राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए दो वीडियो जारी किए। एक वीडियो में तेजस्वी यादव पर गाना फिल्माते हुए पार्टी का प्रचार किया गया है। दूसरे वीडियो में राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं। ‘इस बार तेजस्वी तय है’ बोल वाले गाने को काफी आकर्षक ढंग से फिल्माया गया है। गाने में मतदाताओं को लुभाने की पूरी कोशिश की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा की मौजूदगी में गाना रिलीज किया गया। झा ने इस दौरान सीएम नीतीश को निशाने पर लेते हुए शिक्षा-रोजगार और कोरोना जैसे मुद्दे पर कई सवाल पूछे।

Bihar Elections 2020 LIVE

Live Blog

17:58 (IST)12 Oct 2020
आरजेडी का नारा- अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप!

आरजेडी ने ट्वीट कर जेडीयू और भाजपा पर तंज कसा है। इसमें कहा गया कि ना भूलेंगे, ना भूलने देंगे। जुमलेबाज़ों की एक नहीं चलने देंगे! अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप!

17:29 (IST)12 Oct 2020
सुशील मोदी बोले- लोजपा से बिहार में कोई मेल नहीं, नीतीश हैं गठबंधन के नेता

बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा है कि हमारा गठबंधन जदयू, भाजपा, हम और वीआईपी पार्टी के बीच है। इस गठबंधन में कोई और पार्टी शामिल नहीं है। मोदी ने कहा कि लोजपा से बिहार में कोई मेल नहीं है। इस बात को लेकर कोई भ्रम नहीं है। नीतीश कुमार चारों दल के गठबंधन के नेता हैं। हमें बहुमत मिलेगा और हम फिर से राज्य में सरकार बनाएंगे।

16:56 (IST)12 Oct 2020
बिहार सरकार में मंत्री का निधन

बिहार सरकार के मंत्री विनोद सिंह का निधन हो गया है। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। विनोद सिंह के निधन का कारण ब्रेन हेमरेज बताया जा रहा है। वहीं सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने विनोद सिंह के निधन पर शोक जताया है।।

16:49 (IST)12 Oct 2020
तीर-धनुष चुनाव नहीं लड़ पाएगी शिवसेना

50 सीट पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही शिवसेना तीर-धनुष वाले सिंबल के साथ चुनाव नहीं लड़ पाएगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि चुनाव आयोग ने शिवसेना के प्रतीक चिह्न पर आपत्ति जताते हुए रोक लगा दी है। दरअसल, ऐसा ही निशान नीतीश कुमार की जेडीयू से भी मिलता-जुलता है।

15:55 (IST)12 Oct 2020
इस सीट से लड़ेंगे तेज प्रताप यादव, कल करेंगे नामांकन

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव मंगलवार को समस्तीपुर के हसनपुर से नॉमिनेशन फाइल करेंगे। निजी सहायक चंदन कुमार के हवाले से एक स्थानीय अखबार ने बताया कि तेज प्रताप सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। बता दें कि उन्होंने अपना पिछला चुनाव वैशाली जिले के महुआ से लड़ा था। इस सीट से राजद नेता विष्णुदेव राय के बेटे मुकेश कुमार रोशन को लड़ाया जा रहा है।

15:18 (IST)12 Oct 2020
पालीगंज सीट पर मुकाबला होगा रोमांचक

पालीगंज सीट पर चुनाव काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। दरअसल यहां जातिगत समीकरण काफी मायने रखते हैं। इस बार जदयू ने राजद से आए विधायक जयवर्धन यादव को टिकट दिया है। पिछली बार यहां से भाजपा चुनाव लड़ी थी, इस बार जदयू को कोटे में यह सीट चली गई है। वहीं राजद ने यह सीट सीपीआई (एमएल) को दे दी है। लेकिन भाजपा से टिकट की आस लगाए बैठीं ऊषा विद्यार्थी ने लोजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। जिससे यहां मुकाबला रोचक हो गया है।

14:06 (IST)12 Oct 2020
रघुनाथपुर सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगी हिना शहाब!

