अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पूर्व Congress चीफ राहुल गांधी की योग्यता पर टिप्पणी की है। अपनी नई किताब ‘ए प्रॉमिस लैंड’ में उन्होंने कहा है कि गांधी उस स्कूली बच्चे की तरह हैं, जो मास्टर को खुश रखना चाहता है पर उतनी जानकारी नहीं रखता है।

ओबामा ने लिखा है, “कांग्रेस नेता राहुल गांधी में एक ऐसे ‘घबराए हुए और अनगढ़’ छात्र के गुण हैं जो अपने शिक्षक को प्रभावित करने की चाहत रखता है लेकिन उसमें ‘विषय में महारत हासिल’ करने की योग्यता और जूनून की कमी है।” संस्मरण में ओबामा ने राहुल की मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी जिक्र किया है।

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति की किताब में इसके अलावा देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के साथ कुछ और बड़ी नामी हस्तियों का जिक्र मिलता है। ओबामा का यह 768 पेज का मेमॉइर 17 नवंबर को रिलीज होगा। शुक्रवार को अमेरिका के ‘The New York Times’ ने इसके कुछ हिस्सों के साथ इसका रिव्यू प्रकाशित किया है।

‘NYT’ ने समीक्षा में कहा है, ‘‘हमें चार्ली क्रिस्ट और रहम एमैनुएल जैसे पुरुषों के हैंडसम होने के बारे में बताया जाता है, लेकिन महिलाओं के सौंदर्य के बारे में नहीं। सिर्फ एक या दो उदाहरण ही अपवाद हैं जैसे सोनिया गांधी।’’

समीक्षा में कहा गया है कि अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री बॉब गेट्स और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दोनों में बिलकुल भावशून्य सच्चाई/ईमानदारी है। इसमें कहा गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ओबामा को शिकागो मशीन चलाने वाले मजबूत, चालाक बॉस की याद दिलाते हैं। पुतिन के बारे में ओबामा लिखते हैं, ‘‘शारीरीक रूप से वह साधारण हैं।’’

हालांकि, बुक में राहुल के नाम आने के बाद सोशल मीडिया खासकर टि्वटर पर राहुल गांधी ट्रेंड हुए। कुछ लोगों ने उनके मजे लिए, जबकि कुछ उनकी कड़ी निंदा करते नजर आए।

@rahulroushan ने किताब में राहुल पर की गई ओबामा की उसी टिप्पणी का स्क्रीनशॉट शेयर किया। साथ ही लिखा- ओबामा ने राहुल के बारे में ये लिखा है। हमारे राजकुमार को कम आंकने की उन अमेरिकी की हिमाकत कैसे हुई?

पत्रकार आरती टिक्कू सिंह ने राय देते हुए ट्वीट किया, “भारत में राहुल समर्थक हाल ही में ट्रंप पर भड़क रहे थे। ऐसा इसलिए, क्योंकि उन्होंने भारत की हवा गंदी को बताया था। अब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राहुल गांधी पर टीका-टिप्पणी की है। उन्होंने दूसरे शब्दों मेंलगभग यह तक कह दिया किया कि ‘अगली बार भी नहीं राहुल गांधी की सरकार!’ क्या अब उनके चाहने वाले ओबामा के खिलाफ गुस्सा जाहिर करेंगे?”

बता दें कि अमेरिका के पहले अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने अपने कार्यकाल में दो बार 2010 और 2015 में भारत की यात्रा की थी। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)