By-Election Results 2020: मणिपुर में 2 सीट जीती BJP, हरियाणा में कांग्रेस की जीत, एमपी, यूपी, तेलंगाना में भाजपा आगे
मध्यप्रदेश की 28 और यूपी की 7 सीट के साथ ही गुजरात में 8, छत्तीसगढ़ की एक, हरियाणा की एक, झारखंड की दो, कर्नाटक की दो, नगालैंड की दो, ओडिशा की दो और तेलंगाना की एक विधानसभा सीट के लिए भी वोटों की गिनती चल रही है।

बिहार विधानसभा के साथ ही 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए आज वोटों की गिनती चल रही है। उत्तर प्रदेश में BJP ने 6 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। रुझानों में एमपी में BJP 19 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस ने 7 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं 1 सीट पर बीएसपी आगे चल रही है। तेलंगाना की दुब्बक से बीजेपी आगे चल रही है। सात चरणों की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी एम रघुनंदर राव बढ़त बनाए हुए हैं। दुमका में 12 वें राउंड तक में भाजपा प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी 450 वोट से हुईं पीछे, बसंत सोरेन को 51474 वोट मिले हैं, जबकि लुईस मरांडी को 51024 मत मिले हैं।
MP By-Election Result 2020 Live Updates
मध्य प्रदेश में 12 मंत्रियों सहित कुल 355 उम्मीदवारों की किस्मत का आज फैसला होगा। ओडिशा में बालासोर और तीर्तोल विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में बीजद प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जगतसिंहपुर जिले के तीर्तोल से शुरुआती रूझान में बीजद के बिजय शंकर दास, भाजपा के उम्मीदवार राजकिशोर बेहेरा से 1,078 मतों से आगे चल रहे हैं। मणिपुर उपचुनाव में 5 में से 2 विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की। 2 पर आगे चल रही है और 1 सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत ली है।
UP By-Election Result 2020 Live Updates
मध्यप्रदेश में इस उपचुनाव से शिवराज सिंह चौहान की सरकार का भविष्य तय होना है। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा यूपी की सात विधानसभा सीटों पर परिणाम योगी आदित्यनाथ सरकार की स्थिति को बताएंगे। गुजरात में इस साल जून में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के मौजूदा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। इनमें से पांच बाद में भाजपा में शामिल हो गये थे और वे फिर चुनाव लड़ रहे है। छत्तीसगढ़ में अजित जोगी के निधन के कारण उपचुनाव हुआ है। झारखंड की दो में से एक सीट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गृह क्षेत्र दुमका में उनके छोटे भाई बसंत सोरेन और बीजेपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री लुइस मरांडी के बीच मुकाबला है।
Highlights
मध्य प्रदेश उपचुनावों में बीजेपी ने 1 सीट पर जीत दर्ज की. इसके अलावा बीजेपी 19 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस 7 सीटों पर आगे चल रही है जबकि 1 सीट पर बसपा आगे चल रही है। मध्य प्रदेश उपचुनावों पर बोले सीएम शिवराज सिंह चौहान- प्रदेश की जनता का और मेरा आत्मीयता का, प्रेम का और स्नेह का रिश्ता है। मुझे पूरा विश्वास था कि भाजपा को भारी विजय मिलने वाली है। जहां हम जीत रहे हैं वहां अधिकांश सीटों पर 40-50 हजार वोटों से जीत रहे हैं।
हरियाणा में उपचुनावों में हार के बाद बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले अंतर्राष्ट्रीय रेसलर योगेश्वर दत्त ने कहा है कि मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। मैं कारण नहीं जानता लेकिन यह जनता का फैसला है। मैंने काफी मेहनत की थी। मैंने चुनाव जीतने वाली कांग्रेस की इंदू राज नरवाल को बधाई दे दी है।
झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस पार्टी और एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा आगे चल रही है।
मध्य प्रदेश में बीजेपी को 21 सीटों पर बढ़त हासिल है, जिसके बाद यहां पार्टी के समर्थकों व कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। इंदौर में पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने ढोल नगाड़े के साथ नाच-गाकर जश्न मनाया।
दुमका में 11वें राउंड के बाद झामुमो के बसंत सोरेन को 46517 वोट मिले, जबकि भाजपा की लुईस मरांडी को 47625 वोट मिले हैं। लुईस मरांडी 1108 मतों से आगे हैं।
आठवें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज 5902 मतों से आगे।नौवें राउंड में भी बनाई 8191 मतों की बढ़त।10वें राउंड में योगेश्वर दत्त कांग्रेस प्रत्याशी से 9237 मतों से पीछे।11वें राउंड में भी कांग्रेस प्रत्याशी ने बनाई 10305 मतों की बढ़।12वें राउंड में योगेश्वर दत्त 9458 मतों से पीछे।17वें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी 8946 मतों से आगे।
अबडासा, लींबड़ी, मोरबी, धारी, गढ़ड़ा, करजान, डांग, कपराडा। गुजरात की ये आठ सीटें कांग्रेस के विधायकों के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थीं। इन विधायकों ने जून में बीजेपी जॉइन कर ली थी। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस के लिए इन सभी सीटों को वापस पाना बड़ी चुनौती होगा। कम से कम छह या सात सीटों पर बीजेपी को जीत मिल सकती है।