राजद ने सीवान की रघुनाथपुर सीट से बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है लेकिन अभी तक हिना शहाब ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। अब खबर आ रही है कि हिना शहाब ने रघुनाथपुर सीट से चुनाव लड़ने के लिए अपने करीबी हरिशंकर यादव की दावेदारी पर मुहर लगा दी है। हिना शहाब खुद 2009, 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि तीनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

13:14 (IST)12 Oct 2020
नीतीश सरकार के मंत्री कपिलदेव की हालत बिगड़ी

नीतीश सरकार के मंत्री कपिलदेव कामत की हालत बिगड़ गई है। जिसके बाद उन्हें पटना एम्स में वेंटिलेटर पर रखा गया है। कपिलदेव कामत नीतीश सरकार में पंजायती राज मंत्री हैं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।

12:18 (IST)12 Oct 2020
झंझारपुर पहुंचे डिप्टी सीएम नीतीश मिश्रा के नामांकन में होंगे शामिल

बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी झंझारपुर पहुंचे हैं। सुशील मोदी झंझारपुर में पार्टी प्रत्याशी नीतीश मिश्रा के नामांकन में शामिल होने पहुंचे हैं।

11:37 (IST)12 Oct 2020
भाजपा स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पीएम मोदी का नाम टॉप पर

भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम टॉप पर है। उनके बाद जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, संजय जायसवाल, सुशील मोदी, भूपेन्द्र यादव, देवेंद्र फडणवीस, राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, स्मृति ईरानी आदि नेताओं का नाम शामिल है।

11:36 (IST)12 Oct 2020
स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नाम ना होने से भड़का रूडी का गुस्सा

भाजपा ने बिहार चुनाव के लिए अपने 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं लेकिन इसमें बिहार के नेता शाहनवाज हुसैन और राजीव प्रताप रूडी का नाम ही गायब है। रूडी ने तो इसे लेकर नाराजगी भी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि 'पार्टी ने मुझे विधायक के स्तर का भी नहीं छोड़ा है।'

11:05 (IST)12 Oct 2020
वैशाली की महनार सीट से उमेश कुशवाहा ने किया नामांकन

वैशाली की महनार सीट से जदयू के विधायक उमेश कुशवाहा ने नामांकन किया है। खास बात ये है कि उमेश कुशवाहा के नामांकन में प्रस्तावक राजद के पूर्व नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के बेटे सत्य प्रकाश सिंह प्रस्तावक हैं। नामांकन में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय भी शामिल हुए।

10:41 (IST)12 Oct 2020
बेतिया सीट से रेणु देवी और नौतन सीट से नारायण प्रसाद करेंगे नामांकन

बिहार की बेतिया सीट से भाजपा प्रत्याशी रेणु देवी और नौतन सीट से भाजपा प्रत्याशी नारायण प्रसाद आज नामांकन करेंगे।

09:40 (IST)12 Oct 2020
बिहार के पहले चरण के चुनाव में बागी राजनैतिक पार्टियों के लिए खड़ी कर सकते हैं मुश्किलें

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बागी उम्मीदवार पार्टियों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। दरअसल कई सीटों पर टिकट ना मिलने से नाराज नेताओं ने निर्दलीय चुनाव मैदान में ताल ठोककर मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है। इनमें बांका, अमरपुर, कहलगांव, मुंगेर, तारापुर, जमालपुर, सूर्यगढ़ा, लखीसराय, शेखपुरा, बरबीघा आदि सीटें शामिल हैं।

09:30 (IST)12 Oct 2020
बेगूसराय में सीपीआई उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होंगे कन्हैया कुमार

बेगूसराय में सीपीआई उम्मीदवार के नामांकन में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार शामिल होंगे। बखरी सीट से सूर्यकांत पासवान और तेघड़ा से राम रतन सिंह के नामांकन में कन्हैया कुमार शामिल होंगे।

08:21 (IST)12 Oct 2020
कुशवाहा बोले- जयप्रकाश नारायण को भूल गए उनके चेले

रालोसपा मुखिया उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में सत्ता परिवर्तन हुआ लेकिन उनके सपने अधूरे हैं। उनके चेलों ने सत्ता तो हासिल कर ली लेकिन राह भटक गए। पार्टी कार्यालय में जेपी जयंती समारोह के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं।

07:38 (IST)12 Oct 2020
भाकपा के लिए डी राजा और कन्हैया संभालेंगे प्रचार की जिम्मेदारी

भाकपा ने बिहार चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके मुताबिक पार्टी के महासचिव डी राजा, कन्हैया कुमार, रामनरेश पांडे, अतुल अंजान, रमेंद्र कुमार, एनी राजा, उषा सहनी, एम जब्बार आलम, अमरजीत कौर आदि नेताओं के नाम शामिल हैं।

07:29 (IST)12 Oct 2020
सीवान से ओमप्रकाश यादव, छपरा से सीएन गुप्ता होंगे भाजपा उम्मीदवार

भाजपा ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए अपने 46 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची के तहत पार्टी ने सीवान से ओमप्रकाश यादव, दरौली से रामायण मांझी, दरौंदा से करनजीत सिंह, गोरियाकोठी से देवेशकांत सिंह, तरैया से जनक सिंह, छपरा से सीएन गुप्ता, गड़खा से ज्ञानचंद्र मांझी और अमनौर से कृष्णा मंटू को टिकट दिया है। पार्टी ने सोनपुर से विनय सिंह, हाजीपुर से अवधेश सिंह, लालगंज से संजय सिंह, राघोपुर से सतीश यादव, उजियारपुर से शील पाय, पटना साहिब से नंद किशोर यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। विकासशील इंसान पार्टी यानि कि वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी सिमरी बख्तियारपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने गठबंधन के तहत वीआईपी पार्टी को अपने कोटे से 11 सीटें दी हैं।

