IRS Officer Arrested: दिल्ली पुलिस ने एक IAS अधिकारी का पीछा करने और उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक IRS अधिकारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आईआरएस अधिकारी के खिलाफ IPC की धारा 154, 354-D, 506 के तहत मामला दर्ज किया है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आईआरएस अधिकारी उसके संपर्क में तब आया था, जब वह 2020 में एक कोविड-19 सहायता समूह में काम कर रही थी। उसने आरोप लगाया कि आरोपी अधिकारी ने कई बार उसके करीब आने की कोशिश की, लेकिन उसने इसको नजरअंदाज किया।

मैसेज करता था आरोपी IRS अफसर

पीड़िता ने आगे बताया कि जब उसके पति को इसके बारे में पता चला तो उसने आरोपी IRS से बात की और उसे अपने आचरण में सुधार लाने के लिए कहा। उसने कहा कि आरोपी कथित तौर पर उसे परेशान करता रहा और मिलने के लिए उसे मैसेज करता रहा। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी उससे (पीड़िता) उसके कार्यालय में मिलने भी आया और उसे अपने साथ संबंध बनाने के लिए डराने की कोशिश की।

दिल्ली सरकार के अस्पताल में सामने आया था यौन उत्पीड़न का मामला

4 मई, 2023 को भी दिल्ली में यौन उत्पीड़न का ऐसा ही एक मामला सामने आया था। दिल्ली सरकार के एक अस्पताल की 40 वर्षीय कर्मचारी का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी थी। आरोपी द्वारा महिला के साथ बर्बरता की खबरों पर एक अधिकारी ने कहा था कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच या अब तक की जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया है और महिला ने भी अपने बयान में ऐसी किसी हरकत का आरोप नहीं लगाया है।

यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे: बृजभूषण शरण सिंह

भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जिसको लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर से बयान दिया है। बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए सिंह ने कहा कि अगर आरोप साबित होते हैं तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। हम दिल्ली से लेकर हरियाणा तक घिरने वाले नहीं हैं, जो भी लोग साजिश कर रहे हैं, मुंह के बल गिर चुके हैं।