यूपी में विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव के लिए निर्दलीय समेत कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला भी आज होना है। गुजरात में आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतों गिनती भी हो रही है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ की एक, हरियाणा की एक, झारखंड की दो, कर्नाटक की दो, नगालैंड की दो, ओडिशा की दो और तेलंगाना की एक विधानसभा सीट के लिए भी मतों की गिनती हो रही है।
मणिपुर में जहां बीजेपी ने 2 सीटें जीत ली हैं और दो अन्य पर आगे है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी ने एक सीट पर जीत हासिल की है। यहां विधानसभा की पांच सीटों के लिए उपचुनाव हुए।
तेलंगाना की दुब्बक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को संपन्न हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह मतगणना शुरू हुई, जिसमें सात चरणों की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी एम रघुनंदर राव बढ़त बनाए हुए हैं। राव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की प्रत्याशी सोलीपेटा सुजाता से 2,485 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। गिनती 23 चरणों के बाद पूरी होने की संभावना है। इस सीट से निर्वाचित हुए टीआरएस के विधायक सोलीपेटा रामालिंगा रेड्डी का अगस्त में निधन होने की वजह से तीन नवंबर को यहां मतदान कराया गया। टीआरएस ने इस सीट से रामालिंगा रेड्डी की पत्नी सुजाता को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर 20 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला राज्य में सत्तारूढ़ टीआरएस, भाजपा और कांग्रेस के बीच है।
पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में बीजेपी 1 सीट पर चुनाव जीत चुकी है, जबकि तीन सीटों पर वह आगे चल रही है। यहां 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को बढ़त है। यहां विधानसभा की पांच सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, उपचुनाव में ओडिशा की दो विधानसभा सीटों पर बीजू जनता दल आगे चल रही है।
गुजरात में विधानसभा की 8 सीटों के लिए उपचुनाव कराया गया, जहां सभी सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। यहां कांग्रेस को एक सीट पर शुरुआती रूझानों में बढ़त मिली थी, लेकिन अब सभी जगह बीजेपी ने बढ़त बना ली है।
नगालैंड की दक्षिणी अंगामी-1 और पुंगरो किफिरे विधानसभा सीटों पर अभी जारी उपचुनाव की मतगणना के हिसाब से, निर्दलीय उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई हुई है।
तेलंगाना की एक विधानसभा सीट पर अब तक BJP ने लगातार बढ़त बनाए रखी है।ओडिशा में बालासोर और तीर्तोल विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में बीजद प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जगतसिंहपुर जिले के तीर्तोल से शुरुआती रूझान में बीजद के बिजय शंकर दास, भाजपा के उम्मीदवार राजकिशोर बेहेरा से 1,078 मतों से आगे चल रहे हैं। दास को अब तक 3,852 वोट मिले हैं, जबकि बेहेरा को 2,774 वोट मिले हैं। कांग्रेस के उम्मीदवार हिमांशु भूषण मल्लिक को 442 वोट मिले हैं।
मध्य प्रदेश में वोटों की गिनती जारी है, जिसमें बीजेपी को 19 सीटों पर बढ़त है। कांग्रेस 8 सीटों पर आगे है, पर पार्टी को जीत का यकीन है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अब तक के रूझानों पर कहा कि यह डाक मत-पत्रों की गिनती है, ईवीएम को खुलने दीजिये।
एमपी के भांडेर से कांग्रेस उम्मीदवार फूलसिंह बरैया आगे चल रहे हैं। अशोकनगर-मुंगावली विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को पहले राउंड के बाद 5383 की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक गुजरात विधानसभा उपचुनाव में 8 सीटों में से 2 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है। वहीं यूपी में दो सीटों पर बीजेपी तो वहीं एक सीट पर समाजवादी पार्टी आगे चल रही है। कर्नाटक उपचुनाव में आर.आर. नगर विधानसभा सीट पर भाजपा आगे है।
कर्नाटक की आरआर नगर विधानसभा सीट पर भाजपा आगे चल रही है। मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय लाम्फेलपात में वांगोइ में हुए उपचुनाव के मतदान की काउंटिंग जारी। फिलहाल वांगोइ विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। आज मणिपुर में 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। सिरा विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव के मतदान की गिनती जारी।
कोरोना संक्रमण की गाइड लाइन का पालन करते हुए 19 जिला मुख्यालय पर मतगणना हो रही है। मतगणना का सिलसिला डाकमत पत्रों की गिनती के साथ हुआ है। मतगणना के प्रत्येक राउंड में 14-14 टेबिल लगाई गई है। राजगढ़ में एक हॉल में 14 टेबिल, गुना में तीन हॉल में से एक हॉल में छह और दो हॉल में चार-चार टेबिल और शेष 17 जिलों में सात-सात टेबिल के दो हॉल में मतगणना हो रही है।
मध्य प्रदेश में 2003 के विधानसभा चुनाव के बाद से 16 सालों में 31 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए पर यह पहला मौका है, जब एक साथ 28 सीटों के उपचुनाव सत्ता का भविष्य तय करेंगे।
बिहार चुनाव के नतीजों के लिए पहला रुझान में आने वाला है। इस बार तेजस्वी यादव जीतेंगे या होगी जदूय-भाजपा की वापसी? थोड़ी में देर में इसपर तस्वीर साफ हो जाएगी।