07:29 (IST)12 Oct 2020
जदयू के प्रदेश सचिव शैलेन्द्र प्रताप ने दिया पार्टी से इस्तीफा

चुनाव के समय में जदयू को बड़ा झटका लगा है। दरअसल पार्टी के प्रदेश सचिव शैलेन्द्र प्रताप ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। शैलेन्द्र प्रताप पार्टी द्वारा तरैया विधानसभा सीट से टिकट नहीं दिए जाने से नाराज थे। अब शैलेन्द्र प्रताप ने बागी रुख अपनाकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

05:52 (IST)12 Oct 2020
तेज प्रताप यादव हसनपुर से लड़ेंगे चुनाव

सामाजिक समीकरण के लिहाज से हसनपुर विधानसभा क्षेत्र को राजद अपने लिए अनुकूल मानता है। इसलिए तेज प्रताप यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि पिछली बार गठबंधन के तहत यह सीट जदयू के पास थी और राजकुमार राय विधायक चुने गए थे। जदयू नेतृत्व ने इस बार भी राजकुमार को ही टिकट थमाया है। दोनों के मुकाबले पर सबकी नजर होगी। तेज प्रताप पिछली बार महुआ से विधायक चुने गए थे।

05:27 (IST)12 Oct 2020
बिहार विधानसभा चुनाव में सिद्धु प्रचार नहीं करेंगे

कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्‍टार प्रचारकों की सूची में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम शामिल किया है। वहीं पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धु को आउट कर दिया है। इस तरह से कांग्रेस ने सिद्धू को एक और झटका दिया है।

04:45 (IST)12 Oct 2020
जेपी नड्डा की रैली में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ींं


कोरोना काल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा की गया में पहली रैली हुई। हालांकि होर्डिंग में दो मीटर की सामाजिक दूरी एवं मास्क को अनिवार्य बताया गया था लेकिन तीन हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। तमाम लोग बिना मास्क के थे और इनके मास्क न लगाने के कुछ अजीबो गरीब तर्क थे।

04:09 (IST)12 Oct 2020
भाजपा को एलजेपी के साथ दोस्ताना संघर्ष मंजूर नहीं

भाजपा को एलजेपी के साथ दोस्ताना संघर्ष मंजूर नहीं है। इसके दो संकेत रविवार को मिले। पहले गया की सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि चुनाव दोस्ती यारी का नहीं होता। वहीं पार्टी द्वारा जारी दूसरी सूची में दो सीटों लालगंज व गोविंदगंज के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी।

03:57 (IST)12 Oct 2020
तेजस्‍वी के खिलाफ भाजपा ने सतीश कुमार यादव को उतारा

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और महगठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के समक्ष  राघोपुर सीट पर बीजेपी ने इस बार फिर पूर्व विधायक सतीश कुमार यादव  को प्रत्‍याशाी बनाया है। इसकी पुष्टि रविवार को जारी बीजेपी की दूसरे चरण के प्रत्याशियों की सूची से हुई। सतीश साल 2010 में जेडीयू के उम्मीदवार के रूप में उस समय विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को हराकर विधायक चुने गए थे। पिछले विधानसभा चुनाव में सतीश बीजेपी के टिकट पर मैदान में थे पर तेजस्वी यादव, जो आरजेडी के उम्मीदवार और महागठबंधन के प्रत्याशी थे, से वे 22733 वोट से हार गए थे। 

03:28 (IST)12 Oct 2020
कांग्रेस ने गठित कींं बिहार चुनाव के लिए समितियां

कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 30 स्‍टार प्रचारकाेें  की सूची जारी करने के एक दिन बाद रविवार को कई समितियांं गठित की।        

00:56 (IST)12 Oct 2020
आरजेडी ने सीतामढ़ी के परिहार सीट से सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया रितु जायसवाल को उम्‍मीदवार बनाया

आरजेडी ने सीतामढ़ी के परिहार सीट से सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया रितु जायसवाल को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद से रितु इनदिनों चर्चा में हैं। दिल्ली के एक पब्लिक स्कूल की नौकरी छोड़ने और अपने आईएएस पति के साथ आरामदायक जीवन को छोड़कर रितु जायसवाल ने 2016 में पंचायत चुनाव में हिस्सा लेने का फैसला किया था। वे सीतामढ़ी के सिंहवाहिनी पंचायत से चुनाव जीतने वाली पहली महिला थीं।

