बारिश इन दिनों किसी के लिए राहत है तो किसी के लिए आफत। इस आर्टिकल में हम आपको बताएं कि किन प्रदेशों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 24 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 तापमान डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार से इस पूरे हफ्ते तक मौसम साफ रहेगा। गौरतलब है कि 23 अगस्त को दिल्ली में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। बारिश के कारण बुधवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
यूपी की बात करें तो राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश जारी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी में भी 24 अगस्त यानी गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। यहां बरेली शहर में भीषण बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आज कक्षा एक से 8वीं तक स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं 25 अगस्त को मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि मध्य प्रदेश 4 जिलों डिंडोरी, छतरपुर, निवाड़ी और भिंड में बेहद भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 घंटे के भीतर पूर्वोत्तर के राज्यों, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, कोंकण और गोवा में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा के कई राज्यों में मध्यम के साथ भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान में भी गुरुवार को बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के 8 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश से बुरा हाल है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तराखंड के 8 जिलों टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश हो सकती है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण ही बुधवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे को नौ घंटे तक बंद करना पड़ा। लैंड स्लाइड के कारण मलबा सड़क पर आ गया था। इस कारण यातायात बाधित हुआ औऱ लोगों को परेशानी हुई।
अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में एक्टिव रहेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में मानसून एक्टिव रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की और चल रहा है। अगले कुछ दिनों तक यही हालात रहने वाले हैं। इसी कारण दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश,जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, केरल और उत्तर प्रदेश में 28 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
हिमाचल में भारी बारिश से दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। शिमला में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश से प्रदेश में दो बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई है। लैंडस्लाइड से यहां बुरा हाल हैं। कई लोगों के घऱ मलबे में तब्दील हो चुके हैं। यातायात बाधित है। कुल 5 नेशनल हाईवे सहित 709 सड़कें अभी भी बंद बंद हैं। यहां मंगलवार को बारिश शुरू हुई जो बुधवार पूरे दिन होती रही। यहां भी भारी बारिश के आसार हैं।