मध्य प्रदेश उप चुनाव के नतीजे भाजपा के पक्ष में जाने पर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने इसे ईवीएम की गड़बड़ी माना है। उन्होंने कहा कि इवीएम से सिलेक्टिव छेड़छाड़ हुई है। मीडियाकर्मियों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीन टेंपर प्रूफ नहीं हैं और सिलेक्टिव छेड़छाड़ हुई है। उन्होंने कहा कि ये ऐसी सीटें हैं जिन्हें हम किसी भी परस्थिति में नहीं हारेंगे, हमें हजारों की तादाद में वोट मिले हैं। चुनाव परिणाम के संबंध में हम कल बैठक बुलाएंगे और चुनाव परिणाम का अध्ययन किया जाएगा।

चुनाव परिणाम में ईवीएम का मुद्दान उठाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस 114 सीटें जीतीं। तब ईवीएम खराब नहीं थी। वो कभी सच्चाई को स्वीकार नहीं करते। वो अपनी पार्टी की हार के लिए सिर्फ बहाने बना सकते हैं।

Bihar Election Results 2020 LIVE

बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मंगलवार को हो रही वोटों की गिनती में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 21 सीटों पर, कांग्रेस छह सीटों पर तथा बसपा एक सीट पर आगे है। राज्य के दो मंत्री एदल सिंह कंषाना (सुमावली) और गिर्राज दंडोतिया (दिमनी) अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं।

By-Election Results 2020 Live Updates

कांग्रेस नेता ने इससे पहले तीन नंवबर को कहा था कि तकनीकी युग में विकसित देश ईवीएम पर भरोसा नहीं करते। भारत और कुछ छोटे देशों में ईवीएम से चुनाव होते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि विकसित देश क्यों नहीं कराते। क्योंकि उन्हें ईवीएम पर भरोसा नहीं है, क्योंकि जिसमें चिप है, वह ‘हैक’ हो सकती है। देश में अनेक नेता समय समय पर ईवीएम को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

Bihar Election Result 2020 Live Updates

मुरैना से बसपा के उम्मीदवार राम प्रकाश राजौरिया 3,029 मतों से आगे हैं। अब तक प्राप्त रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार 21 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार छह सीटों सुमावली, दिमनी, गोहद, करैरा, ब्यावरा और आगर विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं।

इस उपचुनाव में प्रदेश सरकार के 12 मंत्री सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। कोविड-19 महामारी के भय के बावजूद तीन नंवबर को हुए मतदान में कुल 70.27 फीसदी मतदान हुआ था। (एजेंसी इनपुट)