Rajiv Gandhi: देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज जयंती है। उनका जन्म 20 अगस्त, 1944 को हुआ था। राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उनके बेटे राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस नेताओं को उनको अपने तरीके से याद किया। कई नेताओं ने उनसे जुड़े संस्मरण याद किए। इसी कड़ी में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि वो बहुत दूरदर्शी व्यक्ति थे।

अशोक गहलोत ने कहा, ‘मुझे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ काम करने का अवसर मिला। जब मैं सिर्फ 34 साल का था, तब उन्होंने मुझे प्रदेश कांग्रेस प्रमुख बनाया। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे और उन्होंने देश के विकास के लिए कई कदम उठाए।’

इससे पहले उनके बेटे राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘ पापा आपकी आंखों में भारत के लिए जो सपने थे, इन अनमोल यादों से छलकते हैं। आपके निशान मेरा रास्ता हैं – हर हिंदुस्तानी के संघर्षों और सपनों को समझ रहा हूं, भारत मां की आवाज़ सुन रहा हूं।’ इसके अलावा राहुल ने खुद पेंगोंग झील पर राजीव गांधी की एक बड़ी तस्वीर लगाकर उस पर पुष्प अर्पित किए। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

वहीं कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी दिल्ली में वीर भूमि जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी वहां मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।’ बता दें, राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने1984-89 तक देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला।

21 मई, 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी गई

बता दें, 21 मई, 1991 को राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान धनु नाम की लिट्टे की एक आत्मघाती हमलावर ने हत्या कर दी थी। एलटीटीई की महिला चरमपंथी धनु ने राजीव को फूलों का हार पहनाने के बाद उनके पैर छूए और झुकते हुए कमर पर बंधे विस्फोटकों में ब्लास्ट कर दिया।