देश में कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रकोप को रोकने के लिए सभी राज्य सरकारें हर संभव कोशिश कर रहीं हैं। इसी बीच हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने राज्य में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों के लिए देश की राजधानी दिल्ली को जिम्मेदार ठहराया है। विज के मुताबिक दिल्ली में नौकरी करने वाले हरियाणा के लोग पास बनवाकर रोजाना वहां से आते हैं। ऐसे में हरियाणा में कोरोना बढ़ रहा है। विज ने आरोप लगाया है कि दिल्ली से कर्मचारी कोरोना लाकर हरियाणा में फैला रहे हैं। इसके मद्देनजर विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर अपने कर्मचारियों को राजधानी में ही ठहरवाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

अनिल विज ने केजरीवाल से हरियाणा और देश की राजधानी के बीच दैनिक यात्रियों को नियंत्रित करने की व्यवस्था करने को कहा। यहां तक कि उन्होंने दिल्ली सरकार पर यह भी आरोप लगाया है कि उनके कारण ही राज्य में तबलीगी जमात के लोग घुसे और राज्य में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़ाई।

Coronavirus in India Live Updates:  यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े सभी लाइव अपडेट….

विज ने कहा, पहले तबलीगी जमात के लोग दिल्ली से हरियाणा आए थे, इनमें 120 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गए थे। उन्होंने दावा किया है कि सोनीपत में 9 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाये गए हैं वे सभी दिल्ली से आए थे। इस बीच हरियाणा ने सभी अंतरराज्यीय सीमाओं, विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बॉर्डर सील कर दिए हैं।

विज ने कहा, “हमने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर सील कर दिए हैं। किसी को भी अब आने-जाने की इजाजत नहीं है। लेकिन केंद्र सरकार की एडवाइजरी के चलते पास लेकर वाले शख्स को नहीं रोका जा सकता है। इसलिए दिल्ली सरकार लोगों को पास जारी न करें, बल्कि उनको वहीं रखें।”

अनिल विज की टिप्पणी पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि ऐसा कहना सही नहीं है। दिल्ली में कई लोग राष्ट्रीय राजधानी की सीमा से सटे इलाकों में काम करते हैं और वहां रहने वाले लोग दिल्ली में काम करते हैं। काम के चलते उन्हें यहां से वहां जाना ही होगा। बहुत से ऐसे लोग जो दिल्ली में काम करते हैं लेकिन हरियाणा में रहते हैं वे भी कोरोना कैरियर्स हैं।

बता दें देश में कोरोना बहुत तेजी से पैर पसार रहा है। देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या सोमवार को 872 हो गई और संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 27,892 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 20,835 लोग अब भी संक्रमण की चपेट में हैं जबकि 6,184 लोग ठीक हो चुके हैं और एक व्यक्ति विदेश चला गया है। कुल मामलों में 111 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इन लिंक्स पर क्लिक करें | गृह मंत्रालय ने जारी की डिटेल गाइडलाइंस क्या पालतू कुत्ता-बिल्ली से भी फैल सकता है कोरोना वायरस? | घर बैठे इस तरह बनाएं फेस मास्क | इन वेबसाइट और ऐप्स से पाएं कोरोना वायरस के सटीक आंकड़ों की जानकारी, दुनिया और भारत के हर राज्य की मिलेगी डिटेल । क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?