29 January Highlights: दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन हुआ। बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी से गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आयोजन में शामिल हुए। बजट सेशन 2026 का आज दूसरा दिन है। लोकसभा में गुरुवार को आर्थिक सर्वे पेश किया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस आर्थिक सर्वेक्षण को सदन में पेश किया, इसमें जीडीपी ग्रोथ, महंगाई, बैंक-एग्रीकल्चर समेत तमाम क्षेत्रों के प्रदर्शन का जिक्र किया गया है।
बुधवार सुबह विमान हादसे में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार आज बारामती में किया गया। अजित पवार के अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह और राज ठाकरे समेत कई बड़े नेता शामिल रहे। वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के निधन के बाद घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक का जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और ये पांच फरवरी को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम को असम के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। यह एक महीने के भीतर राज्य की उनकी दूसरी यात्रा है। इस दौरान वे बुनियादी ढांचे, वन्यजीव संरक्षण और सांस्कृतिक मेल-जोल से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। अमित शाह इस दौरान डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे।
अगर आज चुनाव हुए तो एनडीए को मिलेंगी कितनी सीटें?
इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन पोल में सामने आया कि अगर आज चुनाव होते हैं, तो बीजेपी को अकेले दम पर फिर से बहुमत मिल सकता है। ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे के अनुसार भाजपा 287 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। वहीं कांग्रेस को 80 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी एनडीए को निर्णायक बढ़त मिलने की संभावना है। एनडीए गठबंधन को 352 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि इंडिया ब्लॉक को 182 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य दलों को 9 सीटें मिलने की संभावना है।
फोन टैपिंग के मुद्दे पर तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष का बयान
फोन टैपिंग के मुद्दे पर तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बोम्मा महेशकुमार गौड़ ने कहा, "केसीआर को नोटिस भेजना एसआईटी जांच का अभिन्न अंग है। अब केसीआर की बारी है कि वे एसआईआर के सामने पेश हों, क्योंकि वे पिछले 10 वर्षों से मुख्यमंत्री थे और उनके कार्यकाल के दौरान फोन टैपिंग हुई थी। एसआईटी अपना काम कर रही है; देखते हैं इसका क्या नतीजा निकलता है।"
तीनों सेनाओं ने राष्ट्रपति मुर्मू को दिया नेशनल सैल्यूट
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी में कदम कदम बढ़ाए जा, विजय भारत और अन्य गीतों ने लोगों को देशभक्ति की भावना से भर दिया। इस दौरान सेना के शौर्य का प्रदर्शन भी देखने को मिला।
सुप्रीम कोर्ट ने सही फैसला लिया- अधीर रंजन चौधरी
सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 पर रोक लगाने पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने सही फैसला लिया है।"
संगीत और सैन्य परंपराओं का अद्भुत संगम
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी हर साल 29 जनवरी को आयोजित किया जाता है। यह एक तरीके से गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक तौर पर समापन का प्रतीक माना जाता है। इस समारोह में संगीत और सैन्य परंपराओं का अद्भुत संगम दिखता है।
दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आयोजन में शामिल हुए।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम का बड़ा बयान
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम ने कहा, "अलग पार्टी बनाने या स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के संबंध में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जनता के बीच अनावश्यक भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। थेनी जिले ने ही एमजीआर और जयललिता को मुख्यमंत्री बनाया था। यह एआईएडीएमके का गढ़ है। हमारी सर्वोपरि मांग है कि पार्टी के प्रति निष्ठावान सभी लोग एआईएडीएमके में एकजुट हों। हम सब एकजुट हैं या नहीं, यह कादंबुर राजू के फैसले से जनता को पता चल जाएगा।"
एसआईआर को संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला सुरक्षित
सुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने के भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के निर्णय की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं के एक समूह पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
टी एस सिंह देव का यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन पर बयान
सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 पर रोक लगाने के बाद कांग्रेस नेता टी एस सिंह देव ने कहा, "समाज के एक वर्ग का दशकों से सबसे अधिक शोषण हुआ है, और उनकी सुरक्षा के लिए अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति संरक्षण अधिनियम और महिला सुरक्षा अधिनियम जैसे कानून बनाए गए हैं, साथ ही यूजीसी के दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं जिनमें समय-समय पर कई बदलाव और सुधार हुए हैं। यूजीसी ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए नियम बनाए हैं। मुझे जो एक बड़ी खामी नजर आती है, वह यह है कि 2012 के नियमों में झूठी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान था, जिसे नए नियमों में हटा दिया गया है।"
अजित पवार का अंतिम संस्कार
महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में शोकाकुल लोगों ने बृहस्पतिवार को अपने प्रिय नेता उपमुख्यमंत्री अजित पवार को अंतिम विदाई दी। पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के लिए आए लोगों से खचाखच भरे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पवार के बेटों पार्थ और जय ने चिता को मुखाग्नि दी।
बीजापुर में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शवों के साथ एक एके 47 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल, अन्य हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
खड़गे और राहुल से मिले थरूर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने नाराजगी की खबरों के बीच बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और कहा कि सब कुछ ठीक है और सब एकसाथ हैं। संसद भवन स्थित खड़गे के कार्यालय में यह मुलाकात हुई। थरूर ने इस मुलाकात को बहुत अच्छी, सार्थक और सकारात्मक करार दिया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "सब कुछ ठीक है और हम सब एकसाथ आगे बढ़ रहे हैं।"
दिल्ली में पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन तलाशी ली। दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग ने पुष्टि की कि दिल्ली छावनी स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट, चित्तरंजन पार्क के डॉन बोस्को तथा आनंद निकेतन और द्वारका में स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूलों को बम की धमकी मिली है।
बीजेपी कैंडीडेट ने जीता चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव
भारतीय जनता पार्टी के पार्षद सौरभ जोशी बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में नए महापौर चुने गए। त्रिकोणीय मुकाबले में जोशी को 18 वोट मिले, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढिंगरा को 11 वोट मिले जबकि कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को सात वोट मिले।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया आर्थिक सर्वे
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा पेश की। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल समाप्त होते ही सदन में आर्थिक समीक्षा प्रस्तुत की। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आवश्यक कागजात प्रस्तुत कराए।
पीएम मोदी के संबोधन पर कांग्रेस
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के हर सत्र की तरह इस बार भी पाखंड से भरा "देश के नाम संदेश" दिया है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: अजित पवार की मौत पर संजय राउत ने क्या कहा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की विमान दुर्घटना में हुई मौत पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, "अहमदाबाद में इतनी बड़ी दुर्घटना हुई। आखिर हुआ क्या? जांच शुरू की गई, लेकिन क्या कुछ सामने आया? सच्चाई हम सबके सामने आनी चाहिए, जनता के सामने। यह कैसे हुआ? तकनीकी खराबी क्या थी? यह सब सामने आना चाहिए। विमान में कोई तकनीकी खराबी थी, रडार सिस्टम में कोई समस्या थी या हवाई अड्डे पर कुछ गड़बड़ थी तो फिर क्या? अगर दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है, तो हम सभी को इसके मूल कारणों का पता लगाना होगा।"
यूजीसी के नियम देरी से लागू किए गए लेकिन स्वागत योग्य कदम- स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि यूजीसी (उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा) विनियम, 2026 को देरी से लागू किया है लेकिन यह गहरे तक जड़ें जमाए भेदभाव की भावना और संस्थागत उदासीनता से ग्रस्त उच्च शिक्षा प्रणाली में सुधार की दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन विनियमों को मजबूत किया जाना चाहिए और साथ ही इनमें मौजूद संरचनात्मक कमियों को दूर करने के लिए इनमें संशोधन भी किया जाना चाहिए तथा इन्हें वास्तविक जवाबदेही के साथ लागू किया जाना चाहिए।
बजट सत्र को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा
संसद के बाहर पीएम मोदी ने कहा, "राष्ट्रपति का अभिभाषण देशवासियों की आवाज, उम्मीद है सांसदों ने इसे गंभीरता से लिया होगा। राष्ट्रपति ने कई मार्गदर्शक बातें रखीं।"
'अजित दादा अमर रहे' के नारे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान ले जाया गया। इस दौरान उनके समर्थकों ने 'अजित दादा अमर रहे' के नारे लगाए। उनके बेटे जय पवार, भतीजे रोहित पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
उड़ान संकट पर क्या बोले इंडिगो के सीईओ
2025 के इंडिगो उड़ान संकट पर इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा, "उन तीन दिनों में हमने अपने ग्राहकों को निराश किया और हम इसके लिए माफी मांगते हैं। पांचवें दिन, हमने अपने नेटवर्क को फिर से व्यवस्थित करना शुरू किया। इसके बाद के दिनों में हमने फिर से नेटवर्क को पटरी पर लाने की कोशिश की। 9 तारीख तक, हमारा परिचालन फिर से स्थिर हो गया था... हमने सभी को समय पर सूचित करने, वैकल्पिक व्यवस्था करने और उन्हें दूसरी उड़ान में स्थानांतरित करने का प्रयास किया। दिसंबर के अंत तक, हम प्रतिदिन 3.7-3.8 लाख ग्राहकों को सेवा देने में सक्षम हो गए थे।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: बेंगलुरु जा रही एक निजी बस में आग
होसानगर से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस में आग लग गई, जिसमें कम से कम 10 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। बस में 36 यात्री सवार थे। इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
कोलंबिया विमान दुर्घटना
कोलंबिया के पूर्वोत्तर में नॉर्टे डी सैंटेंडर प्रांत के ग्रामीण इलाके में बुधवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार एक सांसद समेत सभी 15 लोगों की मौत हो गई।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: जांच में कोई समस्या नहीं- भाजपा सांसद
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अजित पवार के विमान हादसे की जांच की मांग पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, "यह हादसा दुखद है। देश को भारी क्षति हुई है इसलिए यह चिंता का विषय है। इसकी जांच में कोई समस्या नहीं है। हमें इस हादसे पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।"
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार से पहले उनके काटेवाड़ी स्थित पैतृक आवास पर लाया गया।
एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य काटेवाड़ी स्थित आवास पर पहुंच गए हैं।वे चुनाव नहीं करवा रहे- टीकाराम जूली
राजस्थान के LoP और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा, "हमारे विधायक बैठकर तय करेंगे कि आने वाला सेशन कैसे चलेगा और हमें कौन से मुद्दे उठाने हैं? सत्ताधारी पार्टी लगातार यह धारणा बनाने की कोशिश कर रही है कि विपक्ष उन्हें सदन नहीं चलाने दे रहा है। जबकि हम चाहते हैं कि सदन चले, हम जनता के मुद्दे उठाएंगे... पंचायत राज चुनाव पांच साल के अंदर होने चाहिए। पांच साल बीत गए, फिर साढ़े पांच साल बीत गए, और अब छह साल बीत गए हैं। वे चुनाव नहीं करवा रहे हैं। अगर वे सेशन खत्म होने के बाद चुनाव नहीं करवाते हैं, तो हम भूख हड़ताल करेंगे।"
अजीत पवार को हमेशा याद किया जाएगा- ओम बिरला
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजीत पवार के निधन पर दुख जताया है। अपने शोक संदेश में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, "महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजीत पवार और विमान दुर्घटना में मारे गए अन्य लोगों का असमय निधन बहुत दुखद है। अजीत पवार महाराष्ट्र की बारामती संसदीय सीट से 10वीं लोकसभा के सदस्य भी रह चुके थे। अजीत पवार को कोऑपरेटिव सेक्टर, जन कल्याण और राज्य के विकास में उनके काम के लिए हमेशा याद किया जाएगा।"
अजित पवार का महाराष्ट्र और देश के विकास में बड़ा योगदान- पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज सुबह महाराष्ट्र में एक दुखद विमान हादसा हुआ है। इस हादसे ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार जी और कुछ दोस्तों को हमसे छीन लिया है। अजीत दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने हमेशा सक्रिय होकर काम किया। मैं अजीत पवार जी के परिवार और आज जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
अमेरिका के दौरे पर जाएंगे विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस जयंशकर अगले हफ्ते अमेरिका के दौरे पर जाएंगे।
बीटिंग रिट्रीट रिहर्सल के लिए दिल्ली मेट्रो के गेट और सड़कें बंद रहेंगी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (DMRC) ने बुधवार को बताया कि 2026 के बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते रफी मार्ग की ओर जाने वाले उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों के निकास द्वार 28 और 29 जनवरी को चार घंटे के लिए बंद रहेंगे। इसमें कहा गया है कि ये गेट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे।

