हाथरस गैंगरेप केस के बाद भी देश में महिलाओं के साथ अत्याचार, यौन शोषण और बलात्कार की घटनाएं थम नहीं रही हैं। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में एक लड़की के साथ रेप हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता ने इस पर सवाल किया, तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली Congress सरकार में कबीना मंत्री शिव धहरिया ने उसे छोटी घटना करार दिया। बाद में उनके बयान पर विवाद हुआ, तो उन्होंने सफाई में कहा- मैंने कभी भी उस घटना को छोटा नहीं कहा।

दरअसल, मंत्री से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बलरामपुर की घटना और रमन सिंह को लेकर सवाल हुआ था। उन्होंने इसके जवाब में कहा, “रमन सिंह को जानकारी नहीं हुई है। बड़ी घटना यूपी के बलरामपुर में हुई है, न कि हमारे यहां। हमारे यहां की घटना, उस तरह की घटना नहीं है। ये छोटी घटना कोई हो गई है यहां, तो वह छत्तीसगढ़ सरकार की आलोचना के अलावा दूसरा कोई काम नहीं कर रहे हैं।”

शनिवार को उन्होंने आगे कहा, “यूपी के हाथरस में भी बड़ी घटना हुई है। रमन सिंह उस पर क्यों नहीं ट्वीट करते हैं? बलरामपुर में छोटी घटना हुई है।” सिंह ने इसी को फिर मुद्दा बनाया और मंत्री के वीडियो को टि्वटर पर शेयर कर लिखा- छत्तीसगढ़ कांग्रेस की विकृत मानसिकता देखिए! इन्हें छत्तीसगढ़ की बेटियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं छोटी लगती है। राहुल गांधी बताएं क्या छत्तीसगढ़ में घट रही दुष्कर्म की घटनाएं आपके लिए भी छोटी हैं? ऐसी घटिया सोच वाले मंत्री को आप आज हटाएंगे या कल? आखिर कब होगा न्याय?

हालांकि, विवाद बढ़ा तो मंत्री ने साफ किया, “मैंने रेप की घटना को छोटा मामला नहीं कहा। रेप हमेशा से बड़ा मामला रहा है। मैंने तो रेप के बाद जिस घटनाक्रम में चीजें हुईं, उन्हें लेकर अपना मत रखा था। मेरा मत रेप को लेकर नहीं था।”