लोकसभा सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने केंद्र की मोदी सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने विकास दर के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने यहां आए केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के साथ बैठे निशंक ने संवाददाताओं से कहा, मेरा मानना है कि आज हमने विकास की दर में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है, इससे बड़ी उपलब्धि देश में और क्या हो सकती है।
उन्होंने कहा, प्रधानमंती नरेंद्र मोदी के निर्देश पर हम सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी देश की जनता को देने आये हैं। यह तो वही सरकार कर सकती है जिसमें दम होगा और जिसने काम किया होगा। शिक्षा, चिकित्सा, बेरोजगारी, और किसानों की हालत सुधारने सहित अनेक क्षेत्रों में सरकार ने बहुत काम किया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी सरकार ने देश के किसानों की चिंता नहीं की जबकि प्रधानमंत्री मोदी दो साल की अंदर ही देशभर में किसान हितैषी फसल बीमा योजना इस वर्ष अप्रैल से लागू कर चुके हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अगले पांच साल में देश के किसान की आय दुगनी करने का लक्ष्य तय किया है।
निशंक ने कहा कि मोदी सरकार आने के पहले देश में विदेशी निवेश कम हो रहा था तथा मोदी सरकार आने के बाद दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और भारत में विदेशी निवेश भी बढ़ने लगा। उन्होंने कहा, आज दुनिया का मोदी और भारत पर भरोसा कायम हुआ है तथा विदेशी निवेश के मामले में अमेरिका, जापान और चीन भारत से पीछे छूट ग हैं। अब दुनिया भर में यहां तक अरब देशों में भी भारत माता की जय की नारे लगते हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आलोचना करने वालों का तो काम ही आलोचना करना है लेकिन अगर तटस्थ समीक्षा और विश्लेषण किया जाए तो केंद्र सरकार के दो वर्ष हिंदुस्तान की धरती पर विकास की नई करवट के रूप में देखें जाएंगे। इसमें भारत शिखर की ओर बढ़ने के लिए गतिशील हुआ है।