Rajasthan Assembly Polls: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को राजस्थान के जयपुर में चुनावी शंखनाद किया। नड्डा ने यहां राजस्थान की कांग्रेस सरकार के खिलाफ ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान की शुरुआत की। नड्डा ने अभियान और एक ‘थीम वीडियो’ भी जारी किया, जिसमें महिलाओं के खिलाफ अपराध, उदयपुर के कन्हैया लाल की हत्या, सांप्रदायिक दंगे और अन्य मुद्दों पर प्रकाश डाला गया है। नड्डा ने राज्य सरकार का ‘फेल कार्ड’ भी जारी किया। बीजेपी का यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि ये सरकार (गहलोत सरकार) लूटने वाली, अत्याचार करने वाली और कुशासन लाने वाली सरकार है। ऐसी सरकार को एक मिनट भी रहने का अधिकार नहीं है और आने वाले नवंबर में आप इस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएंगे, इस बात का मुझे विश्वास है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पैसा भेजना, गरीबों का हिस्सा मारना, सरेआम भ्रष्टाचार को आगे बढ़ाना और भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाना। ये गहलोत सरकार के काम करने का चाल चरित्र है।
नड्डा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यूपीए का मतलब ‘उत्पीडन, पक्षपात और अत्याचार’ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में गहलोत सरकार ने कुशासन का झंडा बुलंद किया है, भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाएं हैं। गरीबों, दलितों, महिलाओं, आदिवासियों और बच्चों पर अत्याचार के मामले राजस्थान की गहलोत सरकार ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
नड्डा ने कहा कि हमने तय किया है कि ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत हम 2 करोड़ लोगों तक पहुंचने का काम करेंगे, जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे। और भ्रष्टाचार मुक्त, विकास युक्त सरकार राजस्थान में बनाएंगे। नड्डा ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि हम राजस्थान के किसानों का कर्ज माफ करेंगे, लेकिन कर्ज तो माफ नहीं हुए बल्कि 19,500 किसानों की भूमि गहलोत सरकार द्वारा कुर्क कर ली गई।
जेपी नड्डा ने कहा कि अकेले 2022 में 8,000 से ज्यादा मुकदमें यहां दलितों पर दर्ज किए गए हैं। पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के घरों को बुल्डोजर से ढहाने का पक्षपातपूर्ण और वोटबैंक की राजनीति को आगे बढ़ाने का काम राजस्थान सरकार ने किया है। वहीं रोहिंग्याओं को यहां बसाने और उनका नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने का काम भी गहलोत सरकार कर रही है। बता दें, साल के अंत में राजस्थान में विधानसभा चुनाव हैं। इसी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।