UP BJP MLA: उत्तर प्रदेश के बरेली सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री की बैठक के दौरान फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक हार्ट अटैक पड़ा। श्याम बिहारी लाल को आनन-फानन में शहर के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विधायक ने कल ही अपना जन्मदिन मनाया था। आज उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर सीट से लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए थे। पीएम मोदी और सीएम योगी ने विधायक श्याम बिहारी लाल के निधन पर दुख जताया है।
पीएम मोदी ने फरीदपुर (बरेली) से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के फरीदपुर के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जनहित में समर्पित भाजपा के एक कर्मठ नेता थे, जिनके जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति!”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए लिखा, “प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस अपार और अथाह दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
पार्टी के एक कार्यकर्ता ने बताया कि सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री एक बैठक ले रहे थे, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे। उन्होंने गुरुवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था। कार्यकर्ता के अनुसार. दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक श्याम बिहारी लाल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया, उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब तीन बजे उनका निधन हो गया।
यह भी पढ़ें- KGMU के डॉक्टर रमीज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, यौन शोषण और लव जिहाद का मामला
डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं। बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया कि श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
कौन थे श्याम बिहारी लाल?
यूपी विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, 1 जनवरी 1966 को डॉ. श्याम बिहारी लाल का शाहजहांपुर में जन्म हुआ था। उन्होंने स्नातकोत्तर के साथ पीएच.डी. की उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी विद्वता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में आचार्य और पुस्तकालयाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। इसके अलावा उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की कार्य समिति के सदस्य (2017-2020) के रूप में भी सेवाएं दीं।
यह भी पढ़ें- Magh Mela 2026: जाना चाहते हैं माघ मेला? यहां जानें अपने सारे सवालों के जवाब, काम की है जानकारी
