह) बोल रहे थे कि भाजपा हार गई तो दंगे होंगे। कर्नाटक शांत हैं और खुश है। कहां हैं दंगे?’
झूठे प्रचारवाली राजनीति का अंतकाल शुरू हो गया: अखिलेश यादव
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, कर्नाटक का संदेश ये है कि भाजपा की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, अमीरोन्मुखी, महिला-युवा विरोधी, सामाजिक-बंटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का ‘अंतकाल’ शुरू हो गया है। ये नये सकारात्मक भारत का महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार व वैमनस्य के ख़िलाफ़ सख़्त जनादेश है।’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कर्नाटक की जीत ट्वीट करते हुए लिखा, ‘क्रूर अधिनायकवादी और बहुसंख्यकवादी राजनीति पराजित हुई है। बदलाव के पक्ष में निर्णायक जनादेश के लिए कर्नाटक के लोगों को सलाम है। जब लोग चाहते हैं कि लोकतांत्रिक ताकतें जीते तो कोई केंद्रीय डिजाइन इसे नहीं रोक सकता।’
NCP चीफ शरद पवार ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के रिजल्ट का ट्रेंड 2024 तक चलता रहेगा। हमारा टारगेट बीजेपी को हराना है। बीजेपी राजस्थान, दिल्ली, झारखंड, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की सत्ता से बाहर है। पवार ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि एनसीपी भी कर्नाटक में कुछ सीटों पर चुनाव लड़ी थी, लेकिन यह सिर्फ एक कोशिश थी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ नारे का अस्वीकार कर दिया है।