21:57 (IST)11 Oct 2020
भाजपा ने सवर्णों पर फिर लगाया दांव

भाजपा ने दूसरे चरण के लिए जो अपने कैंडिडेट की लिस्ट जारी की है। लिस्ट को देखने से पता चलता है कि भाजपा ने बिहार के सवर्णों को साधने की कोशिश की है। चूंकि दूसरी लिस्ट में आदे टिकट सवर्णों के खाते में ही गए हैं।

21:05 (IST)11 Oct 2020
जदयू सोमवार से करेगी अपने चुनाव अभियान की शुरुआत

बिहार की सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड सोमवार से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। इसकी शुरुआत सीएम नीतीश कुमार के वर्चुअल संवाद से होगी। जिसके तहत नीतीश 6 जिलों की 11 विधानसभा सीटों पर वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित करेंगे।

20:49 (IST)11 Oct 2020
गया की रैली में जेपी नड्डा ने नीतीश कुमार और पीएम मोदी की जमकर की तारीफ

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रचार अभियान का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गया में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की नीतीश सरकार और केन्द्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। गया के गांधी मैदान में एनडीए की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी जी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। कांग्रेस जाति की राजनीति करती थी। नड्डा ने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। नीतीश सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने बिहार की तस्वीर बदल दी है।

19:50 (IST)11 Oct 2020
भाजपा कैंडिडेट लिस्ट यहां देखें

यहां देखें भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट-

19:46 (IST)11 Oct 2020
दूसरे चरण में जदयू ने 10 महिला उम्मीदवारों को दिया टिकट

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में जदयू ने अपने 42 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। बता दें कि इनमें से 10 महिला उम्मीदवार हैं। वहीं राजद ने आनंद मोहन के बेटे और पत्नी दोनों को टिकट दिया है।

19:26 (IST)11 Oct 2020
उपमुख्यमंत्री सोमवार को दो चुनावी सभा करेंगे

बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी सोमवार को दो चुनावी सभाए करेंगे। ये सभाएं झंझारपुर और वारसलीगंज में होंगी।

18:51 (IST)11 Oct 2020
तेजप्रताप यादव हसनपुर सीट से लड़ेंगे चुनाव

राजद नेता तेजप्रताप यादव हसनपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। वह 13 अक्टूबर को नामांकन कर सकते हैं। तेजप्रताप यादव ने जनता से जुड़ने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

18:12 (IST)11 Oct 2020
वीआईपी पार्टी चीफ मुकेश सहनी इस सीट से लड़ेंगे चुनाव

विकासशील इंसान पार्टी यानि कि वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी सिमरी बख्तियारपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने गठबंधन के तहत वीआईपी पार्टी को अपने कोटे से 11 सीटें दी हैं। पहले चरण में वीआईपी पार्टी सिर्फ एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं दूसरे और तीसरे चरण में पार्टी 5-5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

17:57 (IST)11 Oct 2020
भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, पीएम मोदी के साथ जेपी नड्डा का नाम

भाजपा ने बिहार चुनाव के लिए अपने 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के मुताबिक पहले नंबर पर पीएम मोदी का नाम शामिल है। वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।

17:56 (IST)11 Oct 2020
चुनाव मैदान में उतरी शरद यादव की बेटी, इस सीट से लड़ेंगी चुनाव

वरिष्ठ नेता शरद यादव की बेटी भी बिहार चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगी। बिहारीगंज सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। 

17:26 (IST)11 Oct 2020
भाजपा ने अपनी दूसरी कैंडिडेट लिस्ट जारी की

बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए भाजपा ने अपने 46 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के मुताबिक पार्टी ने बेतिया से रेणू देवी, दानापुर से आशा सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

16:30 (IST)11 Oct 2020
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- नीतीश सरकार ने बदली बिहार की तस्वीर

गया के गांधी मैदान में एनडीए की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी जी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। कांग्रेस जाति की राजनीति करती थी। नड्डा ने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। नीतीश सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने बिहार की तस्वीर बदल दी है।

16:28 (IST)11 Oct 2020
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने रालोसपा से दिया इस्तीफा

सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने रालोसपा से इस्तीफा दे दिया है। सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनका आरोप है कि पार्टी में दूरदर्शिता की भारी कमी है।

15:30 (IST)11 Oct 2020
बिहार में लगभग 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना: अनिल देसाई

शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। देसाई ने कहा कि शिवसेना का बिहार में किसी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं है। राज्यसभा सदस्य देसाई ने कहा, 'शिवसेना लगभग 50 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हमने उन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जहां हमारे कार्यकर्ता जन कार्यों में शामिल हैं।' उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में पार्टी का चुनाव चिह्न ''तुरहा बजाता व्यक्ति'' होगा।