कोरोना संकट के बीच महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक अनोखी शादी देखने को मिली। 2 मई को शहर के अमोनोरा क्लब में हुई इस शादी में स्थानीय पुलिसवाले बाराती बनकर पहुंचे। दरअसल कोरोना के तेजी से बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया गया है। लॉकडाउन की स्थिति में दूल्हा-दुल्हन के रिश्तेदारों का इस शादी में शामिल होना संभव नहीं था। ऐसे में स्थानीय पुलिसवाले न सिर्फ बाराती बने, बल्कि एक पुलिस अफसर ने लड़की का कन्यादान भी किया।

हिन्दी अखबार दैनिक भास्कर की एक खबर के मुताबिक पुणे में रहने वाले आईटी इंजीनियर आदित्य सिंह बिष्ट और डॉक्टर नेहा कुशवाहा ने रविवार को शादी कर ली। दोनों की सगाई फरवरी में हो चुकी थी और शादी की तारीख 2 मई को तय हुई थी। इस शादी की सबसे खास बात यह है कि दूल्हा-दुल्हन दोनों के पिता सेना में कार्यरत हैं और वे शादी में नहीं आ सकते थे। लड़के के पिता सेना में कर्नल हैं और उनकी पोस्टिंग इन दिनों देहरादून में है। वहीं लड़की के पिता सेना में डॉक्टर हैं और नागपुर में पोस्टेड हैं। अब लॉकडाउन के चलते दोनों के माता-पिता शादी में शामिल नहीं हो पाए तो उन्होंने स्थानीय पुलिस से लड़की का कन्यादान करने का अनुरोध किया।

सेना के अधिकारियों के अनुरोध पर पुलिस ने शादी का आयोजन किया और लड़की का कन्यादान भी किया। इस शादी के दौरान लॉकडाउन के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया। बता दें पुणे में अब तक कोरोना संक्रमण के कारण 103 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मामले महाराष्ट्र में ही हैं। महाराष्ट्र में 12 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव हैं। यह कुल संक्रमितों का 31% है। इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से राज्य में अबतक 400 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 1000 से ज्यादक नये मामले सामने आये और 26 लोगों की मौत हो गयी जबकि 137 मरीजों के स्‍वस्‍थ होने के बाद उन्‍हें अस्‍पताल से घर भेज दिया गया।

कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इन लिंक्स पर क्लिक करें | गृह मंत्रालय ने जारी की डिटेल गाइडलाइंस क्या पालतू कुत्ता-बिल्ली से भी फैल सकता है कोरोना वायरस? | घर बैठे इस तरह बनाएं फेस मास्क | इन वेबसाइट और ऐप्स से पाएं कोरोना वायरस के सटीक आंकड़ों की जानकारी, दुनिया और भारत के हर राज्य की मिलेगी डिटेल । क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?